विज्ञापन

रिटेल महंगाई दर में तेजी, खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़े

देश में रिटेल महंगाई बढ़ी है. मई महीने में खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़े हैं. ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं और इसका असर हर क्षेत्र में पड़ रहा है.

रिटेल महंगाई दर में तेजी, खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़े
खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़े-CPI डेटा
नई दिल्ली:

देश में खाने-पीने की चीजों के दाम मई महीने में बढ़े हैं. रिटेल महंगाई दर मई के महीने में बढ़कर 3.93 प्रतिशत पहुंच गई है. अप्रैल महीने में महंगाई दर 3.48 प्रतिशत थी. हालांकि, महंगाई दर रिजर्व बैंक के अनुमान 4 प्रतिशत से नीचे रही है.  इस दौरान आलू, मटर, जीरे और गाड़ियों की कीमतों में कमी देखने को मिली है. यह जानकारी सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों में दी गई.

महंगाई दर रिजर्व बैंक के अनुमान 4 प्रतिशत के लक्ष्य से नीचे है. लगातार 16वें महीने महंगाई दर आरबीआई के लक्ष्य के नीचे रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और ईरान युद्ध के कारण महंगाई दर बढ़ी है. जून के मॉनिटरी पॉलिसी में आरबीआई ने वित्त वर्ष 27 के लिए महंगाई दर को सुधार करते हुए पहले के 4.6 प्रतिशत की तुलना में बढ़ाकर 5.1 फीसदी किया था. 

ईरान, अमेरिका और इजरायल युद्ध के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था पर प्रेशर बढ़ा है. करेंसी मार्केट पर भी इसका असर पड़ा है. हालांकि, इन सब झटकों के बाद भी भारत की अर्थव्यवस्था काफी मजबूत है और देश की जीडीपी 7.8 प्रतिशत है. खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमत महंगाई दर को बढ़ा रही है. इसकी कारण CPI में तेजी आई है. 

सरकारी आंकड़ों में बताया गया कि मई में ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 4.25 प्रतिशत रही है, जबकि शहरी इलाकों में यह 3.53 प्रतिशत थी. वहीं, मई में खुदरा खाद्य महंगाई दर 4.78 प्रतिशत रही है, जो कि अप्रैल में 4.20 प्रतिशत थी. ग्रामीण इलाकों में खुदरा खाद्य महंगाई दर 4.85 प्रतिशत रही है, जो कि शहरी इलाकों में बीते महीने 4.66 प्रतिशत थी.

क्या सस्ता क्या महंगा?

मई में सालाना आधार पर जिन शीर्ष पांच उत्पादों के दाम कम हुए हैं, उनमें आलू (-23.71 प्रतिशत), मटर (-11.47 प्रतिशत), मोटर कार एंड जीप (-7.19 प्रतिशत), जीरा (-4.59 प्रतिशत) और मोटर साइकिल और स्कूटर (-3.56 प्रतिशत) शामिल हैं.

इस दौरान सालाना आधार पर जिन शीर्ष पांच उत्पादों में खुदरा महंगाई बढ़ी है, उनमें चांदी की ज्वेलरी (155.23 प्रतिशत), टमाटर (48.43 प्रतिशत), सोना,हीरा और प्लेटिनम ज्वेलरी (40.93 प्रतिशत), अदरक (32.49 प्रतिशत) और किशमिश (21.97 प्रतिशत) शामिल हैं.

किन राज्यों में सबसे ज्यादा खुदरा महंगाई?

सरकारी आंकड़ों में बताया कि 50 लाख से अधिक की आबादी वाले शीर्ष पांच राज्यों में मई में सबसे अधिक खुदरा महंगाई तेलंगाना (6.15 प्रतिशत), तमिलनाडु (5.11 प्रतिशत), आंध्र प्रदेश (4.90 प्रतिशत), कर्नाटक (4.59 प्रतिशत) और ओडिशा (4.54 प्रतिशत) में थी.

महंगाई में लगातार बढ़ोतरी से पता चलता है कि साल की शुरुआत में हालात सामान्य रहने के बाद अब कीमतों पर दबाव बढ़ने लगा है. अर्थशास्त्रियों का कहना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव, आयातित महंगाई को लेकर चिंता बढ़ाने वाले मुख्य कारण हैं.

जून में अपनी मौद्रिक नीति समीक्षा में, आरबीआई ने वित्त वर्ष 2027 के लिए महंगाई का अनुमान 4.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत कर दिया. इसके पीछे अल-नीनो की वजह से मॉनसून के सामान्य से कम रहने की आशंका और वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की ऊंची कीमतों जैसे जोखिमों का हवाला दिया गया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CPI Data, RBI, Business News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com