विज्ञापन

FSSAI ने जेप्टो, स्टोरिया और कई कंपनियों को भेजा नोटिस, विज्ञापनों और नियमों के उल्लंघन पर कसेगा शिकंजा

FSSAI ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto समेत कई बड़ी कंपनियों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया है. नियामक ने कथित उल्लंघन, भ्रामक लेबलिंग और विज्ञापनों के मामलों में कार्रवाई की है.

FSSAI ने जेप्टो, स्टोरिया और कई कंपनियों को भेजा नोटिस, विज्ञापनों और नियमों के उल्लंघन पर कसेगा शिकंजा
FSSAI की क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • FSSAI की क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो पर की कार्रवाई.
  • जेप्टो समेत कई बड़ी कंपनियों को नोटिस जारी मांगा जवाब.
  • भ्रामक लेबलिंग और विज्ञापनों के मामलों में बड़ी कार्रवाई.
नई दिल्ली:

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन, भ्रामक लेबलिंग और विज्ञापनों के मामलों में बड़ी कार्रवाई की है. FSSAI ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto समेत कई बड़ी कंपनियों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया है. जिन कंपनियों पर यह शिकंजा कसा गया है, उनमें Zepto के अलावा बेकलाइट फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड, हेल्दीहेय फूड्स LLP और BMS लाइफसाइंस शामिल हैं. इसके अलावा, स्टोरिया फूड्स एंड बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी भ्रामक दावों को लेकर निर्णायक कार्यवाही शुरू करने की मंजूरी दे दी गई है.

Zepto से एक्सपायरी बेसन की डिलीवरी पर मांगा जवाब

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स'पर एक ग्राहक ने शिकायत की थी कि ज़ेप्टो ने उन्हें बेसन के दो ऐसे पैकेट डिलीवर किए, जिनकी इस्तेमाल करने की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी. पैकेट पर एक्सपायरी डेट 12 सितंबर 2026 दर्ज थी. प्राधिकरण ने ज़ेप्टो को आदेश दिया है कि वह इस पूरे मामले की जांच करे और ऑर्डर, डिलीवरी, वेयरहाउस, विक्रेता और उत्पाद से जुड़ी पूरी जानकारी दे. कंपनी को यह भी स्पष्ट करना होगा कि एक्सपायरी उत्पाद ग्राहक तक आखिर कैसे पहुंचा. साथ ही प्रभावित स्टॉक वापस लेने, रिफंड देने और भविष्य में ऐसी गलतियां रोकने के लिए उठाए गए कदमों पर लिखित जवाब देना होगा.

बेकलाइट फूड प्रोसेसिंग के लेबलिंग पर सवाल

यह उत्पाद Blinkit और Zepto जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर बिकता है. इसका नाम 'क्रीम रोल' और विवरण 'क्रिस्पी एंड क्रीमी' दिया गया था, जबकि इसके पैकेट पर दूध, मिल्क फैट, क्रीम या किसी अन्य डेयरी सामग्री का कोई उल्लेख नहीं था, बल्कि रिफाइंड मैदा और हाइड्रोजेनेटेड फैट का इस्तेमाल किया गया था. FSSAI का कहना है कि 'क्रीम' एक मानकीकृत डेयरी उत्पाद है और इस उत्पाद की फिलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, जिससे ग्राहकों को भ्रम हो सकता है। कंपनी को लेबलिंग में सुधार करने और तय समय में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं.

स्वास्थ्य संबंधी दावों पर आपत्ति

कंपनी के उत्पाद 'हैग्स क्रैनबेरी यूरिनरी ट्रैक्ट हेल्थ कैप्सूल्स' का मार्केटिंग कथित तौर पर एक्सपायर्ड FSSAI रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र के तहत किया जा रहा था. इसके अलावा, उत्पाद के विज्ञापनों में यूरिनरी ट्रैक्ट, किडनी के स्वास्थ्य और इंफेक्शन से राहत जैसे बड़े दावे किए गए थे, जिनके लिए प्राधिकरण की पूर्व मंजूरी जरूरी होती है. FSSAI ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि उत्पाद पर FSSAI के लोगो का इस तरह इस्तेमाल किया गया जिससे लगे कि इसे नियामक से विशेष सर्टिफिकेशन मिला है. कंपनी से संतोषजनक स्पष्टीकरण मांगा गया है.

विज्ञापनों और सर्टिफिकेशन पर सवाल

हेल्दीहेय न्यूट्रिशन नेचुरल क्रैनबेरी एक्सट्रैक्ट 25% कैप्सूल्स' की वेबसाइट और फ्लिपकार्ट पर दिए गए विवरण में खाद्य रंगों को लेकर अंतर पाया गया. साथ ही, विज्ञापनों में 'FSSAI सर्टिफाइड' और 'हाई लेवल ऑफ सर्टिफिकेशन' जैसे शब्दों का इस्तेमाल भ्रामक पाया गया. उत्पाद के नाम में 'नेचुरल' और '100% नेचुरल' जैसे दावों को नियमों के विपरीत मानते हुए कंपनी को नोटिस जारी किया गया है.

'स्टोरिया जूस (पोमग्रेनेट)' के पैकेट पर केवल 4% अनार जूस कॉन्संट्रेट और 12% सेब जूस कॉन्संट्रेट होने के बावजूद इसे 100% फ्रूट जूस के बराबर और नो ऐडेड शुगर जैसे दावों के साथ बेचा जा रहा था. FSSAI ने पाया कि नेचुरल चीनी की जानकारी पीछे बहुत छोटे रूप में दी गई थी जबकि सामने बड़ा दावा किया गया था, जो उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकता है. कंपनी का स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर अब इसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्णायक कार्यवाही (Adjudication Proceedings) शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें | मिठाई, चटनी और स्नैक्स में रंग मिलाने के बदले नियम, जानें क्या है यूपी सरकार की नई गाइडलाइन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FSSAI, Zepto, FSSAI Action, FSSAI News, Business News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com