म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए जरूरी नहीं कि हर महीने बड़ी रकम ही लगाई जाए. आप चाहें तो रोजाना 100 रुपये की SIP यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान कर सकते हैं या फिर हर महीने 3,000 रुपये एक साथ निवेश कर सकते हैं. दोनों ऑप्शन पहली नजर में लगभग एक जैसे लगते हैं. लेकिन क्या निवेश के पीरियड और किस्तों की संख्या से मिलने वाले रिटर्न में कोई फर्क पड़ता है? आइए 15 साल के हिसाब से कैलकुलेशन जानते हैं.
मान लीजिए कि आप किसी म्यूचुअल फंड में निवेश कर रहे हैं और आपको सालाना औसतन 12 फीसदी रिटर्न मिलता है. इस आधार पर रोजाना 100 रुपये और हर महीने 3,000 रुपये की एसआईपी से कितना फंड तैयार हो सकता है, इसका कैलकुलेशन समझते हैं.
रोजाना 100 रुपये की SIP से कितना बनेगा फंड?
अगर आप हर दिन 100 रुपये म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं तो एक साल में कुल 36,500 रुपये निवेश करेंगे. इस तरह 15 साल कुल निवेश लगभग 5.47 लाख रुपये होगा. 12 फीसदी रिटर्न के हिसाब से 15 साल में करीब 15.36 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है. इसमें आपका मुनाफा 9.88 लाख रुपये रहेगा.
हर महीने 3,000 रुपये की SIP से कितना पैसा बनेगा?
अब मान लीजिए कि आप रोजाना निवेश करने के बजाय हर महीने की शुरुआत में 3,000 रुपये की एसआईपी करते हैं. इस तरह एक साल में आपका कुल निवेश 36,000 रुपये होगा. 12 फीसदी सालाना रिटर्न के हिसाब से 15 साल में करीब 15.14 लाख रुपये का फंड बन सकता है.
15 साल में किस SIP से होगा ज्यादा फायदा?
दोनों ऑप्शन की तुलना करने पर रोजाना 100 रुपये की SIP में थोड़ा ज्यादा फंड तैयार होता दिखाई देता है. 15 साल में डेली एसआईपी का अनुमानित फंड 15.36 लाख रुपये होगा, जबकि मंथली SIP से करीब 15.14 लाख रुपये मिल सकते हैं यानी दोनों के बीच लगभग 22,000 रुपये का अंतर रहेगा.
डेली SIP ज्यादा पैसा क्यों बना रही है?
इसका सबसे बड़ा कारण निवेश की रकम में अंतर है. रोजाना 100 रुपये निवेश करने पर साल में 36,500 रुपये जमा होते हैं. वहीं, हर महीने 3,000 रुपये लगाने पर सालाना निवेश 36,000 रुपये ही रहता है यानी डेली एसआईपी में हर साल 500 रुपये एडिशनल निवेश हो रहे हैं. यही एडिशनल अमाउंट समय के साथ रिटर्न भी कमाती है. इसलिए डेली एसआईपी का फंड थोड़ा बड़ा दिखाई देता है.
आपके लिए कौन-सी एसआईपी बेहतर है?
अगर आपकी आमदनी हर महीने आती है और आप एक निश्चित तारीख को निवेश करना चाहते हैं तो मंथली एसआईपी सुविधाजनक हो सकती है. वहीं, रोजाना छोटी रकम बचाकर निवेश करना चाहते हैं तो डेली एसआईपी का ऑप्शन चुन सकते हैं.
(Disclaimer: यहां एसआईपी की जानकारी दी गई है, निवेश की सलाह नहीं. अगर आप इसमें पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से सलाह ले लें.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं