विज्ञापन

राशन की दुकान में बना रखा था शराब गोदाम, गेहूं-चावल की जगह बोतलों का जखीरा मिला, मुजफ्फरपुर में पड़ी रेड

बिहार में शराबबंदी के बीच उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए PDS दुकानदार के घर से विदेशी शराब की खेप बरामद की. जांच में शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना.

राशन की दुकान में बना रखा था शराब गोदाम, गेहूं-चावल की जगह बोतलों का जखीरा मिला, मुजफ्फरपुर में पड़ी रेड
मुजफ्फरपुर में PDS दुकान की आड़ में शराब तस्करी, लाखों की विदेशी शराब बरामद
मुजफ्फरपुर:

बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं. मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की कार्रवाई में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां सरकारी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान की आड़ में विदेशी शराब की तस्करी का कथित नेटवर्क संचालित किया जा रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में विभाग ने एक कंटेनर ट्रक और एक पीडीएस दुकानदार के घर में बने गोदाम से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. इस कार्रवाई में कंटेनर चालक और पीडीएस दुकानदार के पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

गुप्त सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई : पुलिस

उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने NDTV से कहा कि हमे सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल नंबर का एक कंटेनर ट्रक विदेशी शराब की खेप लेकर मनियारी थाना क्षेत्र के पास काजीइंडा टोल टैक्स के समीप खड़ा है. सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की कई टीमों को सक्रिय किया गया और संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक समोल गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया. समोल गिरी पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा क्षेत्र का निवासी बताया गया है.

Bihar Liquor Smuggling: शराब तस्करी पर एक्शन

Bihar Liquor Smuggling: शराब तस्करी पर एक्शन

चालक की निशानदेही पर खुला दूसरा ठिकाना

गिरफ्तारी के बाद जब उत्पाद विभाग की टीम ने चालक से पूछताछ की तो कई अहम जानकारियां सामने आईं. पूछताछ में चालक ने बताया कि उसी कंटेनर से लाई गई शराब की एक और खेप सकरा थाना क्षेत्र के गोपालपुर बहनगरी गांव में स्थित रविकर कुमार के घर पर उतारी गई थी. इस सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम तुरंत सकरा थाना क्षेत्र पहुंची और बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की.

पीडीएस दुकानदार के घर से मिली शराब

छापेमारी के दौरान टीम ने सरकारी पीडीएस दुकानदार अनीता देवी के घर के अंदर बने दो कमरों की तलाशी ली. तलाशी में वहां भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि बरामद शराब उसी कंटेनर से उतारी गई खेप का हिस्सा थी. मौके से रविकर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया. उत्पाद विभाग के अनुसार रविकर कुमार शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है.

Excise Department Raid: बरामद की गई शराब

Excise Department Raid: बरामद की गई शराब

क्या बोले उत्पाद इंस्पेक्टर?

इस मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने NDTV को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर काजीइंडा टोल टैक्स के पास खड़े कंटेनर ट्रक पर कार्रवाई की गई थी. उन्होंने कहा कि ट्रक से विदेशी शराब बरामद होने के बाद चालक से पूछताछ की गई, जिसके आधार पर सकरा थाना क्षेत्र में दूसरा ठिकाना सामने आया. प्रकाश कुमार ने बताया, "रविकर कुमार के मकान पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है. यह शराब उसी कंटेनर से उतारी गई थी. मौके से रविकर कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है."

मां पीडीएस दुकानदार, बेटा निकला तस्कर

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया. उत्पाद विभाग के अनुसार गिरफ्तार रविकर कुमार की मां अनीता देवी सरकारी पीडीएस दुकान संचालित करती हैं. आरोप है कि इसी पीडीएस दुकान और घर की आड़ में शराब तस्करी का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था. हालांकि जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की भूमिका और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही हैं.

शराब की मात्रा और नेटवर्क की जांच

उत्पाद विभाग अब कंटेनर से बरामद शराब और घर से मिली खेप का मिलान कर रहा है. इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था. अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके बयान के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है.

यह भी पढ़ें : अजब-गजब बिहार! शराब तस्करी का ये तरीका देख पुलिस भी रह गई हैरान, आप भी जानकर हो जाएंगे दंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Muzaffarpur Liquor Smuggling, PDS, PDS Dealer House Raid, Bihar Liquor Ban, Excise Department Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com