आज के दौर में जहां अक्सर चोरी और धोखाधड़ी की खबरें सुर्खियां बनती हैं, वहीं आंध्र प्रदेश के तिरुपति से आई एक घटना लोगों का भरोसा और इंसानियत दोनों मजबूत कर रही है. एक होटल की कैशियर ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. महिला कर्मचारी ने होटल के कमरे में छूटे करीब 40 लाख रुपए के सोने की ज्वेलरी सुरक्षित उसके असली मालिक को वापस लौटा दिए.
बेंगलुरु पहुंचने के बाद चला गहनों के गायब होने का पता
भरत नाम के एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ तिरुपति आए थे. होटल से चेकआउट करने के बाद वे बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए. लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि सोने के गहनों से भरा बैग होटल के कमरे में ही छूट गया है. बैग में लाखों रुपए के कीमती आभूषण होने के कारण परिवार की चिंता बढ़ गई. उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस और होटल मैनेजमेंट से संपर्क किया.
कैशियर शशि ने दिखाई ईमानदारी
होटल की कैशियर शशि को जब कमरे में छोड़ा गया बैग मिला, तो उन्होंने बिना देर किए उसे सुरक्षित अपने पास रख लिया और होटल मैनेजमेंट को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस के साथ मिलकर बैग की पहचान की गई और मालिक को इसकी जानकारी दी गई. जब भरत और उनका परिवार वापस तिरुपति पहुंचे, तो सभी फॉर्मेलिटी के बाद सोने के गहनों से भरा बैग उन्हें सुरक्षित सौंप दिया गया. परिवार ने राहत की सांस ली और शशि की ईमानदारी की दिल खोलकर सराहना की.
सोशल मीडिया पर लोग बोले - 'ईमानदारी अभी भी जिंदा है'
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शशि की जमकर तारीफ हो रही है. कई यूजर्स ने लिखा कि आज के समय में 40 लाख रुपए के गहने लौटाना बेहद बड़ी बात है. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि ऐसे ईमानदार कर्मचारियों का सम्मान पूरे देश में होना चाहिए. यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि दुनिया में ईमानदारी और इंसानियत आज भी जिंदा है. कभी-कभी एक सही फैसला न सिर्फ किसी की खोई हुई अमानत लौटाता है, बल्कि समाज में भरोसा और ईमानदार सोच भी वापस ले आता है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं