फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में पांच कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए हैं. इन कंपनियों में न्यूट्रास्यूटिकल, हेल्थ प्रोडक्ट और आयुर्वेदिक प्रोडक्ट बनाने वाली इकाइयां शामिल हैं.FSSAI के मुताबिक, जांच के दौरान कई कंपनियों में साफ-सफाई की कमी, खराब स्टोरेज व्यवस्था, एक्सपायरी सामग्री और जरूरी दस्तावेजों का अभाव जैसी गंभीर खामियां मिलीं.
FSSAI ने बताया कि कंपनियों को पहले सुधार के लिए नोटिस भी दिया गया था, लेकिन कुछ कंपनियों ने जवाब नहीं दिया, जबकि कुछ के जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए. इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उनके लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए गए.
किन 5 कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए?
1. वेदांत रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड
FSSAI की जांच में फैक्ट्री में साफ-सफाई की व्यवस्था खराब थी. इमारत की स्थिति खराब थी और कई जगह पानी जमा था. रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और कीटों से बचाव के इंतजाम भी प्रभावी नहीं थे. आयुष लाइसेंस वाले और FSSAI लाइसेंस वाले उत्पादों की सामग्री को बिना उचित अलगाव के एक साथ रखा और प्रोसेस किया जा रहा था. इसके अलावा कर्मचारियों के लिए जरूरी साफ-सफाई सुविधाएं, सुरक्षा उपकरण और फूड सेफ्टी ट्रेनिंग पर्याप्त नहीं थी. वहीं, एक्सपायरी फूड फ्लेवरिंग सामग्री भी परिसर में रखी मिली. कुछ उत्पाद वैध FSSAI लाइसेंस के बिना बनाए जा रहे थे जबकि उत्पादों के लेबल और उनमें इस्तेमाल सामग्री से जुड़ी गड़बड़ियां भी मिलीं. प्राधिकरण के मुताबिक जरूरी फूड सेफ्टी रिकॉर्ड, टेस्टिंग रिपोर्ट और ऑडिट से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले. कंपनी को FoSCoS सिस्टम के तहत जांच में सिर्फ 12 फीसदी कंप्लायंस स्कोर मिला. इसे नॉन-कंप्लायंस यानी नियमों का पालन नहीं करने वाली श्रेणी में रखा गया.
2. ल्यूसिड हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड
इस कंपनी की जांच में भी खाद्य सुरक्षा और नियमों के पालन से जुड़ी कई कमियां सामने आईं. परिसर में साफ-सफाई की स्थिति खराब थी. पर्याप्त रोशनी नहीं थी और उत्पादों को सही तरीके से स्टोर नहीं किया जा रहा था जबकि कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी. आयुर्वेदिक और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पाद एक ही परिसर में बनाए जा रहे थे, लेकिन उनके लिए अलग-अलग स्टोरेज और प्रोसेसिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. कर्मचारियों के पास जरूरी हाइजीन सुविधाएं और सुरक्षा उपकरण नहीं थे. फूड हैंडलर्स ने अनिवार्य FoSTaC ट्रेनिंग भी नहीं ली थी. खाद्य सुरक्षा, टेस्टिंग और मशीनों के रखरखाव से जुड़े रिकॉर्ड सही तरीके से नहीं रखे गए थे. इसके अलावा जांच में 10 री-लेबलर ऐसे मिले, जो कंपनी में बने उत्पादों पर बिना वैध अनुमति या NOC के नए लेबल लगा रहे थे. कंपनी को जांच में सिर्फ 27 फीसदी कंप्लायंस स्कोर मिला. एफएसएसएआई ने कहा कि कंपनी ने सुधार के लिए दिए गए नोटिस का जवाब या अनुपालन रिपोर्ट भी जमा नहीं की. इसके बाद इसका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया.
3. एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर
प्राधिकरण की जांच में सामने आया कि परिसर में साफ-सफाई और सैनिटेशन की स्थिति खराब थी. दीवारें और फर्श क्षतिग्रस्त थे जबकि हवा और रोशनी आने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. कीटों के प्रवेश की आशंका थी और मशीनें भी साफ नहीं थीं. इसके अलावा एक्सपायरी सामग्री परिसर में रखी मिली. आयुर्वेदिक और खाद्य उत्पादों को सही तरीके से अलग-अलग नहीं रखा जा रहा था. खाद्य उत्पादों की प्रोसेसिंग और पैकेजिंग अस्वच्छ माहौल में की जा रही थी. कर्मचारियों के लिए जरूरी हाइजीन सुविधाएं और ट्रेनिंग पर्याप्त नहीं थीं. खाद्य सुरक्षा जांच, कीट नियंत्रण और मशीनों के रखरखाव से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे.
4. विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स
जांच में सामने आया कि जिस परिसर के नाम पर लाइसेंस लिया गया था, वहां कोई कारोबार नहीं चल रहा था. निरीक्षण के दौरान वहां लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं था और कोई अधिकृत कर्मचारी भी मौजूद नहीं था. कंपनी अपना कारोबार दूसरी जगह शिफ्ट कर चुकी थी, लेकिन नए पते की जानकारी FSSAI लाइसेंस में अपडेट नहीं कराई गई थी. वहीं,जिस नए परिसर में कारोबार चल रहा था, वहां एक दूसरी फूड प्रोसेसिंग कंपनी M/s Myyo Foods India Private Limited भी काम कर रही थी. दूसरी कंपनी मीट प्रोसेसिंग का काम करती थी.
5. एडोरियल हेल्थकेयर
इस कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की वजह लाइसेंस में दर्ज कारोबार का वास्तविक परिसर में मौजूद नहीं होना और गलत या भ्रामक जानकारी देना है.
क्या है FoSCoS और कंप्लायंस स्कोर?
FoSCoS का पूरा नाम Food Safety Compliance System है. यह FSSAI का ऑनलाइन सिस्टम है, जिसके जरिए खाद्य कारोबार से जुड़ी लाइसेंसिंग और अनुपालन की निगरानी की जाती है.जांच के दौरान कंपनियों को खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन के आधार पर स्कोर दिया गया. इनमें वेदांत रेमेडीज को 12 फीसदी, ल्यूसिड हेल्थ केयर को 27 फीसदी और एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर को 46 फीसदी स्कोर मिला.
FSSAI ने क्यों की कार्रवाई?
FSSAI के मुताबिक, न्यूट्रास्यूटिकल और हेल्थ प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों में खाद्य सुरक्षा और नियामकीय नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है.
यह भी पढ़ें | टाटा स्टील 28,000 करोड़ रुपये में बेचेगी ट्यूब्स-पाइप्स बिजनेस और टाटा स्टील कलर्स, APL अपोलो के साथ हुई डील
यह भी पढ़ें | SpiceJet की बिगड़ती हालत पर पायलट संघ ने खोला मोर्चा, महीनों से अटकी सैलरी, DGCA से की सख्त जांच की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं