पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो कुख्यात बदमाश गोली लगने से घायल हो गए. घायल अपराधियों की पहचान विदेशिया उर्फ अमरेंद्र और पप्पू के रूप में हुई है. दोनों के पैर में गोली लगी है. उन्हें इलाज के लिए बिहटा रेफरल अस्पताल जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पटना एम्स रेफर कर दिया गया है.
पुलिस ने घेराबंदी की
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बिहटा थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव के बधार में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं. पटना पुलिस की विशेष टीम और STF सक्रिय हो गई, और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की गई.
पुलिस पर शुरू की फायरिंग
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैसे ही पुलिस टीम अपराधियों के करीब पहुंची, बदमाशों ने खुद को घिरता देख अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई. दोनों तरफ से कुछ देर तक गोलीबारी चली, जिसमें बदमाश विदेशिया उर्फ अमरेंद्र और पप्पू घायल हो गए. मुठभेड़ के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया. रात करीब 2 बजे गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण भी अपने घरों से बाहर निकल आए.
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने हथियार, कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं. पुलिस बरामद हथियारों की आधिकारिक संख्या की जानकारी साझा नहीं की. बदमाशों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है.
यह भी पढ़ें: गुजरात की जीत से RCB को नुकसान, पंजाब, चेन्नई को फायदा, जानें किसके प्लेऑफ में पहुंचने के कितने चांस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं