Viral Video: 17 साल का वक्त किसी देश को कितना बदल सकता है? इसका अंदाजा आप भारत लौटी एक विदेशी सैलानी के इस अनुभव से लगा सकते हैं. इस महिला ने जब करीब पौने दो दशक बाद भारत की सड़कों पर सफर किया, तो वह दंग रह गई. मक्खन जैसी चिकनी सड़कें, साफ-सुथरे टॉयलेट्स और रास्ते में जगह-जगह कॉफी शॉप्स देखकर उसे यकीन ही नहीं हुआ कि यह वही भारत है, जहां उसने कभी सफर किया था. इंस्टाग्राम हैंडल @stayingboundless पर शेयर किए गए एक वीडियो में इस महिला ने जयपुर से दिल्ली के बीच 'दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे' के अपने सफर की कुछ झलकियां दिखाई हैं. यह अनुभव उसके पुराने सफर से बिल्कुल अलग था.
"पहले सफर के नाम से ही डर लगता था"
महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा, "17 साल पहले भारत में सड़क से सफर करने के ख्याल मात्र से ही मेरा दम सूख जाता था." उसे याद है कि कैसे गड्ढों से भरी सड़कों पर गाड़ियां हिचकोले खाती थीं, पीठ का कबाड़ा हो जाता था और पूरे रास्ते कहीं भी ढंग का वॉशरूम नहीं मिलता था. हालात ऐसे थे कि सफर पर निकलने से पहले लोग पानी पीना छोड़ देते थे ताकि रास्ते में टॉयलेट न जाना पड़े. लेकिन इस बार पासा पूरी तरह पलट चुका था. एक्सप्रेसवे की चमचमाती सड़क, साफ वॉशरूम्स, फूड कोर्ट्स और ब्रांडेड कॉफी शॉप्स देखकर वह हैरान रह गई. महिला के मुताबिक, यह भारत में आया सबसे शानदार और बड़ा बदलाव है.
12 घंटे में दिल्ली से मुंबई, रोड पर वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
जिस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (NE 4) की बात हो रही है, वह देश का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है. 1,350 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे जब पूरी तरह तैयार हो जाएगा, तो दिल्ली से मुंबई का सफर 24 घंटे से घटकर महज 12 घंटे रह जाएगा. लंबे सफर में सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि सुविधाएं मायने रखती हैं. इस एक्सप्रेसवे पर ऐसी ही 93 जगहें (Wayside Amenities) चुनी गई हैं, जहां होटल, फूड कोर्ट, एटीएम, पेट्रोल पंप और ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं मिलेंगी. हालांकि, अभी कुछ ही हिस्से चालू हैं, इसलिए निकलने से पहले रूट जरूर चेक कर लें.
यह भी पढ़ें | जर्मनी की यूट्यूबर ने राजस्थान के सूनसान गांव में बिताई रात, बोली- ये बात कभी नहीं भूलूंगी
इंटरनेट यूजर्स के बीच छिड़ी बहस
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर के भी मजेदार रिएक्शन आ रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "लोग समझ नहीं रहे हैं कि देश कितना बदल चुका है. अभी बहुत कुछ करना बाकी है, लेकिन कोशिशें तो दिख रही हैं." वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "बिल्कुल सच, पिछले महीने ही मैं इस रूट पर था और मैंने रास्ते में स्टारबक्स की कॉफी पी."
हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि चमचमाते हाईवे के साथ-साथ अब ग्रामीण इलाकों की सड़कों और बुनियादी समस्याओं जैसे कचरा प्रबंधन और ड्रेनेज सिस्टम पर भी ध्यान देने की सख्त जरूरत है. बदलाव साफ दिख रहा है, लेकिन सफर अभी लंबा है.
यह भी पढ़ें | नीदरलैंड के यूट्यूबर ने भारत की फर्स्ट एसी ट्रेन में किया सफर, खाना खाकर कहा- 'ये अनुभव हमेशा याद रहेगा'
यह भी पढ़ें | ट्रेन की सेकंड एसी में रात 1 बजे शोर मचा रहा था परिवार, लड़की ने टोका तो मिला हैरान करने वाला जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं