Crude Oil Price Today: दुनिया भर के तेल बाजारों को बड़ी राहत मिली है. अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. इस खबर के बाद ब्रेंट क्रूड 78 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड करीब 76 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा.
इस गिरावट ने इस साल संघर्ष के दौरान तेल की कीमतों में आई लगभग पूरी तेजी को खत्म कर दिया है. अब बाजार की नजर भू-राजनीतिक तनाव से हटकर इस बात पर है कि खाड़ी क्षेत्र में तेल की सप्लाई और शिपिंग गतिविधियां कितनी तेजी से सामान्य होती हैं.
ट्रंप ने कहा- जल्द खुलेगा होमुर्ज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं. उनके मुताबिक, इससे दुनिया के सबसे अहम ऑयल रूट में से एक स्ट्रेट ऑफ होमुर्ज (Strait of Hormuz) को जल्द दोबारा पूरी तरह खोला जा सकेगा.
अमेरिका- ईरान युद्ध शुरू होने से पहले दुनिया की कुल तेल सप्लाई का लगभग पांचवां हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुजरता था. लेकिन अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमलों के बाद ईरान ने इस रूट को बंद कर दिया था. इसके बाद अमेरिका ने भी अपनी तरफ से नाकेबंदी लागू कर दी थी.
ईरान ने रखी शर्त, पहले हटें अमेरिकी प्रतिबंध
हालांकि समझौता हो गया है, लेकिन ईरान ने साफ किया है कि तेल निर्यात पूरी तरह सामान्य तभी होगा जब अमेरिका उसके ऊपर लगे प्रतिबंधों में राहत देगा.ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि देश को अपना तेल बिना किसी रोक-टोक के बेचने की अनुमति मिलनी चाहिए. इसके साथ ही शिपिंग, इंश्योरेंस और पेमेंट से जुड़े सभी चैनलों को भी सामान्य तरीके से काम करने दिया जाना चाहिए.
तेल कंपनियां अभी भी सतर्क, लेकिन दिखने लगे सुधार के संकेत
इस समझौते को व्यापार और तेल सप्लाई बहाल करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. फिर भी तेल कंपनियां, ट्रेडर्स और जहाज मालिक अभी पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं. वे ऑपरेशन से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं पर अधिक स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं.इसके बावजूद बाजार में सुधार के शुरुआती संकेत दिखाई देने लगे हैं. कुछ जहाजों ने फिर से मिडिल ईस्ट की ओर अपना रुख करना शुरू कर दिया है. वहीं, ईरानी पोर्ट्स से कच्चा तेल लेकर टैंकरों का निकलना भी शुरू हो गया है.
क्या सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल? जानिए आज का रेट
अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Brent Crude) की कीमतों में भारी गिरावट आई है और युद्ध की वजह से बढ़ी कीमतें अब काफी कम हो गई हैं. लेकिन इस बड़ी राहत के बावजूद, भारतीय तेल कंपनियों ने गुरुवार, 18 जून को पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है और देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें पुरानी दरों पर ही स्थिर बनी हुई हैं.
अगर आज के रेट्स पर नजर डालें तो दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं, मुंबई में पेट्रोल का भाव ₹111.21 और डीजल का ₹97.83 प्रति लीटर है. कोलकाता में पेट्रोल ₹113.51 ,डीजल ₹99.82, चेन्नई में पेट्रोल ₹108.01 , डीजल ₹99.66, हैदराबाद में पेट्रोल ₹115.73 ,डीजल ₹103.82 और बेंगलुरु में पेट्रोल ₹110.89 , डीजल ₹98.80 प्रति लीटर के स्तर पर बना हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं