नई EV SUV खरीदने वालों की मौज आने वाली है. Tata Motors अपनी इलेक्ट्रिक SUV रेंज को और बड़ा करने की तैयारी में है. इसके लिए कंपनी अपनी नई Safari EV ला रही है. माना जा रहा है साल 2026 के अंत तक भारत में Tata Safari EV आ सकती है. ये नई इलेक्ट्रिक SUV थ्री-रो (7-सीटर) फैमिली ईवी सेगमेंट में टाटा की पहली एंट्री होगी. इसमें बड़ी बैटरी, ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) का शानदार ऑप्शन और मॉडर्न व टेक-लोडेड केबिन मिलने की उम्मीद है.
ये नई Tata Safari EV असल में Harrier EV में इस्तेमाल होने वाले acti.ev+ आर्किटेक्चर के एक बेहद अपग्रेडेड और री-इंजीनियर्ड वर्जन पर आधारित होगी. इसमें सिंगल-मोटर फ्रंट-व्हील-ड्राइव (FWD) और ड्यूल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) दोनों ऑप्शन देखने को मिलेंगे.
Tata Safari EV में डुअल मोटर AWD
Safari EV के AWD वेरिएंट्स में ड्यूल-मोटर (दो मोटर) का सेटअप देखने को मिल सकता है. ये कॉन्फिगरेशन गाड़ी के चारों पहियों को सीधे पावर देगा. जिससे कार को उबड़-खाबड़ रास्तों पर बेहतरीन ट्रैक्शन और पहले से कहीं ज्यादा दमदार परफॉर्मेंस मिलेगी. इसके साथ ही, बजट फ्रेंडली ग्राहकों के लिए सिंगल-मोटर FWD वर्जन भी उपलब्ध कराया जाएगा. इससे Safari EV कई अलग-अलग वेरिएंट्स में ग्राहकों की पहुंच में होगी, जबकि इसका AWD मॉडल सबसे पावरफुल और प्रीमियम ऑप्शन के रूप में पेश किया जाएगा.
500 km तक की मिल सकती है रेंज
आने वाली Tata Safari EV में 65kWh और 75kWh के दो बड़े बैटरी पैक्स मिल सकते हैं. जो बिल्कुल वैसे ही हैं जैसे Harrier EV में देखने को मिले हैं. टाटा मोटर्स का टारगेट इस इलेक्ट्रिक गाड़ी से सिंगल चार्ज पर करीब 500 किमी तक का रियल-वर्ल्ड माइलेज देना है. इसकी बड़ी 75kWh वाली बैटरी सबसे बेहतरीन रेंज देने में सक्षम होगी. हालांकि, इसके AWD वर्जन का रेंज थोड़ा कम हो सकता है क्योंकि इसमें दो मोटर्स का इस्तेमाल होगा और गाड़ी का वजन भी ज्यादा रहेगा.
आ सकता है तीन-स्क्रीन का डैशबोर्ड
Safari EV के केबिन को बेहद आलीशान और हाई-टेक बनाया जाएगा. इसमें आपको ट्रिपल-स्क्रीन (तीन स्क्रीन) वाला डैशबोर्ड सेटअप देखने को मिल सकता है. इसमें बीच में एक 12.3-इंच का मुख्य टचस्क्रीन सिस्टम, ड्राइवर के लिए 10.25-इंच का डिजिटल मीटर (इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर) और ठीक बगल में बैठने वाले यात्री के लिए एक अलग से 12.3-इंच का डिस्प्ले दिया जा सकता है. ये हाई-टेक सेटअप इस इलेक्ट्रिक SUV के केबिन को अभी बिकने वाली डीजल सफारी के मुकाबले कहीं ज्यादा प्रीमियम लुक देगा. फीचर्स की बात करें तो इसमें Level 2 ADAS, वेंटिलेटेड और पावर एडजस्टेबल फ्रंट सीटें और दूसरी रो के लिए वेंटिलेटेड कैप्टन सीटें शामिल होंगी.
मिल सकते ज्यादा प्रीमियम फीचर्स
इसके अलावा, Safari EV में रोजमर्रा के इस्तेमाल को आसान बनाने वाले कई आधुनिक फीचर्स दिए जाएंगे. इनमें सेंसर की मदद से खुलने वाला गेट शामिल होगा. साथ ही इसमें व्हीकल-टू-लोड (V2L) और व्हीकल-टू-व्हीकल (V2V) चार्जिंग की सुविधाएं मिलेंगी. V2L तकनीक की मदद से आप अपनी कार से बाहर के अन्य डिवाइस (जैसे लैपटॉप, ड्रोन्स या कैंपिंग लाइट्स) को चला सकेंगे. जबकि V2V चार्जिंग के जरिए आप रास्ते में किसी अन्य इलेक्ट्रिक कार को अपनी कार से चार्ज (पावर शेयर) कर सकेंगे.
Tata Safari EV की लॉन्च और संभावित कीमत
Tata Safari EV के साल 2026 के अंत तक लॉन्च होने की पूरी उम्मीद है. माना जा रहा है कि इसको दिवाली के समय पेश किया जा सकता है. इस फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV की एक्स-शोरूम कीमत इसके अलग-अलग वेरिएंट्स और बैटरी साइज के हिसाब से 22 लाख रुपये से लेकर 32 लाख रुपये के बीच हो सकती है.
ये भी पढ़ें- सितंबर में कार खरीदने पर ऑफर्स की झड़ी! 1.8 लाख तक की छूट, 7-सीटर पर भी भारी डिस्काउंट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं