Viral Video: विदेश जाकर पढ़ना और वहां बसना जितना अच्छा लगता है, जेब के लिए यह उतना ही भारी सौदा है. खासतौर पर जब आप यूरोप के महंगे शहरों में से एक, आयरलैंड की राजधानी डबलिन में रह रहे हों. साल 2025 में मास्टर डिग्री करने डबलिन पहुंचे भारतीय कपल सायली और वैभव ने अपने हर महीने के खर्च का जो कच्चा-चिट्ठा खोला है, उसे सुनकर किसी भी मिडिल क्लास भारतीय का सिर घूम सकता है. यह कपल हर महीने करीब 3 हजार यूरो यानी लगभग 3.25 लाख रुपये खर्च कर देता है.
किराया ही है सबसे बड़ा सिरदर्द
इस कपल के खर्चों में सबसे बड़ी सेंध लगाता है कमरे का किराया. सायली और वैभव एक 2-BHK फ्लैट में शेयरिंग पर रहते हैं. इस फ्लैट का कुल किराया 2,800 यूरो (करीब 3 लाख रुपये) है, जिसमें से अपने हिस्से के तौर पर यह कपल हर महीने 1,400 यूरो यानी सीधे-सीधे 1.5 लाख रुपये चुकाता है.
बिजली-पानी और ट्रैवल का खर्च
बात सिर्फ किराए पर खत्म नहीं होती. डबलिन जैसे शहर में रहने का मतलब है भारी-भरकम बिल. बिजली, वाई-फाई और पानी गर्म करने के सिस्टम (गीजर) का बिल ही हर महीने 250 यूरो (लगभग 27,000 रुपये) आ जाता है. सफर की बात करें, तो स्टूडेंट 'लीप कार्ड' की छूट के बावजूद दोनों का आने-जाने का खर्च 100 यूरो (करीब 11,000 रुपये) बैठता है.
घर का खाना और बाहर मौज-मस्ती
पैसे बचाने के लिए यह कपल घर पर ही खाना पकाता है, फिर भी राशन-सब्जी और घर के जरूरी सामान में हर महीने करीब 300 यूरो (लगभग 33,000 रुपये) खर्च हो जाते हैं. मजेदार बात यह है कि कुछ खास भारतीय मसाले और सामान तो इनके घर (भारत) से आते हैं. वहीं, पढ़ाई के तनाव के बीच थोड़ा घूमना-फिरना और बाहर खाना भी जरूरी है. रेस्टोरेंट जाना, डेट नाइट्स, दोस्तों से मिलना और ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने में इनके 400 यूरो (करीब 43,000 रुपये) उड़ जाते हैं.
यह भी पढ़ें | 17 साल बाद भारत आई विदेशी ट्रैवलर सफर के दौरान रह गई दंग, बोली- ये वो देश नहीं है, जिसे मैं जानती थी
मनोरंजन और शॉपिंग का बिल
मनोरंजन के बिना जिंदगी अधूरी है. नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम और स्पॉटिफाई जैसे सब्सक्रिप्शन के लिए इन्हें हर महीने 100 यूरो (करीब 11,000 रुपये) देने पड़ते हैं. इसके अलावा मेकअप, स्किनकेयर और पर्सनल केयर की शॉपिंग पर हर महीने 500 यूरो (लगभग 54,000 रुपये) का खर्च अलग से है.
यह भी पढ़ें | 3 साल में चाहिए 1 करोड़ रुपए? फिनफ्लुएंसर अंकुर वारिकू ने बताया- समझदार लोग भी करते हैं ये बड़ी गलती
एक-एक पाई का हिसाब
सायली और वैभव बताते हैं कि वे आयरलैंड आने के पहले दिन से ही अपनी कमाई और खर्च के एक-एक पैसे का हिसाब रखते हैं. इस बजट में उनका घूमना-फिरना (ट्रैवल) शामिल नहीं है, क्योंकि वे हर महीने ट्रिप पर जाते हैं और उसका खर्च अलग होता है. कुल मिलाकर, डबलिन में पढ़ाई करना किसी के लिए भी एक बेहतरीन अनुभव हो सकता है, लेकिन इसके लिए आपको अपनी जेब अच्छी-खासी ढीली करनी पड़ेगी.
यह भी पढ़ें | नीदरलैंड के यूट्यूबर ने भारत की फर्स्ट एसी ट्रेन में किया सफर, खाना खाकर कहा- 'ये अनुभव हमेशा याद रहेगा'
यह भी पढ़ें | ट्रेन की सेकंड एसी में रात 1 बजे शोर मचा रहा था परिवार, लड़की ने टोका तो मिला हैरान करने वाला जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं