आज यानी 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के मौके पर भारतीय शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा. NSE और BSE दोनों पर ट्रेडिंग बंद रहेगी. इसके बाद शनिवार और रविवार की नियमित छुट्टी होने के कारण भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीन दिन कारोबार नहीं होगा. कमोडिटी मार्केट की बात करें तो MCX पर भी 2 अक्टूबर को सुबह और शाम दोनों सत्रों में कारोबार बंद रहेगा. यानी सोने-चांदी समेत कमोडिटी में भी आज ट्रेडिंग नहीं होगी.
अब अगली शेयर बाजार छुट्टी कब?
NSE के 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, 2 अक्टूबर के बाद शेयर बाजार की अगली छुट्टी 20 अक्टूबर, मंगलवार को दशहरा के मौके पर होगी.
इसके बाद 8 नवंबर 2026, रविवार को दिवाली लक्ष्मी पूजन के कारण नियमित ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा. इसी दिन मुहूर्त ट्रेडिंग होगी. हालांकि, इसका समय एक्सचेंज की ओर से अलग सर्कुलर के जरिए घोषित किया जाना बाकी है.
नवंबर में भी दो बड़ी छुट्टियां
अक्टूबर के बाद नवंबर में शेयर बाजार में दो बड़ी छुट्टियां रहेंगी. 10 नवंबर को दिवाली-बली प्रतिपदा और 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के कारण बाजार बंद रहेगा. इसके बाद साल की आखिरी बड़ी ट्रेडिंग छुट्टी 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर होगी.
MCX पर कब-कब बंद रहेगा कारोबार?
MCX पर छुट्टियों का पैटर्न शेयर बाजार से थोड़ा अलग रहेगा. 20 अक्टूबर दशहरा, 10 नवंबर दिवाली-बली प्रतिपदा और 24 नवंबर गुरु नानक जयंती के मौके पर MCX का सुबह का सत्र बंद रहेगा, जबकि शाम के सत्र में कारोबार होगा.
वहीं 25 दिसंबर को MCX के दोनों सत्रों में कारोबार बंद रहेगा. MCX पर भी 8 नवंबर को मुहूर्त ट्रेडिंग आयोजित की जाएगी. इसका समय बाद में घोषित किया जाएगा.
छुट्टी के दौरान विदेशी बाजारों पर नजर
भारतीय बाजार बंद रहने के बावजूद ग्लोबल मार्केट में होने वाली हलचल का असर अगली ट्रेडिंग ओपनिंग पर दिखाई दे सकता है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव दोबारा बढ़ने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. एशियाई बाजारों में भी दबाव देखने को मिला. MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स करीब 0.4% नीचे रहा.
जापान का टॉपिक्स करीब 0.9% नीचे रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 करीब 0.3% ऊपर था. S&P 500 फ्यूचर्स में करीब 0.1% की बढ़त दिखी. गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार उतार-चढ़ाव के बीच मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे. वहीं जापानी येन 157.90 प्रति डॉलर के आसपास पहुंच गया. बिटकॉइन करीब 84,790 डॉलर और एथर करीब 2,704 डॉलर पर कारोबार कर रहे थे.
यानी भारतीय निवेशकों के लिए आज घरेलू बाजार बंद रहेगा, लेकिन अगली ट्रेडिंग में ग्लोबल मार्केट, कच्चे तेल और करेंसी मार्केट की हलचल अहम हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं