न्यूयॉर्क में रहने वाली एक महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है, क्योंकि उन्होंने अपनी दादी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया. दरअसल, भारत में उनकी दादी उनकी शादी न होने से थोड़ा नाराज हो गईं, जबकि वह न्यूयॉर्क जैसे बड़े शहर में करोड़ों की कंपनी चला रही हैं और एक सफल जिंदगी जी रही हैं. हेमाक्षी मोटका नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में बताया कि यह बात तब सामने आई जब उनकी दादी एक कार्यक्रम में गई थीं. उस कार्यक्रम में सिर्फ शादीशुदा बेटियों को ही परंपरागत रूप से कंबल दिए जा रहे थे. क्योंकि, हेमाक्षी की शादी नहीं हुई है, इसलिए उनकी दादी उनके लिए कंबल नहीं ले पाईं और इससे वह उदास हो गईं. हेमाक्षी ने मजाकिया अंदाज में यह बात शेयर की.
उन्होंने वीडियो में कहा, “मेरी दादी उदास हैं, क्योंकि वह एक कार्यक्रम में गई थीं जहां शहर की सभी शादीशुदा बेटियों को कंबल दिए जा रहे थे, लेकिन वह मेरे लिए कंबल नहीं ले पाईं, क्योंकि मेरी शादी नहीं हुई है”. उन्होंने आगे हंसते हुए कहा, “मैं यहां न्यूयॉर्क में करोड़ों की कंपनी चला रही हूं, 42 किलोमीटर की मैराथन भी दौड़ चुकी हूं, लेकिन मेरी इन सारी उपलब्धियों के सामने एक कंबल भारी पड़ गया है”. इस घटना से जहां दादी का प्यार झलकता है, वहीं हेमाक्षी ने इसके जरिए महिलाओं को एक अहम संदेश भी दिया.
उन्होंने कहा कि महिलाएं अक्सर अपनी पहचान को शादी के बाद पीछे छोड़ देती हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए. वीडियो के कैप्शन में हेमाक्षी ने लिखा, “मैं इस बात पर हंसी, लेकिन इसने मुझे सोचने पर मजबूर किया. हमें बचपन से सिखाया जाता है कि जब कोई हमें चुनता है. जैसे शादी, प्रपोजल या दूसरों की स्वीकृति तो उसे सेलिब्रेट करो, लेकिन असली बात है खुद को चुनना”. उन्होंने आगे कहा, “खुद पर भरोसा होना चाहिए. अपना करियर बनाना, जोखिम लेना, अपनी कमाई करना और अपनी पसंद की जिंदगी जीना ही असली ताकत है”.
हेमाक्षी ने आगे कहा, “रिश्ते और लोगों की राय समय के साथ बदल सकती है, लेकिन आपका खुद से रिश्ता हमेशा रहता है. कंबल अच्छा हो सकता है, लेकिन आत्मविश्वास हर जगह आपके साथ रहता है”. यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. कई लोगों ने इसके मजाकिया अंदाज कमेंट किया. एक यूजर ने मजाक में लिखा, “अब ऐसा कार्यक्रम होना चाहिए जिसमें कुंवारी बेटियों को कंबल दिए जाएं, खेल ही बदल जाएगा”. वहीं, कई लोगों ने हेमाक्षी की सराहना की कि उन्होंने एक साधारण पारिवारिक किस्से को आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता जैसे जरूरी मुद्दे से जोड़ दिया.
यह भी पढ़ें:- गाड़ी के नीचे आने वाला था बिल्ली का बच्चा, पुलिसवाले ने ऐसे बचाई जान, दिल छू लेने वाला वीडियो वायरल
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं