Viral Video: भारत के 5 शहरों को एक्सप्लोर करने के बाद यूरोपियन ट्रैवल ब्लॉगर सबरीना (Sabrina) अपने देश वापस चली गई हैं. जाने से पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (wheresabitravels) से 33 सेकंड का एक आखिरी वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वे बता रही हैं कि इंडिया में उनके 2 हफ्ते कैसे बीते? उन्हें कौन सा शहर सबसे ज्यादा पसंद आया? वो क्या चीजे थीं जो उन्हें पसंद नहीं आईं? इस वीडियो को देखने के बाद लोग भड़क गए हैं और सोशल मीडिया पर उन्हे पाकिस्तान जाने तक की सलाह दे रहे हैं.
कौन से 5 शहर घूमीं सबरीना?
सबरीना कहती हैं, 'यह देश बहुत बढ़िया है. यहां की प्रकृति अद्भुत है. नदियां बहुत सुंदर हैं और कुल मिलाकर यह देश इतिहास से समृद्ध है. इन 15 दिनों में मुझे दिल्ली, आगरा, जयपुर, अहमदाबाद और गोवा घूमने का मौका मिला. हर शहर में मुझे कई चीजें पसंद आईं, लेकिन मैं असल में किसी भी चीज की पूरी तरह तारीफ नहीं कर पाई.'
कैसा रहा उनका एक्सपीरियंस?
सबरीना आगे कहती हैं, 'भारत घूमते वक्त मैंने सिर्फ अच्छी चीजों पर ध्यान देने की पूरी कोशिश की और उनके बारे में वीडियो-फोटो के साथ पोस्ट भी किए, लेकिन असलियत के बारे में बात न करना मुझे झूठ बोलने जैसा लगता है. मैंने इन शहरों में सचमुच बहुत सुंदर जगहें देखी हैं. लेकिन जब लोग शहर का सम्मान नहीं करते, तो वहां का आनंद लेना बहुत मुश्किल हो जाता है. यहां कई ऐसी जगह थीं जहां कचरा ही कचरा था. उस कचरे को जानवर खा रहे थे. लोग कचरे के पास या उसके ऊपर सो रहे थे.'
गोवा में क्या पसंद आया?
सबरीना मानती हैं कि उन्होंने देश का बहुत छोटा सा हिस्सा ही देखा है. लेकिन वे जिस-जिस शहर भी गईं, सभी जगह ऐसा ही नजारा दिखा. वे कहती हैं, 'मुझे कई बार असुरक्षित महसूस हुआ, और अगर सैम साथ न होता, तो मुझे लगता है कि कई बार हालात बहुत मुश्किल हो सकते थे. मुझे खुशी है कि मैंने एक पुरुष के साथ यात्रा की, और व्यक्तिगत रूप से मैं गोवा को छोड़कर इन शहरों की यात्रा कभी भी अकेले नहीं करती. जो महिलाएं ऐसा करती हैं, उन्हें सलाम.
यहां देखें पूरा वीडियो:-
सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए ये रिएक्शन्स
सबरीना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड होते ही कमेंट्स की बाढ़ सी आ गई.
एक शख्स ने वीडियो पर कमेंट करते हुए कहा, 'अगर आप पूरे देश को जज करने वाले हैं और हर छोटी-मोटी बात पर शिकायत करने वाले हैं, तो शायद अगली बार आपको भारत आने के बारे में फिर से सोचना चाहिए. भारत एक बहुत बड़ा और बहुत ज्यादा आबादी वाला देश है, और इस वजह से ज़ाहिर है कि आपको हर तरह के लोग मिलेंगे. यहां हर किसी की शिक्षा, जागरूकता या समझ का स्तर एक जैसा नहीं होता, और कभी-कभी लोगों को यह नहीं पता होता कि किसी स्थिति में कैसे रिएक्ट करना है या उसे कैसे संभालना है. इसका मतलब यह नहीं है कि कुछ लोगों की हरकतों के लिए पूरे देश या यहां के सभी लोगों को दोषी ठहराया जाए.'
दूसरे यूजर ने जयपुर में महिला के असहज महसूस होने पर सवाल उठाए और पूछा कि आपको कहां और किस बात से ऐसा फील हुआ. वहीं, तीसरे शख्स ने एक बार पाकिस्तान जाकर एक्सपीरियंस करने की सलाह दे डाली.
ये भी पढ़ें:- हिमालय के गांव को छोड़कर गोवा शिफ्ट हुए Gen Z ने बताया महीने का खर्च, कहा- 'मैं 3BHK विला में रहता हूं'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं