VIRAL VIDEO: देश के मशहूर बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक बेहद आंखें खोलने वाला वीडियो शेयर किया है, जो आज के माता-पिता की सबसे बड़ी गलती को उजागर करता है. अक्सर हम अपने बच्चों को तकलीफ से बचाने के चक्कर में उन्हें कमजोर बना रहे हैं. गोयनका ने वीडियो साझा करते हुए लिखा कि हम ऐसे बच्चों को बड़ा कर रहे हैं जो जिंदगी के उतार-चढ़ाव से पूरी तरह अनजान हैं. हमारा काम सिर्फ उनके जीवन को आरामदेह बनाना नहीं, बल्कि उन्हें असल जिंदगी की चुनौतियों के लिए तैयार करना है.
छोटी-छोटी मुश्किलें दूर करने की बड़ी भूल
वीडियो में दिख रहा शख्स आज की ओवर-प्रोटेक्टिव पैरेंटिंग पर सीधे सवाल खड़े करता है. वह कहता है कि हम बच्चों को अनजाने में एक बहुत खतरनाक बात सिखा रहे हैं कि जिंदगी में कभी परेशान होना ही नहीं चाहिए. बच्चा जरा सा बोर हुआ नहीं कि हमने हाथ में फोन थमा दिया.
वो किसी खेल में हार गया, तो हम कहने लगते हैं कि कोई बात नहीं बेटा, तुम ही सबसे अच्छे हो. स्कूल में टीचर ने डांट दिया, तो हम अगले ही दिन शिकायत लेकर स्कूल पहुंच जाते हैं. दोस्त से अनबन हुई, तो उसके पेरेंट्स को फोन मिला देते हैं. हम बच्चों के रास्ते से हर छोटा पत्थर खुद ही हटा देना चाहते हैं.
यहां देखें पूरा वीडियो:
We are raising children who are increasingly unfamiliar with discomfort. As parents, our job is to prepare them for life, not make life comfortable for them. https://t.co/j5wNdbCKBS
— Harsh Goenka (@hvgoenka) November 28, 2026
25 की उम्र में जब बॉस डांटेगा, तब क्या होगा?
लेकिन जरा सोचिए, जब यही बच्चा 25 साल का होगा और ऑफिस में बॉस उसे डांटेगा, तब क्या होगा? जब उसे किसी जॉब इंटरव्यू से बाहर कर दिया जाएगा या उसका सबसे करीबी दोस्त उसे धोखा देगा, तब आप किसके पास फोन करेंगे? तब उसकी समस्या कौन सुलझाएगा? हम बच्चों को सुरक्षित रखने और उन्हें जिंदगी के लिए तैयार करने के बीच का फर्क भूलते जा रहे हैं.
हर संघर्ष से बचाना प्यार नहीं, लाचारी है
शख्स आगे कहता है, "एक पिता होने के नाते मैं समझता हूं कि बच्चे को परेशान देखकर दिल दुखता है. लेकिन हर मुश्किल को तुरंत खत्म कर देना प्यार नहीं है. असली प्यार तो यह है कि आप उसके पास बैठें, उसकी बात सुनें और उसे खुद अपनी समस्या का हल निकालने का मौका दें. हम उन्हें गणित, कोडिंग और परीक्षाओं की तैयारी तो करवा रहे हैं, पर क्या हम उन्हें असफलता और रिजेक्शन को झेलना सिखा रहे हैं? क्या हम उनमें यह भरोसा जगा पा रहे हैं कि मुसीबत आने पर वे खुद खड़े हो सकते हैं?"
बच्चों का रास्ता मत साफ करिए, उन्हें मजबूत बनाइए
हम बच्चों की मुश्किलें इसलिए नहीं सुलझाते क्योंकि वे कमजोर हैं, बल्कि इसलिए सुलझाते हैं क्योंकि हम उन्हें संघर्ष करते हुए नहीं देख पाते. मगर सच तो यही है कि आज से बीस साल बाद जब जिंदगी उनके सामने मुश्किलें खड़ी करेगी, तब हम उनके साथ नहीं होंगे.
उन्हें तब सिर्फ यह याद नहीं आना चाहिए कि मम्मी-पापा ने उनके लिए क्या-क्या किया, बल्कि उनमें यह खुद पर भरोसा होना चाहिए कि वे अपनी जंग खुद लड़ सकते हैं. हमारा काम बच्चों की राह से कांटों को हटाना नहीं, बल्कि उन्हें बिना डरे कांटों पर चलना सिखाना है.
यह भी पढ़ें | हर्ष गोयनका की तारीफ पर IAS तुकाराम मुंडे ने दिया जवाब, बोले- 'ईमानदारी एक्सेप्शन नहीं, नॉर्म होनी चाहिए'
यह भी पढ़ें | वियतनाम एयरपोर्ट पर भारतीयों की हरकत पर नाराज हुए हर्ष गोयनका, लोग बोले- पासपोर्ट रद्द करो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं