Viral Video: गुरुग्राम के यूनिटेक यूनीवर्ल्ड टावर्स (Unitech Uniworld Towers) की 12वीं मंजिल के छज्जे पर बुधवार को एक स्ट्रीट डॉग (Street Dog) फंस गया. जब पास की बिल्डिंग में रहने वाले डिजिटल कंटेंट क्रिएटर (That Odia Guy) की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इमरजेंसी नंबर 112 पर फोन घुमा दिया. इसके बाद हरियाणा फायर सर्विस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उस छटपटाते डॉग को सुरक्षित बचा लिया.
इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो उन्होंने इंस्टाग्राम (scoodographer) पर शेयर किया है, जिसे लोग बहुत पसंद कर रहे हैं. इस वीडियो के कैप्शन में वे लिखते हैं, 'यह घटना बुधवार सुबह की है. मैं अपने काम में व्यस्त था. तभी मेरी नजर नजर सामने वाली एक खाली पड़ी इमारत पर गई. उन्होंने देखा कि 12वीं मंजिल के एक छोटे छज्जे पर एक डॉग फंसा हुआ है. ऊंचाई इतनी ज्यादा थी कि नीचे देखने पर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. कुत्ता डरा हुआ था और बार-बार नीचे झांक रहा था, जिससे कभी भी उसका संतुलन बिगड़ने और एक बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ था.'
महज 30 मिनट में पहुंची रेस्क्यू टीम
कैप्शन में आगे बताया गया है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए इमरजेंसी नंबर डायल किया और मदद की गुहार लगाई. कॉल करने के महज 30 मिनट के भीतर हरियाणा फायर सर्विस की टीम और पुलिस की पीसीआर वैन पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर पहुंच गई. चूंकि इमारत खाली थी, इसलिए रेस्क्यू टीम को पूरी सावधानी के साथ 12वें फ्लोर तक पहुंचना पड़ा. दमकल कर्मियों ने गजब की सूझबूझ दिखाई और बिना कोई शोर किए रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया, ताकि कुत्ता घबराकर नीचे न गिर जाए. आखिरकार, कुछ ही देर की मशक्कत के बाद उस बेजुबान को सुरक्षित निकाल लिया गया.
यहां देखें पूरा वीडियो:-
'मेरी तरह से उन्हें थैंक्यू बोल देना'
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अब तक करीब 80 हजार लोग देख चुके हैं और ये नंबर्स तेजी से बढ़ रहे हैं. इस वीडियो को देखने के बाद लोग अलग-अलग राय दे रहे हैं:-
एक यूजर ने लिखा, 'मेरी तरफ से उन भले लोगों को धन्यवाद बोल देना भाई.'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'हे भगवान! पता नहीं वह वहां कैसे पहुंच गया. उसे बचाने और कुत्ते की जान बचाने के लिए धन्यवाद. इसमें शामिल सभी लोगों को सलाम.'
तीसरे यूजर ने लिखा, 'यह सच में बहुत डरावना था. खुशी है कि उस समय आप वहां थे और आपने स्थिति को संभाल लिया.'
ये भी पढ़ें:- 29 साल के इंजीनियर ने अकेले दुनिया घूमने के लिए छोड़ी 50 लाख की नौकरी, बोला- 'दूसरी जॉब आसानी से मिल जाएगी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं