विज्ञापन

Upcoming IPO: अगले हफ्ते खुलेंगे 3 नए आईपीओ, निवेश कर कमाई का मौका, चेक करें ग्रे मार्केट प्राइस

Upcoming IPO: आईपीओ मार्केट में अगले हफ्ते हलचल बढ़ने वाली है. 16 नवंबर से शुरू होने वाले हफ्ते में तीन कंपनियां कुल मिलाकर 10 हजार करोड़ रुपये के आईपीओ लेकर आ रही हैं.

Upcoming IPO: अगले हफ्ते खुलेंगे 3 नए आईपीओ, निवेश कर कमाई का मौका, चेक करें ग्रे मार्केट प्राइस
IPO Alert: पैसा रखें तैयार, आ रहा है 3 आईपीओ

Upcoming IPO: शेयर बाजार में आईपीओ (IPO) के जरिए कमाई करने की तैयारी कर रहे निवेशकों के लिए अगले हफ्ते अच्छा मौका आने वाला है. 16 नवंबर से शुरू हो रहे हफ्ते में तीन कंपनियों के करीब 10 हजार करोड़ रुपये के आईपीओ खुलने जा रहे हैं. इनमें क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन (Crystal Crop Protection), महानदी कोलफील्ड्स (Mahanadi Coalfields) और वात्राना रेंटल्स (Watrana Rentals) शामिल हैं. खास बात यह है कि इनमें दो मेनबोर्ड और एक SME कैटेगरी का आईपीओ है.

इन तीनों कंपनियों में से क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का आईपीओ सबसे पहले 18 नवंबर को खुलेगा, जबकि महानदी कोलफील्ड्स और वात्राना रेंटल्स के आईपीओ 19 नवंबर से निवेश के लिए ओपन होंगे. आइए जानते हैं इन तीनों आईपीओ की पूरी डिटेल.

क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन आईपीओ

कृषि क्षेत्र से जुड़ी कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का आईपीओ 18 नवंबर को खुलेगा और 20 नवंबर को बंद होगा. कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब 455.49 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. इसके लिए प्रति शेयर 259 से 272 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है. इस इश्यू में 354.77 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 100.71 करोड़ रुपये के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत बेचे जाएंगे. आईपीओ का एक लॉट 55 शेयरों का है. इस हिसाब से अपर प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए 14,960 रुपये निवेश करने होंगे. 15 नवंबर को क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का ग्रे मार्केट प्रीमियम करीब 27 रुपये चल रहा है यानी 272 रुपये के अपर प्राइस बैंड के मुकाबले इसका संभावित ग्रे मार्केट भाव 299 रुपये के करीब है.

महानदी कोलफील्ड्स

अगले हफ्ते का दूसरा बड़ा आईपीओ सरकारी कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड का है. यह कोल इंडिया की सब्सिडियरी कंपनी है. कंपनी का आईपीओ 19 नवंबर को खुलेगा और 23 नवंबर को बंद होगा. इस आईपीओ के जरिए करीब 9,500 करोड़ रुपये जुटाए जाने की उम्मीद है. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा इस आईपीओ में कोई नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे. इसका मतलब है कि आईपीओ से मिलने वाली रकम महानदी कोलफील्ड्स को नहीं, बल्कि शेयर बेचने वाली कंपनी कोल इंडिया को मिलेगी. फिलहाल आईपीओ का प्राइस बैंड और लॉट साइज तय नहीं किया गया है. यह कंपनी मुख्य रूप से ओडिशा में काम करती है. महानदी कोलफील्ड्स का GMP करीब 9.25 रुपये है. 

वात्राना रेंटल्स IPO (Watrana Rentals IPO)

अगले हफ्ते आने वाला तीसरा आईपीओ वात्राना रेंटल्स का है. यह SME कैटेगरी का आईपीओ होगा. कंपनी का पब्लिक इश्यू 19 नवंबर को खुलेगा और 23 नवंबर को बंद होगा। इसके जरिए कंपनी करीब 120.10 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. कंपनी ने आईपीओ के लिए 232 से 245 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. इसमें 49.02 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे. आईपीओ का लॉट साइज 600 शेयरों का है. इस हिसाब से अपर प्राइस बैंड पर एक लॉट खरीदने के लिए 1,47,000 रुपये लगाने होंगे. आंकड़ों के मुताबिक, वात्राना रेंटल्स का GMP करीब 22 रुपये है. 245 रुपये के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इसका संभावित ग्रे मार्केट भाव 267 रुपये के आसपास है.

क्या होता है GMP

ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP वह अतिरिक्त कीमत है, जिस पर किसी आईपीओ के शेयरों का अनौपचारिक बाजार में कारोबार होने की बात सामने आती है. इससे निवेशकों को शेयर की संभावित लिस्टिंग को लेकर बाजार के रुझान का अंदाजा मिलता है. हालांकि, GMP आधिकारिक आंकड़ा नहीं है. इसमें तेजी से बदलाव हो सकता है और यह लिस्टिंग पर मिलने वाले वास्तविक मुनाफे की गारंटी नहीं देता. 

(Disclaimer: यहां आईपीओ की जानकारी दी गई है, निवेश की सलाह नहीं. अगर आप इसमें पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्‍टमेंट एडवायजर से सलाह ले लें.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Share Market, Stock Market, IPO
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com