विज्ञापन

एक किलर व्हेल ने पूंछ पकड़ी, दूसरी ने 'टॉरपीडो' बनकर मारी टक्कर; पानी में ब्लास्ट हो गई 1800 किलो की सनफिश

समुद्र की गहराई में किलर व्हेल के शिकार का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दो ओर्का ने मिलकर 1800 किलो की सनफिश को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह पानी में ही ब्लास्ट हो गई.

एक किलर व्हेल ने पूंछ पकड़ी, दूसरी ने 'टॉरपीडो' बनकर मारी टक्कर; पानी में ब्लास्ट हो गई 1800 किलो की सनफिश
किलर व्हेल की टक्कर के बाद अनगिनत टुकड़ों में बिखर गई 1800 किलो की सनफिश.
Instagram@drkatyayres

Viral Video: समंदर में किलर व्हेल्स (Orcas) के शिकार करने का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसे वैज्ञानिकों ने भी पहले कभी नहीं देखा था. मैक्सिको के प्रशांत महासागर और कैलिफोर्निया की खाड़ी में व्हेल्स ने 1800 किलो वजनी शार्पटेल सनफिश (Sharptail Sunfish) को किसी टॉरपीडो की तरह टक्कर मारकर पानी में ही उड़ा दिया. यह पूरी जानकारी गुरुवार को Frontiers in Ethology जर्नल में छपी स्टडी से सामने आई है.

कैसे किया 1800 किलो की मछली का शिकार?

शार्पटेल सनफिश दुनिया की सबसे भारी मछलियों में आती है, जिसकी लंबाई 10 फीट और वजन 1800 किलो तक होता है. साल 2024 और 2025 में डाइवर्स द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में व्हेल्स का गजब का तालमेल दिखा. एक व्हेल ने सनफिश की पूंछ को कसकर पकड़ लिया ताकि वह भाग न सके. दूसरी व्हेल ने पूरी रफ्तार से उसकी तरफ छलांग लगाई. टक्कर से ठीक एक सेकंड पहले पहली व्हेल ने पूंछ छोड़ दी और दूसरी ने सीधे मछली पर जोरदार प्रहार किया. यह टक्कर इतनी तेज थी कि विशालकाय सनफिश पानी के अंदर ही कई टुकड़ों में फट गई. इसके बाद युवा ओर्का पानी में तैरते हुए उन टुकड़ों को खाने लगे, जबकि बड़ी व्हेल्स सनफिश के बचे हुए शरीर को चीरने लगीं.

वैज्ञानिकों ने क्या बताया?

जुलाई 2024 में 'बिनीथ द वेव्स' संस्था की वैज्ञानिक कैथरीन आयरेस ने सबसे पहले इस घटना को अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया था. शार्क पर स्टडी करने वाली कैथरीन ने कैलिफोर्निया की खाड़ी में शार्क का शिकार करने वाली व्हेल्स को देखकर इस पर ध्यान दिया. सैन जोस डेल काबो के पास ओशन सफारी टूर के दौरान उन्होंने इसे फिल्माया.

कैथरीन ने CNN को बताया, 'मैंने व्हेल्स को शिकार के दौरान साथ काम करते पहले भी देखा है, लेकिन सनफिश को इस तरह टुकड़ों में बंटते देखना पूरी तरह नया अनुभव था.' वीडियो रिकॉर्ड करते वक्त उनकी हैरानी साफ सुनी जा सकती है, जहां वे बार-बार 'ओह गॉड!' कह रही थीं.

'ओर्का बिहेवियर इंस्टीट्यूट' की डायरेक्टर मोनिका वीलैंड शील्ड्स ने भी CNN को बताया कि यह पहली बार दर्ज किया गया ऐसा व्यवहार है. स्पेन और पुर्तगाल के पास व्हेल्स द्वारा यॉट को टक्कर मारने की खबरें तो आती रही हैं, लेकिन इस तरह का शिकार कभी नहीं देखा गया.

व्हेल्स ने मछली को क्यों ब्लास्ट किया?

रिसर्चर्स के मुताबिक इसके पीछे दो मुख्य वजहें हो सकती हैं:-

  1. टक्कर मारकर मछली को बिखेरने से युवा ओर्का पानी में तैरते हुए उन टुकड़ों को आसानी से खा लेते हैं. साथ मिलकर खाना खाने से इनका आपसी बॉन्ड भी मजबूत होता है.
  2. कैथरीन ने बताया कि व्हेल्स टक्कर मारने से पहले ही मछली के सबसे पौष्टिक अंदरूनी अंग खा चुकी थीं. इसका मतलब है कि यह टक्कर भूख मिटाने के लिए नहीं, बल्कि शायद मजे के लिए मारी गई थी.

व्हेल्स के मरे हुए शिकार के साथ खेलने की आदत पुरानी है. वाशिंगटन के पगेट साउंड में व्हेल्स को मरी हुई सैल्मन मछली को सिर पर 'टोपी' की तरह पहनते, सील के अंगों को पंखों पर लपेटते या सी लायन की खाल को हवा में उछालते देखा जा चुका है. इसके अलावा वे केल्प, लकड़ियों और क्रैब पॉट्स के साथ भी खेलती हैं.

मछली के फटने की वजह

कैथरीन का मानना है कि सनफिश का शरीर चपटा होता है. जब व्हेल्स ने अंदरूनी अंग निकाल लिए, तो मछली अंदर से खोखली हो गई, जिससे तेज रफ्तार की टक्कर के बाद वह आसानी से फट गई. हालांकि, वैज्ञानिक इसे अभी एक शुरुआती अनुमान ही मान रहे हैं, क्योंकि अन्य सनफिश प्रजातियों में ऐसा शिकार नहीं देखा गया है.

ये भी पढ़ें:- 'पत्नी सिर्फ बच्चों पर ध्यान देती थी...' इस छोटी सी जलन में पति ने 20 साल तक घर में नहीं बोला एक भी शब्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video, Sunfish, Orca Killer Whale, Hunting Video, Zara Hatke News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com