विज्ञापन

अजब-गजब बिहार! शराब तस्करी का ये तरीका देख पुलिस भी रह गई हैरान, आप भी जानकर हो जाएंगे दंग

कटिहार पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ एक अनोखे मामले का खुलासा किया है. पश्चिम बंगाल से आम के कैरेट में छुपाकर लाई जा रही 1740 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है.

अजब-गजब बिहार! शराब तस्करी का ये तरीका देख पुलिस भी रह गई हैरान, आप भी जानकर हो जाएंगे दंग
कटिहार पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ एक अनोखे मामले का खुलासा किया है

बिहार के कटिहार में शराब तस्करों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं लेकिन पुलिस भी उनके हर पैंतरे को नाकाम करने में जुटी है. हाल ही में कटिहार पुलिस ने शराब तस्करी के एक बेहद अनोखे और शातिर तरीके का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. यह कार्रवाई जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनियां के पास वाहन जांच के दौरान की गई.

गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कटिहार के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) विशाल आनंद ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के रास्ते एक पिकअप वाहन में भारी खेप विदेशी शराब की लाई जा रही है. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मनियां के पास संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई.

आम की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा

जांच के दौरान जब पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली तो उनके भी होश उड़ गए. तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था. पिकअप गाड़ी में ऊपर की तरफ आम के कैरेट सजाए गए थे और उनके ठीक नीचे तहखाना बनाकर अवैध विदेशी शराब की पेटियां छुपाई गई थीं. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया और मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया.

बरामदगी और आरोपी की पहचान

एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि जप्त किए गए पिकअप वाहन से कुल 1740 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्कर कानून से बचने के लिए आए दिन नए-नए और अजीबोगरीब तरीके अपना रहे हैं. कभी सब्जियों के बीच तो कभी फलों के कैरेट में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है. हालांकि कटिहार पुलिस इन सभी चालों से अच्छी तरह वाकिफ है और हर नापाक साजिश को नाकाम कर रही है.

गिरफ्तार किए गए वाहन चालक की पहचान समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तीरा गांव के रहने वाले राम कुमार राय के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

यह भी पढ़ें- बिहार पुलिस मुख्यालय का बड़ा फैसला, सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Katihar Police, Bihar Liquor Smuggling, Bihar Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com