विज्ञापन

मिर्जापुर में तीसरी रेल लाइन निर्माण के दौरान धंसी मिट्टी, 7 ट्रेनों का रूट बदला; एक ट्रेन रद्द

घटना के बाद इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. विशेषज्ञ मिट्टी धंसने की वजह का पता लगाने के साथ-साथ ट्रैक और आसपास के ढांचे की सुरक्षा जांच रहे हैं. रिपोर्ट- बृजेंद्र दुबे

मिर्जापुर में तीसरी रेल लाइन निर्माण के दौरान धंसी मिट्टी, 7 ट्रेनों का रूट बदला; एक ट्रेन रद्द
बिहार में ट्रेन के ट्रैक की मिट्टी धस गई.

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार शाम बड़ा तकनीकी हादसा हो गया. शाम करीब 6:20 बजे निर्माण स्थल के पास मिट्टी धंसने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. अधिकारियों ने तुरंत स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद डाउन लाइन को सुरक्षित बनाने का काम शुरू कर दिया गया है. वहीं अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है. किसी बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए रेलवे ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए और संबंधित विभागों की तकनीकी टीमों को मौके पर भेजा.

जांच और मरम्मत में जुटीं टीमें

घटना के बाद इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. विशेषज्ञ मिट्टी धंसने की वजह का पता लगाने के साथ-साथ ट्रैक और आसपास के ढांचे की सुरक्षा जांच रहे हैं. रेलवे प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जल्द से जल्द परिचालन सामान्य करने का प्रयास कर रहा है.

सात ट्रेनों का बदला गया मार्ग

सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है. ट्रेन संख्या 12274, 12398, 12368 और 12947 को प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग, बनारस, वाराणसी जंक्शन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते भेजा गया है. इसके अलावा ट्रेन संख्या 26505 और 12167 को भी प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग और बनारस मार्ग से डायवर्ट किया गया है. ट्रेन संख्या 22971 का भी मार्ग बदला गया है.

एक ट्रेन हुई निरस्त

रेलवे ने सूबेदारगंज से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन जाने वाली ट्रेन संख्या 63238 को निरस्त कर दिया है. यह ट्रेन फिलहाल प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर खड़ी है. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांचने की अपील की है.

यात्रियों को करना पड़ा इंतजार

घटना के कारण कई यात्रियों को लंबे समय तक ट्रेनों में इंतजार करना पड़ा. यात्री मंजय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन अचानक रुक गई थी. जानकारी लेने पर पता चला कि निर्माण स्थल के पास मिट्टी धंस गई है और बिजली का खंभा भी नीचे खिसक गया है. उन्होंने बताया कि यात्रियों को करीब ढाई से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा. हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी.

प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) रजनीश अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली-हावड़ा रूट पर रेल यातायात थोड़ा बाधित हुआ है. मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड के बीच नई रेल लाइन के निर्माण के दौरान शीट पाइल ढह गई है. इसकी वजह क्या रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

उन्होंने बताया कि मिट्टी भरने का काम शुरू कर दिया गया है. रेलवे का प्रयास है कि अगले चार से पांच घंटे के भीतर रेल आवागमन दोबारा शुरू कर दिया जाए. प्रभावित करीब 15 से 20 ट्रेनों को डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सकें. पुराना ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित है और उस पर अप लाइन की ट्रेनें चल रही हैं. घटना का मुख्य असर डाउन लाइन पर पड़ा है.

यह भी पढ़ें | वंदे भारत स्लीपर में तत्काल, RAC और वेटिंग टिकट का कॉन्सेप्ट नहीं, कैंसिलेशन पर कितना होगा रिफंड यह भी जान लें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mirzapur, Indian Railways, Railway News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com