विज्ञापन

समस्तीपुर में छात्रा से छेड़छाड़ मामले पर तेजस्वी का हमला, बोले- बिहार में पूरी तरह 'राक्षसराज' कायम

मामले पर तेजस्वी यादव ने कहा, "ऐसा कोई दिन नहीं है जब महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ घटनाएं न घट रही हों. घर में गोली मारी जा रही है. बच्चियों के साथ रोज दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं. 

समस्तीपुर में छात्रा से छेड़छाड़ मामले पर तेजस्वी का हमला, बोले- बिहार में पूरी तरह 'राक्षसराज' कायम
बिहार में लड़कियों के साथ लगातार हो रही घटनाओं पर तेजस्वी यादव ने मुद्दा उठाया है.
  • बिहार में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं
  • समस्तीपुर में छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है
  • तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान को आपत्तिजनक और कानून व्यवस्था के प्रति असंवेदनशील बताया है

बिहार में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. कुछ दिन पहले जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ था जिसने पूरे देश का ध्यान खींचा था. वह मामला अभी चर्चा में ही था कि अब समस्तीपुर से भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है. वीडियो में कुछ युवक एक छात्रा को परेशान करते दिखाई दे रहे हैं और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया जा रहा है. घटना के सामने आने के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा

समस्तीपुर की घटना पर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "जमुई के बाद समस्तीपुर का वीडियो वायरल हो रहा है, यह बेहद दुखद है. इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है. बिहार में पहली बार भाजपा का कोई मुख्यमंत्री बना है और कानून-व्यवस्था का 'जनाजा' उठ गया है. कानून-व्यवस्था बस नाम की रह गई है. बिहार में प्रतिदिन अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं. आपराधिक छवि वाला व्यक्ति जब मुख्यमंत्री बनता है तो इसी तरह की स्थिति उत्पन्न होती है."

मुख्यमंत्री के बयान पर उठाए सवाल

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक बयान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हमने बयान देखा कि उन्होंने रील के बारे में बोला है. रील बनाओगे तो मारे जाओगे, यानी रील नहीं बनता तो बच जाता. वे क्या कहना चाहते हैं कि 'रील मत बनाओ, कांड करो'. मुख्यमंत्री खुद अपराधी हैं और नया-नया आइडिया दे रहे हैं. बिहार में इतने गंभीर मामले सामने आ रहे हैं और मुख्यमंत्री मजाक कर रहे हैं. बिहार लगातार शर्मसार हो रहा है. मुख्यमंत्री जाति देखकर कार्रवाई करेंगे या मामले को दबवाएंगे. शुरू से ही हम लोगों ने कहा है कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती. ये लोग अपराधियों को बचाने का काम कर रहे हैं."

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

तेजस्वी यादव ने कहा, "ऐसा कोई दिन नहीं है जब महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ घटनाएं न घट रही हों. घर में गोली मारी जा रही है. बच्चियों के साथ प्रतिदिन दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं. चौथी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची से दुष्कर्म करके मार दिया गया. सम्राट चौधरी अगर अपनी जुबान के पक्के हैं तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए. बिहार में पूरी तरह से 'राक्षसराज' कायम हो चुका है. मुख्यमंत्री से क्या उम्मीद की जा सकती हैं."

यह भी पढ़ें- जमुई जैसा कांड अब समस्तीपुर में भी, लड़की से सरेराह छेड़खानी; हाथ मरोड़ा, गालियां दी, VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Samastipur News, Tejashwi Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com