- उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म हो सकता है इसलिए नशे की समस्या को भी जड़ से समाप्त किया जा सकता है
- मोदी ने बताया कि 2014 से अब तक 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और यह उपलब्धि स्थायी होनी चाहिए
- बैठक में तीन प्रमुख प्रस्तुतियों में गरीबी उन्मूलन योजनाओं और उनकी प्रभावशीलता पर विस्तृत चर्चा की गई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में नशे की बढ़ती समस्या पर गहरी चिंता जताई. बैठक के दौरान उनका गला भी भर आया. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना देश की बड़ी जिम्मेदारी है और इस समस्या को जड़ से खत्म करना होगा. प्रधानमंत्री ने कहा, "जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशे की समस्या भी खत्म हो सकती है." उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियों और सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि नक्सलवाद की दोबारा वापसी न हो.
गरीबी से बाहर आए 50 करोड़ लोगों का जिक्र
बैठक में प्रधानमंत्री ने देश में गरीबी कम होने पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा, "जब 2014 में सरकार बनी थी तब सेंट्रल हॉल में मैंने कहा था कि सरकार गरीबों के लिए है." उन्होंने बताया कि आज 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल चुके हैं. प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह उपलब्धि कायम रहनी चाहिए और जो लोग गरीबी से बाहर आए हैं वे दोबारा गरीबी में न जाएं.
बचत की संस्कृति पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को बचत पर विशेष ध्यान देना होगा. उन्होंने कहा कि भारतीय समाज की पहचान बचत की आदत है. "ईट ड्रिंक एंड मेरी पर विश्वास नहीं करते भारतीय." उन्होंने आर्थिक सुरक्षा और वित्तीय सशक्तीकरण को भविष्य की बड़ी आवश्यकता बताया.
बैठक में हुई तीन अहम प्रस्तुतियां
करीब साढ़े तीन घंटे चली मंत्रिपरिषद की बैठक में तीन महत्वपूर्ण प्रजेंटेशन दिए गए. एक प्रस्तुति 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने की उपलब्धि पर केंद्रित थी. इसमें विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया. वित्त मंत्रालय, आर्थिक मामलों के विभाग, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य पालन समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने बताया कि किस तरह केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब परिवारों की जिंदगी बदली है.
योजनाओं और सुधारों की हुई समीक्षा
प्रस्तुति में प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल योजना, उज्ज्वला योजना, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), डिजिटल पहुंच और बैंकिंग सुविधाओं का उल्लेख किया गया. बताया गया कि इन पहलों ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर आने में मदद की.
बैठक में देश को नक्सल मुक्त बनाने के प्रयासों और जनधन योजना के जरिए वित्तीय सशक्तीकरण पर भी प्रस्तुति दी गई. सितंबर में हुई चिंतन बैठक में तय लक्ष्यों और सुधारों की प्रगति की समीक्षा भी की गई. आसियान बैठक से देर रात लौटने के बाद प्रधानमंत्री बुधवार सुबह सीधे भारत मंडपम पहुंचे और बैठक में हिस्सा लिया.
यह भी पढ़ें | नए लेवल पर पहुंची भारत-आसियान की पार्टनरशिप, पीएम मोदी बोले- अब स्पेस और डिफेंस में भी मिलकर करेंगे काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं