Petrol-Diesel Price Today: मध्य पूर्व एशिया (Middle East) में भू राजनीतिक तनाव बढ़ने के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारी हलचल देखी जा रही है. हाल ही में Houthis विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर किए गए हमले के बाद तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका गहरा गई है. इस तनाव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर देखने को मिल रहा है, जिससे भारतीय बास्केट (Indian Basket) के कच्चे तेल के दाम रॉकेट की तरह बढ़ गए हैं.
नहीं बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
कच्चे तेल में आई इस रिकॉर्ड तेजी के बीच भारतीय तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के गुरुवार के लिए रेट जारी कर दिए हैं. राहत की बात यह है कि वैश्विक बाजार में आई इस तेजी के बावजूद देश के कई महानगरों में आज घरेलू कीमतें स्थिर बनी हुई है, जबकि कुछ राज्यों की राजधानियों में मामूली बदलाव देखा गया है.
महज 5 दिनों में 13% चढ़ गया कच्चा तेल (Crude Oil Price Hike)
ग्लोबल मार्केट में सप्लाई चेन प्रभावित होने के डर से कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उछाल आया है. अगर भारतीय बास्केट की बात करें, तो 10 जुलाई से 15 जुलाई के बीच प्रति बैरल कीमतों में 9.46 अमेरिकी डॉलर की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 10 जुलाई को जो कच्चा तेल $73.23 प्रति बैरल ट्रेड कर रहा था. वह 15 जुलाई तक बढ़कर $82.69 प्रति बैरल यानी लगभग 83 डॉलर के करीब पहुंच गया है. इस तरह महज 5 दिनों के भीतर कच्चे तेल में 12.91% की जोरदार तेजी आ चुकी है.
दिल्ली-NCR में पेट्रोल और डीजल का ताजा हाल
देश की राजधानी नई दिल्ली और उससे सटे इलाकों में गुरुवार को तेल की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है. दिल्ली में गुरुवार को पेट्रोल की कीमत ₹102.12 प्रति लीटर पर स्थिर रही. पिछले दो महीनों में दिल्ली में पेट्रोल का भाव ₹99.51 से ₹102.12 के बीच बना हुआ है. वहीं, डीजल की बात करें तो दिल्ली में गुरुवार को डीजल का भाव ₹95.20 प्रति लीटर है, जिसमें कल के मुकाबले कोई बदलाव नहीं हुआ है. पिछले दो महीनों में यहां डीजल की कीमत ₹92.49 से ₹95.20 प्रति लीटर के दायरे में बनी हुई है.
NCR में भी नहीं पढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
गुरुग्राम (Gurgaon) में पेट्रोल ₹102.97 और डीजल ₹95.64 पर स्थिर है. वहीं नोएडा (Noida) में पेट्रोल ₹101.96 और डीजल ₹95.44 प्रति लीटर के भाव पर बना हुआ है.
देश के प्रमुख शहरों में आज पेट्रोल के दाम (Petrol Rates Today)
देश के अलग-अलग राज्यों और महानगरों में स्थानीय टैक्स (VAT) के कारण पेट्रोल की कीमतों में अंतर दिखाई देता है. आज जारी हुए पेट्रोल के ताजा दाम इस प्रकार हैं.
शहर पेट्रोल का भाव (प्रति लीटर)
- नई दिल्ली ₹102.12
- मुंबई ₹111.21
- कोलकाता ₹113.48
- चेन्नई ₹107.78
- बेंगलुरु ₹111.37
- हैदराबाद ₹115.69
- जयपुर ₹113.32
- लखनऊ ₹102.63
- पटना ₹114.36
- तिरुवनंतपुरम ₹115.49
प्रमुख महानगरों व राजधानियों में डीजल के दाम (Diesel Rates Today)
डीजल की कीमतों में भी कुछ शहरों में मामूली उतार चढ़ाव देखा गया है, जबकि बड़े महानगरों में रेट स्थिर हैं:
शहर डीजल का भाव (प्रति लीटर)
- नई दिल्ली ₹95.20
- मुंबई ₹97.83
- कोलकाता ₹99.82
- चेन्नई ₹99.56
- बेंगलुरु ₹99.26
- हैदराबाद ₹103.82
- जयपुर ₹98.34
- लखनऊ ₹96.07
- पटना ₹100.31
- तिरुवनंतपुरम ₹104.40
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चल रहे इस तनाव को देखते हुए आने वाले दिनों में घरेलू तेल विपणन कंपनियों पर खुदरा कीमतें बढ़ाने का दबाव बढ़ सकता है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि मध्य पूर्व एशिया में स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई, तो आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं