विज्ञापन

चाय की टपरी से हर दिन 7500 कमाता है शख्स, नहीं खोलना चाहता कैफे, बताया इसके पीछे का गणित

एक ऑफिस के बाहर चाय की टपरी चलाने वाले शख्स ने सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींचा है. रोजाना 500 कप चाय बेचकर ₹7500 कमाने वाले इस दुकानदार ने बेहद सीधे शब्दों में समझाया कि आखिर क्यों वह बड़े कैफे के खर्चों में फंसने के बजाय अपनी छोटी टपरी चलाकर खुश है.

चाय की टपरी से हर दिन 7500 कमाता है शख्स, नहीं खोलना चाहता कैफे, बताया इसके पीछे का गणित
MBA की पढ़ाई नहीं फिर भी दिया बिजनेस का सबसे बड़ा सबक.
representative image

VIRAL POST: क्या आपने कभी सोचा है कि सड़क किनारे चाय बेचने वाला हर दिन कितनी कमाई कर लेता होगा? सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्पृहा जोशी (@sprahajoshi) नाम की एक यूजर ने एक ऐसा ही वाकया शेयर किया है, जो आज इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है. हुआ यूं कि स्पृहा एक बड़े ऑफिस इलाके के बाहर खड़ी एक छोटी सी चाय की टपरी पर रुकीं. उन्होंने चाय पीते-पीते टपरी वाले भैया से बेहद सामान्य ढंग से पूछ लिया, "भैया, दिनभर में कितना कमा लेते हो?" चाय वाले का जवाब सुनकर उनके होश उड़ गए.

दुकानदार ने बताया कि वह हर दिन करीब 500 कप चाय बेच लेता है. एक कप चाय की कीमत 15 रुपये है. यानी सिर्फ चाय बेचकर उसकी रोज की कमाई 7,500 रुपये हो जाती है. कमाल की बात यह है कि उसकी टपरी पर सिर्फ चाय नहीं मिलती. वह बिस्कुट, सैंडविच और मैगी भी बेचता है, जिससे अलग से कमाई होती है.

दफ्तर आने-जाने वाले लोग रोजाना उसकी दुकान पर चाय और नाश्ते के लिए आते हैं, जिससे उसका धंधा लगातार बढ़िया चलता रहता है.

बड़ा कैफे खोलने से क्यों किया इनकार?

स्पृहा के मन में अगला सवाल यह आया कि जब इतनी अच्छी बिक्री है, तो वह एक बड़ा और अच्छा सा कैफे क्यों नहीं खोल लेता? इस पर उस चाय वाले ने जो जवाब दिया, उसमें बिजनेस का एक बहुत व्यावहारिक ज्ञान छिपा था. उसने बेहद सरल शब्दों में कहा, "यहां ग्राहक रोज आता है, कैफे खोलूंगा तो किराया और खर्चे दोनों बढ़ जाएंगे."  

चाय वाले की बात में दम था. एक नया कैफे खोलने का सीधा मतलब है - बड़ी जगह का भारी-भरकम किराया, इंटीरियर और फर्नीचर का खर्च, बिजली का बिल, रखरखाव और काम करने के लिए अलग से स्टाफ रखना. यह सारे खर्चे दुकान शुरू होने और मुनाफा कमाने से पहले ही खड़े हो जाते हैं.

इसके उलट, एक छोटी चाय की टपरी को चलाना बेहद आसान है. यहां आने वाले ग्राहक को बस एक प्याली अच्छी चाय और झटपट मिलने वाला नाश्ता चाहिए होता है, न कि बैठने के लिए आलीशान सोफे या बहुत बड़ा मेन्यू.

बिना डिग्री के सबसे समझदार कारोबारी

स्पृहा ने अपनी इस पोस्ट के आखिर में लिखा, "कभी-कभी बिजनेस के सबसे बेहतरीन फैसले वो लोग लेते हैं, जिन्होंने कभी किसी कॉलेज में बिजनेस की पढ़ाई नहीं की होती." उन्होंने लोगों से यह सवाल भी पूछा कि क्या हमें छोटे दिखने वाले इन व्यवसायों के मुनाफे को कम आंकना बंद नहीं कर देना चाहिए?

यह भी पढ़ें | भारत का सबसे छोटा गांव, -20 डिग्री तक गिर जाता है तापमान, बर्फीले वीराने में कैसे रहता है इकलौता परिवार?

यह भी पढ़ें | 'बहन के बच्चों को देख बूढ़ी मां में ताकत आ जाती है', अपने ही घर में भेदभाव से दुखी हुआ बेटा 

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Business Story, Viral Post 2026, Viral Story And Trending Story, Khabar Zara Hatke 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com