दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनियों में शामिल nVIDIA में जेनसन हुआंग की वापसी की उम्मीदों पर फिलहाल विराम लग गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सबसे रईस कारोबारी एलन मस्क समेत कई बड़े चेहरों ने हुआंग की वापसी का समर्थन किया था, लेकिन बोर्ड ने साफ कर दिया है कि वो हुआंग को दोबारा CEO नियुक्त नहीं करेगा. nVIDIA के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने मंगलवार को निवेशकों के साथ कॉन्फ्रेंस कॉल में ये बात कही.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, जोन्स ने कहा कि कंपनी नए CEO की तलाश कर रही है. इसके लिए बोर्ड ने एग्जीक्यूटिव सर्च फर्म Heidrick & Struggles को नियुक्त किया है. उन्होंने कहा कि बोर्ड जल्द से जल्द स्थायी CEO नियुक्त करना चाहता है, लेकिन सही उम्मीदवार मिले बिना जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया जाएगा.
जेनसन हुआंग के पद छोड़ने के बाद कंपनी के भविष्य, कारोबार की रणनीति और नेतृत्व को लेकर निवेशकों में सवाल उठ रहे हैं. खास तौर पर क्लाउड कंपनियों, सप्लायर्स और AI स्टार्टअप्स में nVIDIA के बड़े निवेश को लेकर निवेशक नए नेतृत्व का रुख जानना चाहते हैं.
अंतरिम CEO कोलेट क्रेस संभाल रहीं कंपनी की कमान
हुआंग के जाने के बाद कंपनी की CFO कोलेट क्रेस अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. उन्होंने कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा कि पिछले एक हफ्ते के दौरान कंपनी की लीडरशिप टीम ने मजबूती से काम किया है.
क्रेस ने भरोसा जताया कि कंपनी का नेतृत्व कारोबार को आगे बढ़ाने में सक्षम है. उन्होंने बताया कि nVIDIA के लिए चिप बनाने वाली कंपनी TSMC यानी ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी की लीडरशिप भी कंपनी के ऑफिस में मौजूद थी और पूरी तरह सहयोग कर रही थी.
क्रेस ने अपने तैयार बयान में कंपनी की नई फ्लैगशिप AI चिप Vera Rubin को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए. उनके मुताबिक, इस चिप की शुरुआत बेहद मजबूत रही है.
नतीजों के बाद आफ्टर-मार्केट में 4.5% चढ़े शेयर
nVIDIA ने तिमाही नतीजों के साथ आने वाले समय के लिए सेल्स का जो अनुमान दिया है, वो वॉल स्ट्रीट के अनुमान से बेहतर रहा. इसके बाद मंगलवार को बाजार बंद होने के बाद कंपनी के शेयर करीब 4.5% चढ़ गए.
हालांकि, मंगलवार के कारोबारी सत्र के अंत तक इस साल शेयर करीब 17% नीचे थे. कंपनी का मार्केट वैल्युएशन लगभग 3.8 ट्रिलियन डॉलर था.
चेरी लेन इन्वेस्टमेंट्स के पार्टनर रिक मेकलर के मुताबिक, कंपनी के मजबूत नतीजों से निवेशकों को राहत मिल सकती है. लेकिन कंपनी के नेतृत्व में बदलाव और उससे जुड़े घटनाक्रम को देखते हुए nVIDIA की स्थिति अभी काफी जटिल है. उनके मुताबिक, शेयर में निवेश करने वाले लोगों के लिए ये एक अतिरिक्त जोखिम बना हुआ है.
एलिस से संबंध सामने आने के बाद जेनसन हुआंग ने छोड़ा था पद
Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग ने पिछले गुरुवार को CEO पद से इस्तीफा दिया था. ये फैसला उनके कथित विवाहेतर संबंधों से जुड़े खुलासों के बाद आया. रिपोर्ट में चीन की कारोबारी एलिस हुआंग और nVIDIA की दो महिला कर्मचारियों के साथ उनके कथित संबंधों का जिक्र किया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियां एलिस हुआंग के चीन के मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी से कथित संबंधों और बीजिंग तक किसी जानकारी के पहुंचने की संभावना की जांच कर रही हैं. इस मामले से परिचित दो लोगों के हवाले से ये जानकारी दी गई है.
हालांकि, चीन ने जेनसन हुआंग को निशाना बनाकर जासूसी अभियान चलाने के आरोपों को खारिज किया है.
हुआंग को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वैश्विक तेजी का प्रमुख चेहरा माना जाता रहा है. उनके नेतृत्व में nVIDIA के चिप्स AI इंडस्ट्री के लिए बेहद अहम हो गए. अब कंपनी के सामने नए CEO की नियुक्ति के साथ कारोबार की मौजूदा रफ्तार बनाए रखने की चुनौती है.
यह भी पढ़ें | 'कंपनी में वापसी मेरी खुशकिश्मती होगी...', nVIDIA के पूर्व सीईओ ने तोड़ी चुप्पी, हनी ट्रैप पर दिया बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं