Nvidia के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग (Jensen Huang) की कंपनी में वापसी को लेकर बहस तेज हो गई है. इस बीच OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) ने हुआंग को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जेन्सन लंबे समय से उनके हीरो रहे हैं और उनके बिना AI क्रांति की कल्पना करना मुश्किल है. हालांकि, ऑल्टमैन ने यह साफ नहीं किया कि हुआंग को दोबारा Nvidia का CEO बनाया जाना चाहिए या नहीं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मंगलवार को शेयर किए गए एक वीडियो में सैम ऑल्टमैन से पूछा गया कि क्या जेन्सन हुआंग को Nvidia में वापस आना चाहिए? इस पर उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब देने के लिए उनके पास पूरी जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा, "जेन्सन लंबे समय से मेरे हीरो रहे हैं. हीरो में भी कमियां होती हैं. उन्होंने जो कंपनी बनाई है, उसके लिए मैं उनका आभारी हूं."
ऑल्टमैन ने आगे कहा कि उनके लिए ऐसी स्थिति को समझना मुश्किल नहीं है. उन्हें अपना वह समय याद है, जब वह खुद ऐसी ही परिस्थिति से गुजरे थे. उन्होंने कहा, "जेन्सन के बिना AI क्रांति की कल्पना करना मुश्किल है."
Sam Altman को याद आया अपना पुराना दौर
ऑल्टमैन का यह बयान नवंबर 2023 में OpenAI से उनकी विदाई और फिर वापसी की घटना की ओर इशारा करता है. उस समय कंपनी के बोर्ड ने उन्हें CEO पद से हटा दिया था. हालांकि, कर्मचारियों और निवेशकों के समर्थन के बाद कुछ ही दिनों में उनकी वापसी हो गई थी. इसी वजह से जेन्सन की वापसी की मौजूदा कैंपेन को उनके पुराने अनुभव से जोड़कर देखा जा रहा है.
1.8 लाख से ज्यादा लोगों ने उठाई वापसी की मांग
दरअसल, Nvidia ने 12 नवंबर को बताया था कि जेन्सन हुआंग ने कंपनी के प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड मेंबर के पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है. उनकी जगह कंपनी की CFO कोलेट क्रेस (Colette Kress) को अंतरिम CEO बनाया गया है. हुआंग के इस्तीफे के बाद 'Bring Jensen Back' कैंपेन शुरू हुआ. Change.org पर उन्हें दोबारा CEO बनाने की याचिका को 1.8 लाख से ज्यादा लोगों का समर्थन मिल चुका है. इस कैंपेन में एलन मस्क, Epic Games के CEO टिम स्वीनी और YouTube के को-फाउंडर स्टीव चेन भी शामिल हैं.
कर्मचारियों ने भी की वापसी की मांग
Nvidia के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के साथ कुछ शेयरहोल्डर्स ने भी हुआंग की वापसी का समर्थन किया है. एक ओपन लेटर में बोर्ड से कहा गया है कि स्वतंत्र जांच पूरी होने तक उन्हें वापस लाने पर विचार किया जाए, जब तक कि कंपनी उनके हटने के पक्ष में ठोस सबूत पेश न कर दे. कंपनी के अंदर एक 'Suggestion Box' चर्चा में भी 1,600 से ज्यादा कमेंट आए हैं. इनमें कई कर्मचारियों ने बोर्ड से उनकी वापसी का रास्ता निकालने की मांग की है. हालांकि, Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक Nvidia का बोर्ड फिलहाल हुआंग को वापस CEO बनाने पर विचार नहीं कर रहा है.
आखिर क्यों देना पड़ा जेन्सन हुआंग को इस्तीफा?
जेन्सन हुआंग का इस्तीफा एलिस हुआंग (Alice Huang) के साथ उनके अफेयर को लेकर उठे विवाद के बाद हुआ. दरअसल, यह मामला इसलिए भी गंभीर हो गया क्योंकि अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को शक है कि चीन की सुरक्षा एजेंसी ने एलिस को हुआंग की जासूसी करने के लिए भेजा था, हालांकि चीन ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है. इसके साथ ही हुआंग पर चीन को अवैध रूप से AI चिप्स भेजे जाने की जांच का दबाव भी था. रविवार को खुद हुआंग ने इस रिश्ते की बात कबूल की, जिसके तुरंत बाद एक रिपोर्ट में कंपनी की ही एक जूनियर कर्मचारी के साथ उनके दूसरे रिश्ते का भी खुलासा हो गया. इन विवादों के बीच निवेशकों ने भी कंपनी पर मुकदमा कर दिया, जिसके बाद हालात इतने बिगड़ गए कि हुआंग को अपना पद छोड़ना पड़ा.
पूरी AI इंडस्ट्री की रीढ़ माने जाने वाले चिप कारोबार में Nvidia का दबदबा किसी से छिपा नहीं है. OpenAI जैसी दिग्गज कंपनियों के दम पर AI का जो तूफान आया है, उसके पीछे Nvidia की टेक्नोलॉजी की ही सबसे बड़ी भूमिका है. यही वजह है कि जेन्सन हुआंग की वापसी को लेकर छिड़ी यह बहस सिर्फ एक कंपनी के अंदरूनी मामले तक नहीं रह गई है, बल्कि पूरी टेक और AI दुनिया की नजरें इस पर टिकी हुई हैं.
यह भी पढ़ें | टाटा संस पर फिर सख्त हुआ RBI, कहा- अपर लेयर NBFC नियमों के तहत लिस्टिंग जरूरी, क्या अब बाजार में उतरेगी कंपनी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं