विज्ञापन

Success Story: छठ के प्रसाद ने दिखाई कारोबार की राह, मां-बेटे ने खड़ी कर दी ₹15 करोड़ की कंपनी

Success Story: छठ के प्रसाद ठेकुआ को मां के हाथों का स्वाद मिला और बेटे की बिजनेस समझ ने इसे एक बड़े ब्रांड में बदल दिया. बिहार की वीणा देवी और उनके बेटे समीर ने घर की रसोई में 4 चूल्हों से कारोबार शुरू किया था. आज उनका ब्रांड MomsMade सालाना करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार कर रहा है.

Success Story: छठ के प्रसाद ने दिखाई कारोबार की राह, मां-बेटे ने खड़ी कर दी ₹15 करोड़ की कंपनी
छठ के प्रसाद से बना करोड़ों का बिजनेस

Success Story: छठ महापर्व का नाम आते ही सूर्य देव की उपासना, घाटों पर उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और घरों में बनने वाले पारंपरिक पकवानों की याद आती है. इन पकवानों में ठेकुआ का खास महत्व है. गेहूं के आटे, गुड़ और घी से बनने वाला यह पकवान छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है. बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में शायद ही कोई ऐसा घर हो, जहां छठ के मौके पर ठेकुआ न बनाया जाता हो. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यही ठेकुआ किसी के लिए करोड़ों रुपये के कारोबार की नींव बन सकता है? बेंगलुरु में रहने वाली मां-बेटे की एक जोड़ी ने इसे सच कर दिखाया है. 

बिहार की रहने वाली वीणा देवी और उनके बेटे समीर की कहानी बताती है कि पारंपरिक स्वाद और कारोबार की अच्छी समझ मिल जाए तो घर की छोटी-सी रसोई भी बड़े बिजनेस का आधार बन सकती है. दोनों ने मिलकर MomsMade नाम से एक फूड ब्रांड तैयार किया है, जिसका सालाना कारोबार करीब 15 करोड़ रुपये हो गया है. 

15 साल तक बच्चों को पढ़ाया, फिर शुरू किया अपना काम

वीणा देवी करीब 15 साल तक स्कूल में शिक्षिका रही थीं. इसके बाद वह अपने बेटे समीर के साथ बेंगलुरु चली गईं. नए शहर में उनके पास काफी खाली समय था. इसी दौरान उन्होंने अपनी सोसाइटी की कुछ महिलाओं को घर से खाने-पीने का सामान बेचते देखा. यहीं से उन्हें भी अपना काम शुरू करने का विचार आया. उन्होंने घर की रसोई से 'अपना किचन' नाम से छोटा-सा कारोबार शुरू किया. शुरुआत में वह मीठा और नमकीन ठेकुआ के साथ दालभूटे जैसे पारंपरिक स्नैक्स बनाती थीं. उनके शुरुआती ग्राहक आसपास की सोसाइटी के लोग ही थे. शुरुआत में रोजाना 10 से 50 ऑर्डर मिलते थे. 

गुड़ के ठेकुआ ने बदल दी कारोबार की तस्वीर

कारोबार को आगे बढ़ाने में उनके बेटे समीर का अहम योगदान रहा. उन्होंने मां को छठ पूजा में बनने वाला गुड़ का ठेकुआ बड़े बाजार तक पहुंचाने का सुझाव दिया. यह आइडिया काम कर गया. लोगों को घर जैसा पारंपरिक स्वाद पसंद आया और ऑर्डर की संख्या बढ़कर रोजाना 100 के पार पहुंच गई. इसके बाद मां के हाथ के स्वाद को एक ब्रांड के रूप में पहचान दिलाने की कोशिश शुरू हुई. इस तरह MomsMade का सफर आगे बढ़ा. मां ने ठेकुआ बनाने की जिम्मेदारी संभाली, जबकि बेटे समीर ने ब्रांडिंग, मार्केटिंग और कारोबार को बढ़ाने पर ध्यान दिया. 

चार चूल्हों से 15 करोड़ रुपये तक पहुंचा कारोबार

इस कारोबार की शुरुआत किसी बड़ी फैक्ट्री या भारी निवेश से नहीं हुई थी. घर की रसोई में सिर्फ 4 चूल्हों से काम शुरू हुआ था. लेकिन धीरे-धीरे ग्राहकों की संख्या बढ़ती गई. आज इस ब्रांड को रोजाना 1,000 से ज्यादा ऑर्डर मिलने की बात कही गई है. इसके कारोबार से करीब 50 महिलाओं को भी रोजगार मिला है. MomsMade सिर्फ ठेकुआ तक सीमित नहीं है. इसके प्रोडक्ट्स में नमक पारा, दालमोट और दूसरे पारंपरिक स्नैक्स भी शामिल हैं. कंपनी के प्रोडक्ट्स में मैदा और पाम ऑयल का इस्तेमाल नहीं करने पर भी जोर दिया जाता है. आदित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर इस मां-बेटे की कहानी शेयर की थी. उनके मुताबिक, कंपनी का सालाना कारोबार करीब 15 करोड़ रुपये है और ब्रांड की वैल्यूएशन करीब 75 करोड़ रुपये बताई गई है.

छठ के प्रसाद ने दिखाई कारोबार की नई राह

वीणा देवी और समीर की कहानी सिर्फ एक सफल बिजनेस की कहानी नहीं है. यह इस बात की मिसाल भी है कि भारत के पारंपरिक खानपान में कारोबार की कितनी संभावनाएं छिपी हैं. जिस ठेकुआ को बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पीढ़ियों से छठ के प्रसाद के रूप में बनाया जाता रहा है, वही आज एक ब्रांड के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, Thekua Business
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com