Krishna Janmashtami Bihar: बिहार के कटिहार जिले में शु्क्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया. इस जश्न की कई तस्वीरें सोशल मीडिया के जरिए सामने आईं, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान ट्रैफिक डीएसपी सद्दाम हुसैन के बेटे मोहम्मद अली की तस्वीर ने खींचा, जिसमें वो नन्हे कान्हा की ड्रेस पहने नजर आए. पीले रंग का कुर्ता, धोती, माथे पर मोर पंख वाला मुकुट, हाथ में बांसुरी और कमर पर लाल रंग का दुपट्टा बांधे अली का यह लुक लोगों को खूब पसंद आया और उन्होंने इंटरनेट पर उनके माता-पिता की जमकर तारीफ की.
लोगों ने खिंचवाई फोटो
लेकिन ऐसा उन्होंने सिर्फ तस्वीर खिंचवाने के लिए नहीं किया. मोहम्मद अली को भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजाने के बाद डीएसपी अपनी पत्नी के साथ सड़कों पर निकले और जन्माष्टमी के जश्न में शामिल हुए. यह नजारा देख आम जनता से लेकर पुलिसकर्मी तक उनके साथ फोटो खिंचवाने लगे और इसे सामाजिक सौहार्द का संदेश बताते हुए सोशल मीडिया पर शेयर करने लगे. देखते ही देखते, उनकी तस्वीरें लाखों लोगों तक पहुंच गईं और इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगी. आज पूरे कटिहार में इन्हीं तस्वीरों की चर्चा हो रही है.
'समाज में गया अच्छा संदेश'
लोगों का मानना है कि पर्व-त्योहार किसी बंधन में नहीं बंधे होते, बल्कि ये आपसी मोहब्बत और खुशियां साझा करने का जरिया हैं. जब महकमे का कोई जिम्मेदार अधिकारी मजहब की दीवारों को लांघकर इस अंदाज में उत्सव मनाता है, तो समाज में भाईचारे का एक बेहतरीन संदेश जाता है. हालांकि ये पहली बार नहीं था जब डीएसपी सद्दाम हुसैन ने ऐसा काम किया हो. वे पहले भी हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश देने वाले कई कार्य करके सुर्खियों में रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- 3,500 साल बाद कब्र से निकला सोने का खजाना... सोया हुआ राजा 'जागा', फिर 'श्राप' से शुरू हुआ मौत का सिलसिला
यह VIDEO भी देखें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं