विज्ञापन

एलन मस्क की SpaceX ने रचा इतिहास! अंतरिक्ष से लौटे स्पेसशिप को पहली बार हवा में किया गया 'कैच'

SpaceX ने पहली बार स्टारशिप को हवा में चॉपस्टिक आर्म्स से पकड़ लिया. 15वीं टेस्ट फ्लाइट में 22 घंटे, 14 चक्कर और 26 स्टारलिंक सैटेलाइट तैनात किए. यह पूरी तरह रीयूजेबल रॉकेट की दिशा में बड़ी कामयाबी है.

एलन मस्क की SpaceX ने रचा इतिहास! अंतरिक्ष से लौटे स्पेसशिप को पहली बार हवा में किया गया 'कैच'
एलन मस्क के स्पेसएक्स ने रचा इतिहास.
Photo: AFP

एलन मस्क की कंपनी SpaceX (स्पेसएक्स) ने शनिवार को पहली बार एक स्पेसशिप को हवा में ही 'पकड़' लिया. यह एक ऐसी तकनीकी उपलब्धि है, जो पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेटों की संभावना को साबित करती है और किफायती अंतरिक्ष यात्रा को हकीकत के एक कदम और करीब ले आती है. पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करते वक्त अत्यधिक गर्मी झेलने के बाद, स्टारशिप बादलों के बीच से बाहर निकला. इसके बाद, यह धीरे-धीरे स्टारबेस की तरफ नीचे आया और लॉन्च पैड 2 के ऊपर लगी यांत्रिक 'चॉपस्टिक आर्म्स' यानी यांत्रिक भुजाओं के बीच आसानी से आ गया.

यह सफलता स्पेस इंडस्ट्री के उस दशकों पुराने टारगेट की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है, जिसमें पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट सिस्टम बनाने की कोशिश की जा रही थी. इस टारगेट के हासिल होने से मिशन की लागत में भारी कमी आ सकती है और अंतरिक्ष में रॉकेट लॉन्च करना कहीं ज्यादा आसान और बार-बार मुमकिन हो सकता है.

स्पेसएक्स के प्रवक्ता डैन ह्यूओट ने कहा, "यह अंतरिक्ष उड़ान का सबसे बड़ा टारगेट था. आग के बीच से गुजरते हुए, हवा में ही स्टील के ढांचे की मदद से उसे पकड़ लेना. हमने स्टारशिप को पकड़ लिया है और अब सब कुछ बदल जाएगा."

खुशी से झूमे लोग...

स्टारबेस के पास मैक्सिको की खाड़ी के तट पर मौजूद भीड़ खुशी से झूम उठी, जैसे ही अंतरिक्ष यान नजर आया. इस रोमांचक और अंतिम पड़ाव के दौरान, स्पेसएक्स की ऑफिशियल लाइवस्ट्रीम पर 1977 का मशहूर सॉफ्ट रॉक गाना 'बेबी कम बैक' बज रहा था.

यह दुनिया के सबसे बड़े और सबसे शक्तिशाली रॉकेट सिस्टम की 15वीं टेस्ट फ्लाइट थी. स्टारशिप अंतरिक्ष यान ने अपनी 22 घंटे की यात्रा के दौरान पृथ्वी के 14 चक्कर लगाए और मस्क के 'स्टारलिंक' इंटरनेट नेटवर्क के लिए 26 उपग्रह (सैटेलाइट) तैनात किए.

इससे पहले स्पेसएक्स ने वापस लौट रहे बूस्टर रॉकेटों को तीन बार सफलतापूर्वक पकड़ा था. हालांकि, स्टारशिप को पकड़ना बेहद कठिन काम था, क्योंकि यह अंतरिक्ष यान बूस्टर की तुलना में कहीं ज्यादा ऊंचाई से और बहुत तेज स्पीड से नीचे आ रहा था.

एलन मस्क ने स्पेसएक्स टीम को बधाई दी और 'चॉपस्टिक आर्म्स' के बीच लटके हुए अंतरिक्ष यान का वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि यह यान 'बहुत शानदार लग रहा है!'

सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के एयरोस्पेस एक्सपर्ट क्लेटन स्वोप ने इस मिशन को 'एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि' बताया और कहा, "इससे यह साबित होता है कि पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल होने वाले अंतरिक्ष यान (स्टारशिप) का विचार काम कर सकता है." उन्होंने आगे कहा कि देखते हैं वे कितनी जल्दी इसे दोबारा कर पाते हैं.

विश्लेषक कैथलीन कर्ली ने इस उपलब्धि की तारीफ की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अभी और काम किया जाना बाकी है.

जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी के 'सेंटर फॉर सिक्योरिटी एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी' से जुड़ीं कर्ली ने कहा, "स्पेसएक्स को अपनी क्षमता साबित करने के लिए कई बार लगातार सफल होना होगा, जिससे वे संवेदनशील पेलोड और मिशनों को संभाल सकें."

यह भी पढ़ें | SpaceX के स्टारशिप की 15वीं उड़ान... ऑर्बिट से वापस टॉवर पर उतरने का होगा ऐतिहासिक प्रयोग, जानिए मस्क का प्लान

यह भी पढ़ें | बिना बिजली पहाड़ों में भी चलेगा इंटरनेट, Starlink Mini 2 लॉन्च, प्री-बुकिंग पर सालभर फ्री

यह भी पढ़ें | एलन मस्क को एक ही दिन में 7 लाख करोड़ का झटका, US मार्केट गिरने के बाद अब इतनी रह गई संपत्ति

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
SpaceX, Elon Musk, Satelite, Starlink, Airspace
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com