विज्ञापन

जेनसन हुआंग के जाते ही Nvidia में बदलेंगे पावर सेंटर? बेटी मैडिसन और कोलेट क्रेस के बीच खींचतान शुरू

जेनसन हुआंग के Nvidia से हटने के बाद कंपनी में लीडरशिप और अधिकार को लेकर नई खींचतान की खबरें हैं. अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस और जेनसन की बेटी मैडिसन हुआंग के बीच कारोबारी फैसलों को लेकर मतभेद बताए जा रहे हैं. अब देखना होगा कि जेनसन के बिना मैडिसन और उनके पति का कंपनी में दबदबा कितना कायम रहता है और कोलेट क्रेस किस तरह कंपनी की कमान संभालती हैं.

दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) इन दिनों अपने कारोबार के साथ-साथ अंदरूनी सत्ता संघर्ष को लेकर भी चर्चा में है. कंपनी के को-फाउंडर और लंबे समय तक सीईओ रहे जेनसन हुआंग के पद छोड़ने के बाद अब कंपनी के भीतर लीडरशिप और अधिकार को लेकर नई खींचतान की खबरें सामने आ रही हैं. इस संघर्ष के केंद्र में दो महिलाएं हैं- कंपनी की अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस और जेनसन हुआंग की बेटी मैडिसन हुआंग.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेनसन हुआंग के कंपनी से हटने के बाद कोलेट क्रेस के पास कंपनी के आंतरिक कामकाज और फैसले लेने की व्यवस्था में बदलाव करने का मौका है. वहीं, सवाल उठ रहे हैं कि क्या जेनसन की बेटी मैडिसन और उनके पति निको कैप्रेज का कंपनी में पहले जैसा दबदबा बना रहेगा?

मैडिसन हुआंग और उनके पति का तेजी से बढ़ा दबदबा

द इंफॉर्मेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, कोलेट क्रेस और मैडिसन हुआंग के बीच कंपनी के कुछ कारोबारी फैसलों को लेकर मतभेद रहे हैं. मैडिसन के पति निको कैप्रेज के साथ उनके बढ़ते प्रभाव को लेकर भी कंपनी के कुछ सीनियर अधिकारियों में असहजता थी. मैडिसन ने साल 2020 में एनवीडिया में इंटर्न के तौर पर काम शुरू किया था. फिलहाल वह कंपनी में सीनियर डायरेक्टर ऑफ प्रोडक्ट मार्केटिंग हैं. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी भूमिका केवल इस पद तक सीमित नहीं रही. वह अपने पिता की छवि को संभालने और कंपनी में उनके मैसेज को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाती रही हैं.

यह भी पढ़ें | nVIDIA की कमाई हुई डबल, CEO जेनसन हुआंग विवाद के बीच दमदार नतीजे, 4 फीसदी उछले शेयर

द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, मैडिसन कंपनी में चीफ ऑफ स्टाफ जैसी जिम्मेदारियां भी निभाती रही हैं. उन पर सीनियर कर्मचारियों के साथ सख्त व्यवहार करने के आरोप भी लगे हैं. वहीं, उनके पति निको कैप्रेज ने 2024 में एनवीडिया जॉइन की थी. जनवरी 2026 में उन्हें प्रमोट करके वाइस प्रेसिडेंट बना दिया गया. वह क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनियों के साथ एनवीडिया के संबंधों और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से जुड़े कामकाज में अहम भूमिका निभाते हैं. वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक जांच रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग तक सीधी पहुंच होने के कारण मैडिसन और निको कई बार अपने से सीनियर अधिकारियों के फैसलों को भी चुनौती देते थे. इससे कंपनी के कुछ अधिकारियों में नाराजगी थी.

कौन हैं कोलेट क्रेस, जो जेनसन हुआंग के फैसलों पर भी उठाती थीं सवाल?

कोलेट क्रेस एनवीडिया की पुरानी और अनुभवी अधिकारियों में से एक हैं. उन्होंने 2013 में कंपनी जॉइन की थी. इससे पहले वह माइक्रोसॉफ्ट, सिस्को और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स जैसी बड़ी कंपनियों में वरिष्ठ वित्तीय पदों पर काम कर चुकी थीं. एनवीडिया को ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से एआई के सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल करने में उनकी भी अहम भूमिका रही है. कंपनी में वह लंबे समय तक चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) रहीं. हालांकि, कंपनी के फाइनेंशियल फैसलों को लेकर कई बार उनके और जेनसन हुआंग के बीच मतभेद भी सामने आए. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कोलेट और उनकी फाइनेंशियल टीम ने एआई इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कुछ बड़ी फंडिंग और निवेश योजनाओं पर सवाल उठाए थे. इनमें OpenAI और Lambda से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल थे. एक प्रस्ताव के तहत ओहायो में OpenAI के डेटा सेंटर प्रोजेक्ट के लिए 250 अरब डॉलर तक की क्रेडिट सहायता देने की बात थी. बाद में इस प्रस्ताव को घटाकर 120 अरब डॉलर कर दिया गया. क्रेस चाहती थीं कि इतनी बड़ी रकम से जुड़े फैसलों में रिस्क का सही आकलन किया जाए. वह यह समझना चाहती थीं कि किन कंपनियों को फाइनेंशियल मदद देना सही होगा और उससे एनवीडिया को कितना फायदा मिल सकता है. उनका यह नजरिया जेनसन हुआंग की आक्रामक इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजी से अलग था.

बैठक में जेनसन हुआंग ने कोलेट क्रेस पर उठाए थे सवाल

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में हुई एक बैठक के दौरान जेनसन हुआंग ने प्रेजेंटेशन देते समय कोलेट क्रेस को बीच में रोक दिया था. उन्होंने कथित तौर पर उनकी स्थिति की तुलना 'डीयर इन द हेडलाइट्स' से की थी. इसका मतलब ऐसी स्थिति से है, जब कोई शख्स अचानक मुश्किल में पड़कर समझ नहीं पाता कि क्या करे. रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन ने यह सवाल भी उठाया था कि क्या कोलेट सिर्फ फाइनेंशियल डेटा आंकड़े पेश करने के बजाय कंपनी की रणनीति बनाने और बड़े फैसले लेने में उनकी मदद कर सकती हैं.

जेनसन के जाने के बाद मैडिसन और निको की कितनी रहेगी ताकत?

जेनसन हुआंग के जाने के बाद अब मैडिसन और उनके पति निको का कंपनी में प्रभाव कम होने की संभावना जताई जा रही है. इसकी वजह यह है कि पहले दोनों को सीधे जेनसन तक पहुंच हासिल थी. अब कंपनी की कमान कोलेट क्रेस के हाथ में है. रॉयटर्स की ओर से उद्धृत फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia और सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी Megaspeed के संबंधों को लेकर उठे सवालों पर कंपनी की सार्वजनिक प्रतिक्रिया तैयार करने में भी मैडिसन की अहम भूमिका थी. रिपोर्ट में दावा किया गया कि उन्होंने अपने आधिकारिक पद से आगे बढ़कर जिम्मेदारियां निभाईं. इस विवाद में निको कैप्रेज की भूमिका भी चर्चा में रही. वह एशिया में इंटरनेशनल क्लाउड कंप्यूटिंग सौदों से जुड़े कामकाज देखते थे. इस पूरे मामले के बीच एनवीडिया के बोर्ड ने राष्ट्रीय सुरक्षा और एक्सपोर्ट कंट्रोल से जुड़ी पॉलिसी की निगरानी के लिए एक समिति बनाने का ऐलान किया है. हालांकि, अभी तक कंपनी की ओर से ऐसा कोई ऐलान नहीं किया गया है कि मैडिसन या निको के पद और जिम्मेदारियों में बदलाव होगा.

यह भी पढ़ें | जेन्सन हुआंग की वापसी पर सैम ऑल्टमैन का बयान, वो मेरे हीरो हैं, उनके बिना AI क्रांति के बारे में सोचना मुश्किल

फिलहाल कोलेट क्रेस के सामने तीन बड़ी चुनौतियां हैं. उन्हें निवेशकों का भरोसा बनाए रखना है, AI कारोबार में Nvidia की तेजी कायम रखनी है और कंपनी के कामकाज में पारदर्शिता से जुड़े सवालों का जवाब देना है. सबसे बड़ी चुनौती ऐसी कंपनी को संभालने की है, जिसकी कामयाबी काफी हद तक जेनसन हुआंग की लीडरशिप और फैसलों पर निर्भर रही है.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nvidia, Jensen Huang
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com