भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर रौनक लौटती दिखाई दे रही है. लगातार 10 हफ्तों तक बिकवाली करने वाले फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) ने अब भारतीय बाजार में जमकर पैसा लगाया है. विदेशी निवेशकों की खरीदारी के दम पर शेयर बाजार में लगातार तीसरे हफ्ते तेजी दर्ज की गई. इस दौरान एफआईआई ने भारतीय बाजार में 33,340 करोड़ रुपये का नेट निवेश किया. इससे बाजार को मजबूती मिली और निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा.
हालांकि, हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को बाजार में मुनाफावसूली देखने को मिली. इसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए. इसके बावजूद पूरे हफ्ते के आधार पर दोनों प्रमुख इंडेक्स में बढ़त दर्ज की गई.
तीन हफ्तों से बाजार में तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी का हाल
साप्ताहिक आधार पर एनएसई का निफ्टी 50 कुल 0.46 फीसदी चढ़कर बंद हुआ. हालांकि शुक्रवार को निफ्टी में 155 अंक यानी 0.61 फीसदी की गिरावट आई और यह 25,144.30 के स्तर पर बंद हुआ. इसी तरह बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 318.56 अंक यानी 0.39 फीसदी टूटकर 81,592.45 के स्तर पर आ गया. लेकिन पूरे हफ्ते के हिसाब से सेंसेक्स में 0.36 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. बाजार जानकारों के मुताबिक, हफ्ते के आखिरी ट्रेडिंग सेशंस में निवेशकों ने ऊंचे लेवल पर मुनाफा वसूला. इससे बाजार पर दबाव बना. हालांकि, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूती ने बाजार को संभालने में मदद की.
बैंकिंग शेयरों में भी शानदार तेजी
इस सप्ताह बैंकिंग शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली. बैंक निफ्टी में पूरे सप्ताह के दौरान 3.7 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. हालांकि शुक्रवार को यह भी 0.8 फीसदी गिरकर बंद हुआ. फाइनेंशियल कंपनियों के शेयरों में खरीदारी ने बैंक निफ्टी को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई.
छोटी कंपनियों के शेयरों में ज्यादा चमक
इस सप्ताह मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों के शेयरों ने बड़े शेयरों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया. निफ्टी मिडकैप 100 में 1.56 फीसदी की तेजी आई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 3.15 फीसदी की शानदार बढ़त दर्ज की गई. इससे साफ है कि निवेशकों ने इस दौरान बड़ी कंपनियों के साथ-साथ छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों में भी दिलचस्पी दिखाई.
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई चिंता
शेयर बाजार में तेजी के बीच वैश्विक परिस्थितियां निवेशकों के लिए चिंता का कारण बनी हुई हैं. पश्चिम एशिया में बढ़ते जियो-पॉलिटिकल टेंशन के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है. अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 88-89 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड 95-96 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में कारोबार करता दिखा. सऊदी अरब के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर नए हमलों और होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को लेकर बढ़ती चिंताओं ने कच्चे तेल की कीमतों को सहारा दिया है. इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ समझौते को लेकर दिए गए बयानों से भी तनाव कम होने की उम्मीदों को झटका लगा है.
डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर
ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और डॉलर की मजबूती का असर भारतीय रुपये पर भी देखने को मिला. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होकर करीब 94.20 के स्तर तक पहुंच गया. अगर डॉलर और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में आगे भी तेजी जारी रहती है, तो इसका असर उभरते बाजारों में विदेशी निवेश पर पड़ सकता है.
आगे बाजार की कैसी रहेगी चाल?
मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड, डॉलर की चाल, कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर रहेगी. विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी रहती है तो भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख बना रह सकता है. हालांकि, महंगाई और ग्लोबल टेंशन बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ा सकते हैं. तकनीकी नजरिए से निफ्टी के लिए 25,400 से 25,500 का लेवल निकट अवधि में रेजिस्टेंस का काम कर सकता है. वहीं 24,800 का लेवल अहम सपोर्ट माना जा रहा है।. बैंक निफ्टी के लिए 61,300 से 61,500 का लेवल रेजिस्टेंस और 60,500 से 60,700 का दायरा सपोर्ट के रूप में देखा जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं