Most Affordable Diesel Cars: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक और पेट्रोल गाड़ियों के बढ़ते क्रेज के बावजूद आज भी डीजल गाड़ियों का दबदबा पूरी तरह कायम है. डीजल कारों की सबसे बड़ी खूबी उनका जबर्दस्त टॉर्क और लंबी दूरी के सफर में मिलने वाला माइलेज होता है. यदि आप भी रोज ट्रैवलिंग, ऑफिस आने-जाने के लिए या लंबे सफर के लिए एक दमदार, सुरक्षित और माइलेज-फ्रेंडली डीजल कार की तलाश में हैं, तो आपके पास ऑप्शन्स की कमी नहीं हैं. अच्छी बात है कि आप को आसानी से 23.6 किमी/लीटर तक का माइलेज कम कीमत में भी मिल जाता है. आइए, आपको ऐसी ही डीजल कारों की लिस्ट बताते हैं, जिन्हें आप खरीदने का प्लान बना सकते हैं.
Tata Altroz Diesel
टाटा मोटर्स की ये प्रीमियम हैचबैक भारतीय बाजार में बजट-फ्रेंडली डीजल कारों की लिस्ट में टॉप पर बनी हुई है. Tata Altroz डीजल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 8.29 लाख से शुरू होती है. इसके स्पोर्टी डिजाइन में लेजर-कट स्टाइलिंग, एक स्लीक ग्रिल और केबिन में आसानी से प्रवेश करने के लिए 90 डिग्री तक खुलने वाले दरवाजे दिए गए हैं. इसके ड्यूल-टोन केबिन में शानदार एम्बिएंट लाइटिंग, 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, क्रूज कंट्रोल और वायरलेस चार्जर दिया गया है.
इसमें दमदार 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर Revotorq टर्बो-डीजल इंजन दिया गया है जो 90 PS की पावर और 200 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ यह कार 23.6 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देती है. Global NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल है. इसमें डुअल एयरबैग्स, ABS, EBD, कॉर्नर स्टेबिलिटी कंट्रोल और रियर पार्किंग कैमरा मिलता है.
Kia Sonet Diesel
Kia Sonet Diesel अपने स्पोर्टी लुक और सेगमेंट-फर्स्ट मॉडर्न फीचर्स के लिए युवाओं के बीच बेहद पॉपुलर है. इसके डीजल वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.19 लाख रखी गई है. इसके मस्कुलर बंपर, सिग्नेचर टाइगर नोज ग्रिल और स्टार मैप एलईडी लाइटिंग सड़क पर इसे कमाल की विजुअल अपील देते हैं. इंटीरियर में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 10.25-इंच की टचस्क्रीन, डिजिटल क्लस्टर, इलेक्ट्रिक सनरूफ, एम्बिएंट मूड लाइटिंग और प्रीमियम Bose साउंड सिस्टम दिया गया है.
यह भी पढ़ें- क्रेटा-सिएरा के टक्कर की SUV, 21 हजार से बुकिंग शुरू, मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
ये कार 1.5-लीटर CRDi डीजल इंजन (116 PS पावर, 250 Nm टॉर्क) से पावर्ड होती है. इसमें 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड iMT और 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ 22.3 किमी/लीटर तक का माइलेज मिलता है. सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग्स, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल-स्टार्ट असिस्ट और सेलेक्टेड वेरिएंट्स में Level 1 ADAS (एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) मिलता है.
Mahindra Bolero Neo
यदि आप गांव या पथरीले रास्तों के लिए एक बेहद मजबूत, टिकाऊ और रफ-एंड-टफ गाड़ी चाहते हैं, तो Mahindra Bolero Neo सबसे बेस्ट ऑप्शन है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 8.99 लाख से शुरू होती है. लैडर-फ्रेम चेसिस पर बनी इस कार में स्पेयर व्हील सीधे टेलगेट पर फिट मिलता है, जो इसे बेहद किलर लुक देता है. इतालवी थीम वाले शानदार 7-सीटर केबिन में 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल्स और हाई-एडजस्टेबल ड्राइवर सीट दी गई है.
इसमें कंपनी का भरोसेमंद 1.5-लीटर mHawk100 डीजल इंजन मिलता है जो 100 bhp की पावर और 260 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ ये कार 17.29 किमी/लीटर का माइलेज देती है. इसके टॉप मॉडल में चुनौतीपूर्ण रास्तों से निकलने के लिए मल्टी-टेरेन टेक्नोलॉजी (मैकेनिकल लॉकिंग डिफरेंशियल) भी दी गई है. सुरक्षा के लिए इसमें कॉर्नरिंग ब्रेक कंट्रोल, एबीएस, ईबीडी और डुअल एयरबैग्स दिए गए हैं.
Mahindra XUV 3XO
Mahindra XUV 3XO भी काफी शानदार ऑप्शन है. इसके डीजल वेरिएंट्स की एक्स-शोरूम कीमत मात्र 9.36 लाख से शुरू होती है. इसमें जबरदस्त फ्रंट लुक, सी-शेप एलईडी डीआरएल्स, कनेक्टेड एलईडी टेललैंप्स और स्टाइलिश 17-इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. सॉफ्ट-टच डैशबोर्ड के साथ दोहरी 10.25-इंच की स्क्रीन्स, बड़ा पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो व ऐपल कारप्ले और प्रीमियम Harman Kardon साउंड सिस्टम मिलता है.
इसमें 1.5-लीटर टर्बो-डीजल इंजन दिया गया है जो इस सेगमेंट में सबसे बेहतरीन 117 PS की पावर और 300 Nm का तूफानी टॉर्क जनरेट करता है. ये 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ 20.6 किमी/लीटर का माइलेज देती है. पैसेंजर सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग्स, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक, ESP और Level 2 ADAS सेफ्टी कवच दिया गया है.
यह भी पढ़ें- 40 किमी/लीटर.. माइलेज की रानी है ये कार, भारत में होगी जबरदस्त वापसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं