स्कूल फीस माफ करने के लिए कांवड़ उठाने वाले मथुरा के चार बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. अब इन बच्चों की किस्मत बदल गई है और डीएम ने खुद इसका संज्ञान लिया है. मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने चारों बच्चों को अपने ऑफिस बुलाया और उनकी फीस माफ करवाई. इतना ही नहीं, डीएम ने बच्चों को मुफ्त किताबें, ड्रेस और बैग भी दिया. इसके अलावा मथुरा के एसडीएम ने चारों बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेने की बात कही है.
सोशल मीडिया से मिली जानकारी
मथुरा के डीएम की इस पहल की लोग खूब तारीफ कर रहे हैं. मामला मथुरा के कोसीकलां के बठैन गेट के पास बैंक कॉलोनी निवासी भरत सिंह के परिवार से जुड़ा है. सोशल मीडिया पर बच्चों की आर्थिक परेशानी और पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी सामने आई थी. वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ बच्चे आर्थिक तंगी और फीस माफी की मन्नत मांगते हुए कांवड़ लेकर आ रहे थे.
टीम भेजकर कराई जांच
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मथुरा डीएम ने एसडीएम छाता अखिलेश कुमार और बेसिक शिक्षा विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई. जांच के बाद बच्चों और उनके पिता को कलेक्ट्रेट बुलाया गया. यहां डीएम ने चारों बच्चों साधना, मुस्कान, शिवम और प्रेरणा से मुलाकात कर उन्हें प्रोत्साहित किया. बच्चों को दो-दो सेट स्कूल ड्रेस, बैग, किताबों का सेट, पेंसिल बॉक्स, जूते-मोजे और टिफिन बॉक्स सहित अध्ययन सामग्री दी गई.
सभी बच्चों की पूरी फीस माफ
डीएम ने बताया कि साधना कक्षा 11 में नगर पालिका इंटर कॉलेज कोसीकलां में पढ़ती है, जहां ट्यूशन फीस नहीं ली जाती. वहीं मुस्कान कक्षा 9, शिवम कक्षा 7 और प्रेरणा कक्षा 3 में आदर्श विद्या मंदिर में पढ़ रहे हैं. प्रेरणा की फीस पहले ही माफ थी. मुस्कान की 6,800 रुपये और शिवम की 5,500 रुपये बकाया फीस भी माफ करा दी गई. स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि भविष्य में भी इन बच्चों से कोई फीस न ली जाए. बच्चों की शिक्षा निर्बाध जारी रखने के लिए एसडीएम छाता अखिलेश कुमार ने चारों बच्चों को गोद लिया है. वह बच्चों की पढ़ाई और आवश्यकताओं की निगरानी करेंगे.
बच्चों के पिता भरत सिंह परचून की दुकान चलाते हैं, जबकि मां सुनीता सिलाई का काम करती हैं. दोनों दिव्यांग हैं और परिवार को दिव्यांग पेंशन का लाभ मिल रहा है. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत परिवार को आवास भी स्वीकृत हुआ है और एक लाख रुपये की पहली किश्त जारी हो चुकी है.
ये भी पढ़ें - 1 करोड़ की रिश्वत लेने वाले IPS राहुल बंसल का UPSC रिजल्ट, इंटरव्यू के नंबर सबसे खराब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं