विज्ञापन

देश के टॉप 8 शहरों में घरों की बिक्री 6% घटी, बेंगलुरु में 26% बढ़े दाम, ये है सबसे किफायती शहर

Housing sales 2026: भारत के टॉप 8 शहरों में अप्रैल-जून 2026 के दौरान घरों की बिक्री में भारी गिरावट आई है, लेकिन प्रॉपर्टी की कीमतें लगातार बढ़ती रहीं. बेंगलुरु में दाम सबसे ज्यादा बढ़े, जबकि चेन्नई में बिक्री में जोरदार उछाल आया.

देश के टॉप 8 शहरों में घरों की बिक्री 6% घटी, बेंगलुरु में 26% बढ़े दाम, ये है सबसे किफायती शहर
India Home sales Q2 2026: प्री-मानसून सीजन में आमतौर पर घर खरीदने की रफ्तार भी थोड़ी धीमी रहती है.

देश के बड़े शहरों में घर खरीदने वालों का मूड थोड़ा बदलता दिख रहा है. अप्रैल से जून 2026 की तिमाही के दौरान भारत के 8 प्रमुख शहरों में घरों की बिक्री में सालाना आधार पर 6% से ज्यादा की गिरावट आई है.एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसका मतलब ये नही है कि प्रॉपर्टी मार्केट में मंदी है, बल्कि लोग अब जल्दबाजी में नहीं बल्कि सोच-समझकर घर खरीद रहे हैं .हालांकि, घरो की बिक्री घटने के बावजूद अच्छी बात यह है कि प्रॉपर्टी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और नए प्रोजेक्ट्स भी तेजी से लॉन्च हो रहे हैं.

दिल्ली-मुंबई से बेंगलुरु तक कितने घर बिके?

PropTiger.com की Real Insight Report Q2 2026 के मुताबिक, अप्रैल-जून तिमाही में 8 बड़े शहरों में कुल 91,729 घर बिके. यह पिछले साल इसी दौरान बिके 97,674 घरों के मुकाबले 6.1% कम है. वहीं, इस साल की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) के मुकाबले भी बिक्री में 4.4% की कमी दर्ज की गई है.

बिक्री घटने की क्या है वजह

रिपोर्ट के मुताबिक, यह गिरावट रियल एस्टेट मार्केट में किसी बड़े संकट का संकेत नहीं है. असल में पिछले साल बिक्री का आंकड़ा काफी बड़ा था, जिसकी वजह से इस बार तुलना में गिरावट दिख रही है. इसके अलावा, मानसून से ठीक पहले लोग अक्सर प्रॉपर्टी की खरीदारी थोड़ा टालते भी हैं.

नए प्रोजेक्ट्स की रफ्तार बरकरार

घरों की बिक्री भले गिरी हो, लेकिन बिल्डर्स और डेवलपर्स का भरोसा डगामगाया नहीं है. इस दौरान 89,161 नए घर बाजार में लॉन्च किए गए, जो पिछले साल के मुकाबले 6% ज्यादा हैं. यानी डेवलपर्स का भरोसा अभी भी बाजार पर बना हुआ है. खास बात यह है कि जितने नए घर लॉन्च हुए, बिक्री उससे 2,568 यूनिट ज्यादा ही रही. इससे बाजार पर बिना बिके मकानों का बोझ बढ़ने का खतरा टल गया है.

10,000 रुपये के पार पहुंची औसत कीमत

घरों की बिक्री में हल्की गिरावट के बावजूद घरों के दाम नीचे नहीं आए. औसत कीमत तिमाही आधार पर 1% बढ़कर 10,153 रुपये प्रति वर्ग फुट पहुंच गई है. यह लगातार दूसरी ऐसी तिमाही है, जब औसत रेट 10,000 रुपये के पार बना हुआ है.

बेंगलुरु में कीमतों में तेज छलांग,अहमदाबाद सबसे सस्ता शहर

  • सालाना आधार पर बेंगलुरु में घरों की कीमतें सबसे ज्यादा 26% चढ़े.

  • बिक्री के मामले में चेन्नई सबसे आगे रहा, जहां 36% की जोरदार बढ़त देखी गई.
  • कोलकाता में चुनाव खत्म होने के बाद बाजार में रौनक लौटी और बिक्री तिमाही आधार पर 22% बढ़ी.
  • अहमदाबाद 5,295 रुपये प्रति वर्ग फुट के औसत  रेट के साथ अहमदाबाद अभी भी खरीदारों के लिए सबसे किफायती शहर बना हुआ है.

PropTiger के सीईओ प्रकाश तेजवानी का कहना है कि भारतीय हाउसिंग मार्केट कमजोर नहीं पड़ रहा, बल्कि खरीदार अब काफी समझदारी से फैसला ले रहे हैं. आने वाले त्योहारी सीजन (Festive Season) में मांग फिर से रफ्तार पकड़ेगी, खरीदार और बिल्डर दोनों के लिए सबसे बड़ी बात यही रहेगी कि घरों के दाम किफायती और बजट में रहें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Housing Market 2026, Property Prices India, Real Estate Market
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com