प्रयागराज मेट्रो चलने का रास्ता साफ हो गया है.उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) और प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने इसका ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है. प्रयागराज मेट्रो 12 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट होगा. इसमें 60 KM लंबे नेटवर्क में 45 स्टेशन बनेंगे. प्रयागराज मेट्रो रेल परियोजना में पहले लाइट मेट्रो चलाने का प्लान था, लेकिन अब पारंपरिक मेट्रो चलाई जाएगी. स्टेशनों की संख्या भी 45 करने से मेट्रो बजट 5500 करोड़ से बढ़कर 12 हजार करोड़ पहुंच गया है. राइट्स एजेंसी ने संशोधित डीपीआर सौंप यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार को सौंप दी है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन और प्रयागराज विकास प्राधिकरण मेट्रो डिपो के लिए नैनी में जमीन की पहचान में जुटे हैं.कुछ स्टेशनों पर रक्षा भूमि के कारण रक्षा मंत्रालय से एनओसी ली जाएगी. डीपीआर को यूपी कैबिनेट और केंद्र की मंजूरी मिलना बाकी है.
प्रयागराज में दो बड़े मेट्रो कॉरिडोर
प्रयागराज मेट्रो नेटवर्क पूरे शहर को दो कॉरिडोर में बांटेगी. पहले कॉरिडोर में (ईस्ट-वेस्ट लाइन) में बमरौली एयरपोर्ट से झूंसी सिटी लेक फारेस्ट तक मेट्रो चलेगी. 39 किमी की लंबाई में
26 स्टेशन होंगे. यह रूट सीधे प्रयागराज हवाई अड्डे को मेन सिटी और गंगा पार के पूर्वी इलाके झूंसी से जोड़ेगा. प्रयागराज एयरपोर्ट, बमरौली, शमीन मार्केट, ट्रांसपोर्ट नगर, सूबेदारगंज, प्रयागराज जंक्शन, सिविल लाइंस बस अड्डा, मेडिकल कॉलेज चौराहा, संगम तट, आजाद नगर, झूंसी, त्रिवेणीपुरम और सिटी लेक फॉरेस्ट इसके स्टेशन होंगे.
मेट्रो कॉरिडोर 2 : फाफामऊ से नैनी
प्रयागराज मेट्रो के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर की 21 किमी लंबाई में 19 स्टेशन होंगे. यह मेट्रो लाइन गंगा के उत्तरी छोर फाफामऊ को यमुना पार के नैनी और छिवकी रेलवे स्टेशन से कनेक्ट करेगी. शांतिपुरम, गंगा नगर, MNNIT, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, कर्नलगंज, परेड ग्राउंड, मिंटो पार्क, नैनी बाजार रोड, नैनी और छिवकी रेलवे स्टेशन होंगे.

Prayagraj Metro
संगम तट पर रोपवे प्रोजेक्ट
इस मेट्रो प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत त्रिवेणी संगम तक मेट्रो स्टेशन से यात्री रोपवे है. परेड ग्राउंड मेट्रो नेटवर्क का मेन इंटरचेंज स्टेशन बनाया जा रहा है. परेड ग्राउंड पर दिल्ली के राजीव चौक जैसा मेट्रो विशाल हब बनेगा, जहां यात्री मेट्रो से सीधे रोपवे में बैठकर कुछ मिनटों में संगम तट तक पहुंचेंगे.
लखनऊ- कानपुर मेट्रो के दोगुनी लंबाई
प्रयागराज: 60 KM: 45 स्टेशन : दो कॉरिडोर (बमरौली से झूंसी, फाफामऊ से नैनी)
लखनऊ : 34 KM : 34 KM : 33 स्टेशन :दो कॉरिडोर (एयरपोर्ट-मुंशीपुलिया, चारबाग-वसंतकुंज
कानपुर: 32.4 KM : 30 स्टेशन : 16 KM में दो कॉरिडोर (IIT से नौबस्ता, कृषि विवि से बर्रा-8)
आगरा : 30 KM : 29 स्टेशन : 2 कॉरिडोर (सिकंदरा-ताज ईस्ट गेट, कैंट-कालिंदी विहार
नोएडा : 30 KM : 21 स्टेशन : एक्वा लाइन चालू, ग्रेटर नोएडा मेट्रो वेस्ट को मंजूरी
ये भी पढ़ें- प्रयागराज-वाराणसी का सफर अब 1.5 घंटे में, 73 KM का 6-लेन हंडिया-राजा तालाब हाईवे शुरू
प्रयागराज में ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात
इस मेट्रो परियोजना से प्रयागराज शहर के भीतर ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. नैनी, झूंसी और फाफामऊ से सिविल लाइंस या कोर्ट-कचहरी आने-जाने के लिए गंगा और यमुना के पुलों का भीषण ट्रैफिक जाम अब नहीं सहना पड़ेगा. नैनी या झूंसी से प्रयागराज जंक्शन तक का सफर 15 मिनट में होगा. वाहनों से दूरी में 1 घंटे का समय लगता है. इस मेट्रो प्रोजेक्ट में फुटओवर ब्रिज से रेलवे प्लेटफॉर्म और मेट्रो स्टेशनों जोड़ने की तैयारी है. इससे भारी सामान के साथ यात्रियों को स्टेशन से बाहर ऑटो या ई-रिक्शा खोजने की टेंशन खत्म होगी.प्रयागराज में हर साल माघ मेला और 12 साल में महाकुंभ आयोजन होता है. मेट्रो के आने से देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं को बिना किसी ट्रैफिक जाम के संगम तक पहुंचेंगे.
ये भी पढ़ें- प्रयागराज में 60 KM के दो मेट्रो कॉरिडोर का प्रस्ताव, बमरौली से झूंसी तक चलेगी हेवी मेट्रो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं