विज्ञापन

2 महीने के बच्चे के साथ भारत घूमने निकले ब्रिटिश कपल, Indian Railways की जमकर की तारीफ

2 महीने के बच्चे के साथ भारत घूम रहे ब्रिटिश कपल ने भारतीय रेलवे और भारतीय मेहमाननवाजी की जमकर तारीफ की. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

2 महीने के बच्चे के साथ भारत घूमने निकले ब्रिटिश कपल, Indian Railways की जमकर की तारीफ
भारत आए ब्रिटिश माता-पिता हुए इमोशनल, बोले- यहां हर कोई बच्चे को अपना समझता है

भारत घूमने आए एक ब्रिटिश कपल ने भारतीय रेलवे और भारतीय लोगों की मेहमाननवाजी की जमकर तारीफ की है. खास बात यह है कि यह कपल अपने सिर्फ 2 महीने के बच्चे के साथ पूरे भारत की यात्रा कर रहा है. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

भारत की संस्कृति, लोगों का अपनापन और भारतीय रेलवे का अनुभव विदेशी पर्यटकों को अक्सर प्रभावित करता है. इस बार एक ब्रिटिश कपल ने अपने भारत दौरे के अनुभव साझा कर सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं.

हेज़ल लिंडसे और मार्टिन बेली नाम के इस कपल ने अपने 2 महीने के बेटे अलेक्जेंडर के साथ भारत यात्रा की. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें बताया कि भारतीय रेलवे उनके लिए शहरों के बीच सफर करने का शानदार तरीका साबित हुई.

कपल ने कहा, कि उन्हें पहले से ही भारतीय ट्रेनों में सफर करना पसंद था और जब उनका बेटा अलेक्जेंडर पैदा हुआ तो उन्होंने तय किया कि उसे भी यह अनुभव जरूर कराएंगे.

भारतीय रेलवे को बताया शानदार

कपल ने कहा, कि भारत में ट्रेनें ज्यादातर समय पर चलती हैं और मोबाइल ऐप से टिकट बुक करना भी आसान है. हालांकि, कुछ रेलवे स्टेशन काफी भीड़भाड़ वाले थे, लेकिन वहां लिफ्ट और कुलियों की सुविधा ने उनकी यात्रा को आसान बना दिया. उन्होंने बताया कि बच्चे के साथ काफी सामान होने के बावजूद उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई.

देखें Video:

बच्चे को खूब पसंद आया भारत का माहौल

हेज़ल लिंडसे ने बताया, कि उनके बेटे अलेक्जेंडर को भारत का माहौल काफी पसंद आया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि बच्चे को यहां जिंदगी की सबसे अच्छी नींद मिली. उन्होंने बताया कि बच्चा कभी टुक-टुक में घूमते हुए तो कभी मटन बिरयानी खाते समय उनकी गोद में आराम से सो जाता था.

कपल ने यह भी कहा कि भारत में लोग बच्चों को देखकर बेहद खुश हो जाते हैं और हर कोई उनसे मिलना चाहता है. कई लोग बच्चे को गोद में लेने की इच्छा जताते थे.

भारत बच्चों के लिए बेहद वेलकमिंग

ब्रिटिश कपल ने भारतीय लोगों की मेहमाननवाजी की भी खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि जब भी वे किसी रेस्टोरेंट में डिनर करने जाते थे तो वहां उनके बच्चे के लिए छोटा और प्यारा पालना तक लाकर दिया जाता था.

उनके इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी खूब प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने लिखा, एक बच्चे को बड़ा करने के लिए पूरे गांव की जरूरत होती है और भारत वही गांव है. वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, रेस्टोरेंट में बच्चे के लिए पालना देना सच में बहुत शानदार बात है.

हालांकि, कुछ लोगों ने मां की सेहत को लेकर चिंता भी जताई. एक महिला यूजर ने लिखा, कि डिलीवरी के सिर्फ 2 महीने बाद इतनी लंबी यात्रा करना काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें: 18 बार कैसे लॉटरी जीता शख्स? बताया ऐसा सीक्रेट, सुनकर इमोशनल हो गए लोग

बालकनी में बैठे कबूतर भगा रहा AI, ऐसा जुगाड़ देखकर इंटरनेट भी रह गया दंग, वायरल हुआ अनोखा सिस्टम

थाईलैंड में मिला एशिया का सबसे विशाल डायनासोर, 9 हाथियों जितना था वजन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com