विज्ञापन

'सर इसी रिवॉल्वर से हत्या किया हूं...', जमीन विवाद में रिटायर्ड फौजी ने छोटे भाई को मारी गोलियां, SP ऑफिस में किया सरेंडर

बिहार के वैशाली के में जमीन विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि रिटायर्ड फौजी सुरेश सिंह ने छोटे भाई सोमनाथ सिंह को लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने SP ऑफिस में सरेंडर किया.

'सर इसी रिवॉल्वर से हत्या किया हूं...', जमीन विवाद में रिटायर्ड फौजी ने छोटे भाई को मारी गोलियां, SP ऑफिस में किया सरेंडर
बिहार के वैशाली में जमीन विवाद में सगे भाई को उतारा मौत के घाट.
NDTV
वैशाली:

बिहार के वैशाली से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों को एक बार फिर शर्मसार कर दिया है. मकान और जमीन के जिस टुकड़े के लिए 16 बार पंचायत बैठी, घर के बीचो-बीच दीवार खड़ी कर बंटवारा किया गया, उसी जमीन ने एक भाई को हत्यारा बना दिया. हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या का आरोपी कोई आम इंसान नहीं, बल्कि देश की सरहद की रक्षा करने वाला फौज से रिटायर्ड जवान है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़े भाई ने जो किया, उसने पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ा दिए.

मृतक सोमनाथ सिंह (60)

मृतक सोमनाथ सिंह (60)
Photo Credit: NDTV

क्या है पूरा मामला?

बिहार का यह सनसनीखेज मामला वैशाली जिले के करताहां थाना क्षेत्र के धनुषी गांव का है. मृतक की पहचान सोमनाथ सिंह (60) के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उनके सगे बड़े भाई सुरेश सिंह 65 वर्ष पर लगा है, जो सेना से रिटायर्ड जवान हैं. बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच एक पुराने मकान के बंटवारे को लेकर लंबे वक्त से विवाद चल रहा था. विवाद को सुलझाने के लिए गांव में एक-दो बार नहीं, बल्कि पूरे 16 बार पंचायत बुलाई गई थी. यहां तक कि दोनों के हिस्सों को अलग करने के लिए बीच से दीवार भी गिराकर बंटवारा तय कर दिया गया था, लेकिन दोनों में से कोई भी झुकने को तैयार नहीं था.

आरोपी रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर.

आरोपी रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर.
Photo Credit: NDTV

शनिवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई फौजी सुरेश सिंह के सिर पर खून सवार हो गया. उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और छोटे भाई सोमनाथ सिंह पर एक के बाद एक कई गोलियां दाग दीं. सोमनाथ की मौके पर ही मौत हो गई.

वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया, लेकिन आरोपी भाई के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी. मृतक की पत्नी ने आंखो देखा हाल बयान किया और बताया, "चाय पीकर कप रखे ही थे, इतने में ताबड़-तोड़ गोलियां चला दी गईं. 

वहीं, मृतक की बड़ी बहू ने बताया कि फोन पर बात हो ही रही थी कि कोर्ट से फैसले सब कुछ तय होगा, तब तक पापा को तीन गोली मार दिया.

एसपी ऑफिस में आरोपी का सरेंडर

हत्या करने के बाद आरोपी सुरेश सिंह सीधे वैशाली के एसपी कार्यालय पहुंचे. हाथ में खून से सनी रिवॉल्वर थामे जब वह अधिकारियों के सामने पहुंचे, तो वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया. उन्होंने मेज पर रिवॉल्वर रखते हुए सीधे शब्दों में कहा- 'यही रिवाल्वर है सर, इसी से हत्या किए हैं."  

हालांकि, एसपी शुभांक मिश्रा ने खुद घटना स्थल का दौरा किया और एसडीपीओ गोपाल मंडल को जांच का आदेश दिया है. गोपाल मंडल ने बताया, "आरोपी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है और पुलिस ने हथियार को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है."

यह भी पढ़ें | कुछ नहीं होता तो इस्तीफा दे दीजिए; राघोपुर में तेजस्वी यादव को जनता ने घेरा, नाव हादसे के बाद फूटा गुस्सा

यह भी पढ़ें | वैशाली की DM को देखते ही लिपटकर रोने लगी महिला, कौन हैं IAS वर्षा सिंह?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Vaishali, Vaishali News, Bihar Crime, Vaishali Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com