भारतीय कार खरीदारों के बीच माइलेज की बात जरूर होती है. ज्यादा माइलेज की वजह से भारतीय बाजार में CNG कार सेगमेंट बड़ा बन रहा है. पेट्रोल और डीजल की तुलना में CNG कार को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं. हाल ही में कई CNG कार भारत में लॉन्च हुई हैं. अगर आप भी अपने लिए नई कार खरीदना चाहते हैं और माइलेज पर फोकस है तो आपको यहां पर हाल ही में लॉन्च हुई CNG कारों के बारे में बताने जा रहे हैं. नवरात्रि के दौरान आप इन कारों की खरीदारी पर बंपर छूट का भी फायदा उठा सकते हैं.
Tata Aeris
टाटा मोटर्स की बिल्कुल नई सेडान कार Tata Aeris इस समय देश के CNG कार सेगमेंट में सबसे नया और सबसे आधुनिक ऑप्शन बनकर उभरी है. इसके CNG मॉडल की एक्स-शोरूम कीमतें 7.23 लाख से शुरू होकर 11.12 लाख तक जाती हैं. कंपनी ने इस कार के शुरुआती Smart ट्रिम से लेकर सबसे टॉप-एंड Accomplished ट्रिम तक में CNG का ऑप्शन दिया है.
टाटा ने ग्राहकों की सुविधा के लिए इसके 'Pure' ट्रिम से लेकर सबसे टॉप वेरिएंट Accomplished में CNG के साथ 5-स्पीड AMT या ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी दिया है . इसमें टाटा की सिग्नेचर डुअल-टैंक CNG तकनीक का उपयोग किया गया है. जिसमें दो छोटे CNG सिलेंडरों को बूट फ्लोर के नीचे बेहद सुरक्षित तरीके से फिट किया गया है. कंपनी का कहना है कि इससे कार के भीतर बूट स्पेस बिल्कुल डिस्टर्ब नहीं होता है.
ये कार 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पावर्ड है जो CNG मोड में 74 bhp की पावर और 96.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसके 5-स्पीड मैनुअल वेरिएंट का माइलेज 26.6 किमी/किग्रा और 5-स्पीड AMT वेरिएंट का माइलेज 28.1 किमी/किग्रा है. केबिन के भीतर 10.24-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 5-inch का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 4 स्पीकर्स, 2 ट्वीटर्स और ब्लाइंड-व्यू मॉनिटरिंग के साथ 360-डिग्री पार्किंग कैमरा दिया गया है.
Kia Carens और Carens Clavis
Kia मोटर्स ने भारतीय परिवारों को ध्यान में रखकर अपनी प्रीमियम एमपीवी Carens और इसके मस्कुलर वर्जन Carens Clavis में नया CNG पावरट्रेन लॉन्च कर दिया है. Kia Carens CNG को कंपनी ने सिंगल प्रीमियम वेरिएंट Premium (O) में उतारा है. जिसकी मुंबई में ऑन-रोड कीमत 14.80 लाख है. जबकि नई Carens Clavis CNG को दो बेहतरीन वेरिएंट्स HTE और HTE (O) में पेश किया गया है. जिनकी ऑन-रोड कीमतें 14.33 लाख और 15.42 लाख रखी गई हैं.
दोनों ही गाड़ियां Kia के मजबूत 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर काम करती हैं. ये CNG मोड में 94.6 bhp की पावर और 123 Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम हैं. पेट्रोल मोड में यह इंजन 113 bhp की पावर और 143.8 Nm का टॉर्क देता है. अभी इनमें केवल 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का ही ऑप्शन मिलेगा. CNG टैंक के अतिरिक्त वजन को संभालने के लिए कंपनी ने इन दोनों गाड़ियों के सस्पेंशन को खासतौर से री-ट्यून किया है. सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए इसमें बड़े 16-इंच के ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं.

Kia Carens
केबिन के भीतर डिजिटल स्क्रीन पर CNG मोड के लिए एक डेडिकेटेड 'डिस्टेंस-टू-एम्प्टी' रीडिंग इंडिकेटर और फ्यूल चेंज करने के लिए स्विच दिया गया है. पिछली सीटों के यात्रियों की सुविधा के लिए तीसरी रो की सीटों के रेक्लाइन एंगल को भी बढ़ाया गया है.
यह भी पढ़ें- 40 किमी/लीटर.. माइलेज की रानी है ये कार, भारत में होगी जबरदस्त वापसी
Maruti Suzuki Baleno
Maruti Suzuki ने हाल ही में अपने पोर्टफोलियो की तीन चुनिंदा गाड़ियों में पहली बार CNG के साथ ऑटोमैटिक (CNG AMT) गियरबॉक्स का ऑप्शन पेश किया है. जिसमें बलेनो सबसे पहली गाड़ी है. Maruti Suzuki Baleno CNG की ऑन-रोड कीमतें 9.06 लाख से 10.65 लाख के बीच हैं. इसके मिड-स्पेक 'Delta' वेरिएंट से लेकर 'Zeta Plus' वेरिएंट तक में CNG का ऑप्शन मिलता है. हालांकि, इसका नया ऑटोमैटिक AMT गियरबॉक्स केवल 'Delta Plus' और 'Zeta Plus' वेरिएंट्स में ही बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है.
Baleno में मारुति का नया 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-series इंजन लगाया गया है. कंपनी का दावा है कि ये CNG-AMT सेटअप के साथ पूरे 34.47 किमी/किग्रा का रिकॉर्ड माइलेज देता है. CNG मोड में ये इंजन 68.8 bhp की पावर और 101.8 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसमें पुराने ट्रेडिशनल बूट-माउंटेड CNG टैंक का उपयोग किया गया है. जिसके कारण डिक्की का काफी बड़ा हिस्सा CNG सिलेंडर घेर लेता है.
Maruti Suzuki Dzire
Maruti Suzuki ने अपनी सबसे लोकप्रिय सेडान कार Dzire में भी बिल्कुल बलेनो और स्विफ्ट जैसी ही CNG AMT के साथ पेश की है. Dzire CNG वेरिएंट्स की ऑन-रोड कीमतें 9.33 लाख से 10.89 लाख के बीच हैं. इसमें 1.2-लीटर Z-series इंजन और एडवांस AMT सेटअप की बदौलत डिजायर CNG-ऑटोमैटिक वेरिएंट पूरे 36.47 किमी/किग्रा का माइलेज देता है. बलेनो की तरह इसमें भी डिक्की में लगे CNG टैंक के कारण बूट स्पेस थोड़ा कम हो जाता है.
Maruti Suzuki Swift
देश की सबसे चहेती स्पोर्टी हैचबैक Maruti Suzuki Swift भी अब बलेनो और डिजायर की तरह CNG AMT के साथ पेश की गई है. नई स्विफ्ट CNG की ऑन-रोड कीमतें 8.65 लाख से 9.70 लाख के बीच रखी गई हैं. 1.2-लीटर Z-series इंजन और 5-स्पीड CNG-AMT गियरबॉक्स के साथ स्विफ्ट 35.34 किमी/किग्रा का शानदार माइलेज देती है. दूसरे मारुति मॉडल्स की तरह स्विफ्ट में भी बूट-माउंटेड सिंगल CNG टैंक मिलता है जिससे बूट स्पेस में थोड़ी कमी आती है.
यह भी पढ़ें- अब तो सीधे घर आएगी Creta! नवरात्रि पर Hyundai का दमदार ऑफर, i10 और i20 पर भी बंपर छूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं