लंबे समय से भारतीय महिला टीम की कप्तानी कर रहीं हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी पद से इस्तीफा दे दिया है. अब सबसे बड़ा सवाल है कि उनकी जगह कौन भारतीय महिला टीम की कप्तानी करेगा. वैसे, कप्तानी पद के लिए सबसे बडी़ दावेदार स्मृति मंधाना हैं. हरमनप्रीत कौर ने सोशल मीडिया इस्टा पर पोस्ट शेयर कर कप्तानी पद से इस्तीफा देने की बात की है, हरमनप्रीत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा, "आज, मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फॉर्मेट्स में कप्तानी छोड़ रही हूं. यह फैसला आसान नहीं है. इसमें बरसों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं जो जिन्दगी भर मेरे साथ रहेंगे.
भारत को वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने वाली हरमनप्रीत कौर ने अपने पोस्ट में कहा है, "मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सब कुछ दिया है..अपना खून-पसीना, अपना समय और कई बार, अपने खेल और निजी महत्वाकांक्षाओं का भी कुछ हिस्सा रही हूं, ऐसे पल भी आए जब मुझे अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी तरक्की और अपनी चाहतों को एक तरफ़ रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले है."
हरमनप्रीत कौर हुई इमोशनल
हरमनप्रीत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा है कि कप्तान के तौर पर उनका दौर खत्म हुआ लेकिन सफर जारी है, हरमन ने लिखा, "मैंने सब कुछ देखा है. मैंने सबसे बुरे पल, दिल टूटने का दर्द, आलोचना, शक और ऐसे दिन भी देखे हैं जब कुछ भी हमारे पक्ष में नहीं लग रहा था. और मैंने सबसे शानदार पल भी अनुभव किए हैं - जीत, जश्न, देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और वे पल जिन्होंने हर त्याग को सार्थक बना दिया. आज मैं भावनाओं से भरे दिल के साथ, लेकिन मन में शांति के साथ कप्तानी छोड़ रही हूँ। क्योंकि मेरा सच में मानना है कि मेरी टीम सही स्थिति में है. एक ऐसी टीम जिसमें टैलेंट, चरित्र, भरोसा और एक ऐसा भविष्य है जिसे देखने और जिसका हिस्सा बनने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं.
मुझे लगता है कि मैंने अपना फ़र्ज़ निभाया है. मैंने इस टीम को अपना सब कुछ दिया. मैंने गर्व के साथ ज़िम्मेदारी निभाई, और भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तानी करने के सौभाग्य के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी. अब, मेरे लिए आगे बढ़ने का समय आ गया है. कप्तानी आज भले ही खत्म हो जाए, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए मेरा प्यार कभी खत्म नहीं होगा. हर उस टीममेट, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार के सदस्य और हर उस फैन का शुक्रिया जिन्होंने उतार-चढ़ाव के दौरान मेरा साथ दिया. खून. पसीना..त्याग.गर्व. मैंने अपना सब कुछ दिया. अब मैं फिर से खेल के प्रति अपने प्यार के लिए खेलने को तैयार हूं. कप्तानी का दौर खत्म हुआ, लेकिन सफर जारी है.."

कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत कौर की उपलब्धियां
- आईसीसी खिताब: नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका को हराकर भारत को उनका पहला ICC महिला ODI वर्ल्ड कप खिताब जिताया.
- एशिया कप: कप्तान के तौर पर रिकॉर्ड 4 बार महिला एशिया कप खिताब जीते (2012, 2016, 2022, 2026), जो मिताली राज से ज्यादा है,
- एशियाई गेम्स: 2022 एशियाई गेम्स में गोल्ड मेडल जीता
- T20 वर्ल्ड कप: 2020 में ICC महिला T20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में पहुंचीं (रनर-अप रहीं).
- एशियन गेम्स: 2026 एशियाई गेम्स में गोल्ड मेडल जीता
यह भी पढ़ें | वैभव सूर्यवंशी को लेकर कोच ने साफ की रणनीति, बोले- प्लेइंग इलेवन में खेलने या बेंच पर बैठने...
यह भी पढ़ें | संजू-अभिषेक पर भरोसा..वैभव को लेकर फैसला, फुल एक्शन मोड में गंभीर, T20 सीरीज के लिए बनाया मास्टर प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं