- बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना की ग्रमीणों ने निंदा की
- करीब बीस मिनट तक लड़की के साथ छेड़छाड़ हुई, जबकि आसपास से कोई मदद के लिए आगे नहीं आया
- स्थानीय लोगों ने आरोपियों के लिए सख्त से सख्त सजा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है
बिहार के जमुई में एक लड़की के साथ सरेआम हुई छेड़छाड़ की घटना ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है. इस घटना का वीडियो भी शर्म से आंखें झुका देने वाला है. पहाड़ी पर घूमकर लौट रहे नाबालिग लड़का-लड़की को कुछ लोगों ने रास्ते में रोका और उनके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की. नाबालिगों के साथ आखिर हुआ क्या और गांव वालों का इस घटना पर क्या कहना है, उनको इसके बारे में कब पता चला, घटना वाले दिन की हर एक बात जानने के लिए एनडीटीवी की टीम पहाड़ से जुड़े उसी मड़वा गांव में पहुंची. गांव वाले इस पर क्या कह रहे हैं, जानिए.
ऐसी घटनाएं दुख पहुंचाती हैं
सड़क के रास्ते बाइक से जा रहे एक स्थानीय ने बताया कि उनको घटना के बारे में आज सुबह ही पता चला. सुबह सभी बूढ़े बुजुर्ग चबूतरे पर बैठे थे,तभी सुना कि कल शाम को आठ बजे तकरीबन छेड़छाड़ की घटना हुई.12 बजे पता चला कि तीन लड़कों को मड़वा से अरेस्ट किया गया है. इस घटना पर हमें बहुत दुख है. ऐसी घटना पहले भी एक-दो बार हो चुकी है. लोग पहाड़ी पर घूमने आते हैं तो हमें बहुत खुशी होती है.
स्थानीय शख्स ने कहा कि यहां पर बहुत ही हरी-भरी पहाड़ी है. लोग बहुत शौक से यहां घूमने आते हैं. ये देखकर बहुत खुशी होती है कि वे हमारे गांव में घूमने आए हैं. लेकिन ऐसी घटनाएं बहुत दुख पहुंचाती हैं.

पर्यटक घूमने आते हैं तो खुशी होती है
उन्होंने कहा कि यहां घूमने आने वालों के साथ ये सब न हो और सबको यहां घूमने दिया जाए. पर्यटन अगर यहां घूमने आएंगे तो यहां पर विकास होगा और इससे हम लोगों को बहुत फायदा होगा. नदी है पास में पहाड़ है. लोगों के यहां घूमने आने से यहां के लोगों को फायदा होगा. पर्यटक गांव में आएंगे तो सामान खरीदेंगे. दुकान में बिक्री होगी तो दुकानों के साथ ही होटल भी खुलेंगे.
आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिले
ग्रामीण ने कहा कि पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में जिन लोगों को गिरफ्तार किया है उनको सख्त से सख्त सजा दी जाी चाहिए. जब उनसे पूछा गया कि इस तरह की लगातार हो रही घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गांव वाले क्या कोशिश कर रहे हैं तो इस पर उन्होंने कहा कि ऐसी सजा मिले कि लोग ऐसी घटना को अंजाम देने से पहले एक बार, सौ बार नहीं बल्कि लाखों बार सोचें.

पुलिस- प्रशासन सख्त कदम उठाए
जब एनडीटीवी की टीम ने उनसे पूछा कि ऐसी घटना से आपके गांव की बदनामी होती है तो ऐसे में आप लोग क्या कदम अपने स्तर पर उठा रहे हैं? इस पर उन्होंने कहा कि हम क्या कहें, हम तो ग्रामीण आदमी हैं. इसके लिए तो सरकार और प्रशासन को भी सख्त कदम उठाना होगा. हम लोग तो ऐसी घटनाओं की निंदा कर रहे हैं. ग्रामीण तो यही कह सकते हैं कि जो भी हुआ वह गलत हुआ. न तो हमारे हाथ में सजा देना है. हम तो बस समझा ही सकते हैं कि ऐसा काम नहीं करना चाहिए. वहीं जब अन्य शख्स से इस तरह की अन्य घटनाओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं दूसरे गांव में हुई हैं, दूसरे गांव के बारे में हमें ज्यादा कुछ पता नहीं है.

नाबालिग लड़की के साथ क्या हुआ?
बता दें कि घटना शनिवार की है. 10वीं क्लास में पढ़ने वाले दो नाबालिग बच्चे कोचिंग के बाद यहां घूमने आए थे. सात बजे के आसपास दोनों पहाड़ी से नीचे उतर रहे थे तभी कई लोगों ने उनको घेर लिया और उनसे पूछताछ करने लगे कि वे कहां से हैं और दोनों में क्या रिश्ता है. इसके बाद उन्होंने लड़की के साथ बदसलूकी और छेड़खानी की. उन्होंने लड़का जब अपनी दोस्त को बचाने लगा तो उसके साथ भी मारपीट की. इतना ही नहीं उन लोगों ने लड़की को गलत तरीके से छुआ और उसको अपने साथ लेकर भागने की कोशिश करने लगे. ये घटना दिल दहला देने वाली है.
दूसरी तरफ पहाड़ के लोग भी बता रहे हैं कि ऐसी घटनाएं आमतौर पर यहां होती है. यहां घूमने आने वाले ज्यादातर लोग शिकायत दर्ज नहीं करवा पाते इसीलिए आस पास के सामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता है और वह बार-बार इस घटना को अंजाम देते हैं.
लड़की के साथ 20 मिनट तक हुई छेड़खानी
शनिवार को जब लड़के-लड़की के साथ यह वारदात हुई उस समय सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही हो रही थी. आरोपी करीब बीस मिनट तक दोनों को परेशान करते रहे. वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से लड़की के साथ बदसलूकी की छेड़खानी की और युवक के साथ मारपीट की. इस दौरान कई गाड़िया यहां से गुजरी और कई लोग यहां से गुजरे लेकिन किसी ने भी उन दोनों की मदद करने की कोशिश नहीं की.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की. बताया जा रहा कि सात से आठ लोग इस घटना में शामिल थे, जिनमें से तीन अभी पुलिस की गिरफ्त में है. मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी की कोशिश पुलिस कर रही है.
ये भी पढे़ं-जमुई छेड़छाड़ केस : नाबालिग पीड़िता की पहचान वायरल करने वालों पर FIR, 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं