विज्ञापन

Share Market: फ्लैट खुला शेयर बाजार, अमेरिका में ब्‍याज दरें बढ़ने का ज्‍यादा असर नहीं, जानिए सेंसेक्‍स-निफ्टी का हाल

Stock Market Today: अमेरिका में ब्‍याज दरों में बढ़ोतरी के बाद अमेरिकी मार्केट में गिरावट देखी गई, हालांकि भारतीय बाजारों पर इसका ज्‍यादा असर नहीं देखा जा रहा है.

Share Market: फ्लैट खुला शेयर बाजार, अमेरिका में ब्‍याज दरें बढ़ने का ज्‍यादा असर नहीं, जानिए सेंसेक्‍स-निफ्टी का हाल
भारतीय शेयर बाजार आज फ्लैट खुले
(NDTV File Photo)

Share Market Update: यूएस-फेड के ब्‍याज दरों में बढ़ोतरी वाले फैसले से अमेरिकी बाजारों में गिरावट के बाद आज गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार फ्लैट खुले. मार्केट ओपन होने पर सेंसेक्‍स में 30 अंकों की गिरावट देखी गई, जबकि निफ्टी 50 में असर न के बराबर दिखा. सुबह 9:20 बजे सेंसेक्स 49 अंक या 0.07 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 74,291 और निफ्टी 19 अंक की मामूली बढ़त के साथ 23,235 पर कारोबार करता दिखा.  

शुरुआती कारोबार में बाजार

मार्केट को पीएसयू शेयर सहारा देते दिखे. सूचकांकों में निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी पीएसई टॉप गेनर्स थे. निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी मेटल, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी कंजप्शन, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग और निफ्टी ऑटो हरे निशान में थे. 

दूसरी तरफ निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया और निफ्टी प्राइवेट बैंक लाल निशान में था.

लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी के साथ कारोबार हो रहा था. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 221 अंक या 0.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 61,096 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 88 अंक या 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,478 पर था. 

कौन-से शेयर मजबूत, कौन-से कमजोर?

सेंसेक्स पैक में बीईएल, इटरनल, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, आईटीसी, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, इंडिगो, मारुति सुजुकी, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट और एसबीआई गेनर्स थे. 

वहीं, लूजर्स में टीसीएस, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, टाइटन, सन फार्मा, एचयूएल और एक्सिस बैंक शामिल थे.

वैश्विक बाजारों में मिलाजुला कारोबार हो रहा था. टोक्यो, बैंकॉक, जकार्ता और सोल हरे निशान में थे. वहीं, शंघाई और हांगकांग लाल निशान में थे. वहीं, यूएस फेड की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी के कारण अमेरिकी बाजार लाल निशान में बंद हुए, जिसमें मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स में 1.21 प्रतिशत की गिरावट देखी गई. 

अमेरिका ने महंगाई के बीच बढ़ाई ब्‍याज दरें 

अमेरिका में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच FOMC यानी 'फेडरल ओपन मार्केट कमेटी' की कमेटी ने ब्‍याज दरों को 25 बेसिस प्‍वाइंट बढ़ाने का फैसला लिया. इसी के साथ अमेरिका में ब्‍याज दरें 3.75% से 4.00% के बीच हो गई हैं. अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श ने कहा कि मौजूदा हालात के आकलन के बाद ये फैसला लिया गया है

जानकारों ने कहा कि फेड का ब्याज दरें 25 आधार अंक या 0.25 प्रतिसत बढ़ाने का फैसला पूरी तरह उम्मीद के मुताबिक था. महंगाई ज्यादा होने और मजबूत अर्थव्यवस्था (जिसमें बेरोजगारी दर सिर्फ 4.1 प्रतिशत है) के माहौल में ब्याज दरों को स्थिर रखने का कोई कारण नहीं था. 

उन्होंने आगे कहा कि केविन वॉर्श का यह सख्त रुख वाला संदेश है कि महंगाई बहुत ज्यादा रही है और लंबे समय से ऐसी ही बनी हुई है और कीमतों को स्थिर रखने के लिए यह कदम जरूरी था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Share Market Open, US Fed, Stock Market, Stocks In Focus Today, Share Market News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com