विज्ञापन

16 साल बाद एयरपोर्ट पर मिला पुराना बॉस, कर्मचारी ने पूछा ऐसा सवाल… सुनते ही मैनेजर के उड़ गए होश

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 16 साल बाद अपने पुराने मैनेजर से मिले शख्स ने जब 2010 में न मिले रिलीविंग लेटर का जिक्र किया, तो मैनेजर का रिएक्शन देखकर वह खुद हैरान रह गया. Reddit पर शेयर हुई यह कहानी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

16 साल बाद एयरपोर्ट पर मिला पुराना बॉस, कर्मचारी ने पूछा ऐसा सवाल… सुनते ही मैनेजर के उड़ गए होश
सालों बाद पुराने बॉस से मिला शख्स, एक सवाल ने खोल दी ऑफिस पॉलिटिक्स की पुरानी परतें
Pic Credit: Unsplash

कई बार ऑफिस की कुछ बातें इंसान सालों बाद भी नहीं भूल पाता. ऐसी ही एक कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जहां एक शख्स की अपने पुराने मैनेजर से 16 साल बाद मुलाकात हुई. लेकिन बातचीत के दौरान उसने ऐसा सवाल पूछ लिया कि सामने वाला मैनेजर बिना कुछ बोले वहां से उठकर चला गया.

यह पूरा मामला Reddit के r/IndianWorkplace फोरम पर शेयर किया गया, जहां यूजर ने अपनी पुरानी नौकरी और उससे जुड़ा एक अधूरा अनुभव बताया.

2008 में शुरू हुई थी नौकरी

पोस्ट के मुताबिक, शख्स ने 2008 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी शुरू की थी. करीब दो साल तक काम करने के दौरान उसे लगातार दूर-दराज के प्रोजेक्ट्स पर जाना पड़ता था. उसने यह भी दावा किया कि ऑफिस में फेवरिटिज्म यानी पक्षपात काफी ज्यादा था.

धीरे-धीरे वह इस काम से परेशान हो गया और आखिरकार उसने नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया. उसी दौरान उसे केंद्र सरकार में एक वैज्ञानिक पद पर चयन का मौका मिला, जिसे उसने स्वीकार कर लिया.

रिलीविंग लेटर का वादा, लेकिन कभी नहीं मिला

शख्स ने बताया, कि इस्तीफा देने के बाद HR ने उससे बातचीत की और कंपनी छोड़ने की असली वजह भी पूछी. उसने खुलकर अपने अनुभव साझा किए, जिसके बाद कंपनी ने उसे तीन महीने का नोटिस पीरियड पूरा किए बिना जल्दी रिलीव करने का फैसला किया. हालांकि, एक चीज अधूरी रह गई.

उसके अनुसार, मैनेजर ने वादा किया था कि आखिरी दिन उसे रिलीविंग लेटर दे दिया जाएगा, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ. उसने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया. आखिरकार उसने उस बात को छोड़कर अपने नए करियर पर ध्यान देना शुरू कर दिया.

Latest and Breaking News on NDTV

एयरपोर्ट पर हुई अचानक मुलाकात

करीब 16 साल बाद बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उसकी मुलाकात अचानक उसी पुराने मैनेजर से हो गई. पोस्ट के अनुसार, दोनों ने पहले काफी गर्मजोशी से बातचीत की. मैनेजर ने उसे पहचान लिया और उसके करियर की तारीफ भी की. लेकिन, माहौल तब बदल गया जब शख्स ने अचानक पुराने रिलीविंग लेटर का जिक्र कर दिया.

उसने बताया कि जैसे ही उसने यह बात कही, मैनेजर का चेहरा तुरंत बदल गया. कुछ ही सेकंड में वह अपनी सीट से उठा और बिना कुछ बोले वहां से चला गया.

लोगों ने दिए अलग-अलग रिएक्शन

यह कहानी वायरल होने के बाद कई लोगों ने अपने अनुभव भी साझा किए. कुछ यूजर्स का मानना था कि मैनेजर शायद अंदर ही अंदर उस घटना को लेकर अपराधबोध महसूस कर रहा था. वहीं कुछ लोगों ने कहा, कि ऑफिस की राजनीति और ईगो से जुड़ी बातें कई सालों तक लोगों के दिमाग में बनी रहती हैं.

कई यूजर्स ने यह भी लिखा, कि रिलीविंग लेटर जैसे मुद्दे आज भी कई कर्मचारियों के लिए बड़ी परेशानी बने हुए हैं. वहीं, कुछ लोगों ने संतुलित राय देते हुए कहा कि दोनों पक्षों की अपनी-अपनी भावनाएं हो सकती हैं और शायद मैनेजर उस पुराने अध्याय को दोबारा याद नहीं करना चाहता था.

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें: एक दिन साथ काम करेंगे… बेटी से मां की कही बात 10 साल बाद हुई सच, Amazon में साथ कर रहीं काम, वायरल हुई कहानी

फोटो खिंचवाते समय भूलकर भी न दिखाएं Victory Sign, AI की मदद से हैकर्स चुरा सकते हैं आपके Fingerprints

2 महीने के बच्चे के साथ भारत घूमने निकले ब्रिटिश कपल, Indian Railways की जमकर की तारीफ

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com