विज्ञापन

U19 Asia Cup 2026 Prize Money: चैंपियन भारत और रनर-अप पाकिस्तान को कितनी मिलेगी इनामी राशि?

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारत ने रिकॉर्ड 9वीं हार खिताब अपने नाम किया.

U19 Asia Cup 2026 Prize Money: चैंपियन भारत और रनर-अप पाकिस्तान को कितनी मिलेगी इनामी राशि?
चैंपियन भारत और रनर-अप पाकिस्तान को कितनी मिलेगी इनामी राशि?

U19 Asia Cup 2026 Prize Money: भारतीय टीम ने शनिवार को यहां आखिरी गेंद तक चले बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब फिर से अपने नाम कर लिया. सलामी बल्लेबाज उस्मान खान के 107 रन की बदौलत पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. लेकिन भारतीय टीम ने उतार-चढ़ाव से भरे इस मुकाबले में आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल कर नौंवी बार खिताब अपने नाम कर लिया. रोमांचक फाइनल के बाद, टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों को व्यक्तिगत सम्मान दिए गए. साथ ही टीम इंडिया को प्राइज मनी भी मिली.

भारत को कितनी प्राइज मनी मिली?

आखिरी गेंद तक चले रोमांचक और उतार-चढ़ाव भरे फाइनल मुकाबले को जीतने के बाद, भारत ने U19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. विजेता के तौर पर उन्हें 15,000 डॉलर की इनामी राशि मिली, जो भारतीय रुपयों में लगभग 14 लाख 13 हजार के बराबर है. वहीं पाकिस्तान को U19 एशिया कप 2026 सीज़न में उपविजेता रहने पर 7,500 डॉलर की इनामी राशि भी मिली, जो भारतीय रुपयों में लगभग 7 लाख से ज़्यादा और पाकिस्तानी रुपयों में 20 लाख के बराबर है.

भारत ने आखिरी गेंद पर जीता रोमांचक मुकाबला

सलामी बल्लेबाजों लक्ष्य रायचंदानी (80) और आर्यवीर सहवाग (58) के अर्धशतकों के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों मोहित उल्वा (नाबाद 49) और मनल चौहान (47) के बीच नौवें विकेट की 57 रन की साझेदारी से भारत ने बेहद रोमांचक फाइनल में गत चैंपियन पाकिस्तान को अंतिम गेंद पर एक विकेट से हराकर नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया.

पाकिस्तान के 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर के बीच पहले विकेट की 95 रन की साझेदारी से एक विकेट पर 146 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी. हालांकि इसके बाद 42वें ओवर तक पाकिस्तान ने भारत का स्कोर आठ विकेट पर 252 रन कर दिया. मोहित ने इसके बाद मनल के साथ मिलकर भारत को वापसी दिलाई और अहमद हुसैन की मैच की अंतिम गेंद पर चौका जड़कर भारत को नौ विकेट पर 339 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी.

मनल ने 32 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के मारे जबकि मोहित ने 26 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और तीन छक्के जड़े. पाकिस्तान ने इससे पहले सलामी बल्लेबाज उस्मान खान (107) के शतक और अब्दुल कादिर (80) के साथ उनकी 18 ओवर में 135 रन की साझेदारी की बदौलत नौ विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 गेंद में 60 रन की पारी खेली.

भारत की ओर से तेज गेंदबाज काव्य पटेल ने 68 रन पर चार जबकि सी वेंकट ने 40 रन देकर तीन विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई. आर्यवीर ने हाथ में गेंद लगने के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और रिजवानुल्लाह (53 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर एक रन के साथ 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

आर्यवीर हालांकि निकाब शफीक (57 रन पर दो विकेट) की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में उस्मान खान को कैच दे बैठे. उन्होंने 61 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके मारे. रायचंदानी ने इसके बाद वीके विनीत (24) के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. कप्तान ने हसनैन अब्बास डार की गेंद पर एक रन के साथ 72 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

रिजवानुल्लाह ने विनीत को उस्मान के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा और फिर अर्जुन राजपूत (16) को भी विकेटकीपर हमजा जहूर के हाथों कैच कराया. डार ने यशबर्धन चौहान (09) की पारी का अंत किया जबकि रायचंदानी और अन्वय द्रविड़ (19) के विकेट लगातार गेंदों पर गंवाने से भारत संकट में घिर गया. रायचंदानी ने 101 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे. भारत को अंतिम 10 ओवर में 90 रन की दरकार थी.

आर्यन सवसानी (09) और काव्य (00) भी अधिक देर नहीं टिक सके. मनल और मोहित ने इसके बाद भारत को वापसी दिलाई. मनल ने मोहम्मद सैयम पर दो छक्के मारे जबकि मोहित ने रिजवानुल्लाह की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया. मोहित ने अली रजा पर भी छक्का जड़ा. निकाब ने मनल को उस्मान के हाथों कैच कराके भारत को बड़ा झटका दिया लेकिन मोहित ने सी वेंकट (नाबाद 11) के साथ मिलकर भारत को खिताब दिला दिया.

यह भी पढ़ें: 252/8 था भारत का स्कोर, 48 गेंदों पर चाहिए थे 86 रन, फिर मनल-मोहित की जोड़ी ने हारी हुई बाजी को जीत में बदला

यह भी पढ़ें: 'इंडिया के आगे दो टके का सिस्टम नहीं हमारा,' भारत की जीत के बाद पाकिस्तान में हाहाकार, भड़के तनवीर अहमद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India U19, Pakistan U19, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com