बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं. कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक मुर्गी फार्म से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में भूसे के नीचे छिपाकर रखी गई लगभग 381 लीटर शराब जब्त की गई. जिस स्थान पर मुर्गा और अंडे मिलने की उम्मीद थी, वहां से शराब की खेप मिलने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
ऐसे हुई पुलिस की कार्रवाई
बरारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सुजापुर पंचायत के हटियाटोल गांव स्थित नहर किनारे एक मुर्गी फार्म में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है. सूचना की पुष्टि के बाद बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. छापेमारी दल में एसआई कौशल कुमार, एसआई राजनेता कुमार, एसआई आलोक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया. टीम ने पूरी प्लानिंग के साथ मुर्गी फार्म पर दबिश दी.

पोल्ट्री फार्म से पकड़ा गया शराब का जखीरा
भूसे के नीचे छिपी थी शराब
पुलिस ने हटियाटोल गांव स्थित आनंद मंडल के मुर्गी फार्म की तलाशी शुरू की. शुरुआती जांच में सब कुछ सामान्य दिखाई दिया, लेकिन जब फार्म में रखे भूसे को हटाया गया तो वहां छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई. भूसे के नीचे से विदेशी ब्रांड की शराब की बोतलें मिलने के बाद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. मौके से करीब 381 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई.

थाने में जब्त शराब
लिस्ट तैयार, थाने लाई गई शराब
बरामद शराब को पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर कब्जे में लिया और थाने ले आई. पुलिस के अनुसार मामला शराब तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है. प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन इलाकों में की जानी थी.
तस्करी गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे मौजूद लोगों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही मुर्गी फार्म के संचालन और उसमें शराब छिपाने की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : फर्स्ट AC से शराब तस्करी करने वाली लड़की की कुंडली, पिता भी करते थे यही धंधा, सामने आए कई राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं