Viral Video: दुबई में पहली सैलरी मिलते ही इंजीनियर बेटे ने सबसे पहले भारत में अपने पिता को पैसे भेजे. सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पैसे ट्रांसफर करने के बाद पिता को वीडियो कॉल किया और कहा कि अब्बू मैंने आपको 50 हजार रुपये भेज दिए हैं. मेरी पहली सैलरी आ गई है. कॉल पर बातचीत के दौरान बेटे ने पिता से कहा कि पहली सैलरी का पैसा है, गरीब लोगों को खिला देना. इस पिता ने जवाब दिया कि हमें जैसा ठीक लगेगा. हम कर देंगे. पहली सैलरी मिलने के बाद बेटे की पिता से बातचीत का यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है.
5 साल हो गए नौकरी करते
सॉफ्टवेयर इंजीनियर कैश अंसारी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में बताया कि दुबई में वह नए फ्लैट में शिफ्ट हो चुका है. साथ ही दुबई आए हुए भी 1 महीने हो गए और उसकी पहली सैलरी आ गई. दुबई में अपनी पहली सैलरी मिलने पर भारतीय इंजीनियर काफी खुश हुआ. उसने कहा कि माशाल्लाह किसी की नजर ना लगे. उसने बताया कि उसे जॉब करते हुए 5 साल हो गए. इस दौरान उसकी अच्छी खासी सैलरी थी, लेकिन आज तक उसके अब्बू ने ये नहीं पूछा कि बेटा तुम, कितना कमाते हो, न ही उन्होंने खुद से कभी पैसे मांगे.
यूपी के गोरखपुर में रहता इंजीनियर का परिवार
इंजीनियर कैश अंसारी का परिवार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रहता है. वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @theengineerguy_ पर अक्सर पोस्ट करते रहते हैं. नौकरी के साथ-साथ कैश कंटेंट क्रिएशन भी कर रहे हैं. उनका The Engineer Guy के नाम से यूट्यूब चैनल भी है, जिस पर 60 हजार से अधिक फॉलोवर्स हैं. इंस्टाग्राम पर कैश ने 1 दिन पहले एक वीडियो पोस्ट जिसमें उन्होंने दुबई की पहली सैलरी आने के बारे में बताया.
इसी वीडियो में उन्होंने अपने करियर के बारे में बात की और कहा कि मुझे जॉब करते हुए पांच साल हो गए. 2021 में मैं ग्रेजुएट हुआ, उसके बाद एयरटेल में ढाई साल नौकरी की. फिर ढाई साल यूके में रहे. अब दुबई में नौकरी कर रहे हैं. दुबई में पहली सैलरी आने पर पिता को पैसे भेजने के बाद कैश अंसारी ने वीडियो में कहा कि कभी-कभी मैं अब्बू को बोलता भी हूं कि आप डायरेक्ट क्यों नहीं पैसे मांग लेते हो या फिर कुछ ऐसी बात ही क्यों नहीं करते हो?
पहली सैलरी से बेटे ने पिता को भेजे 50000 रुपये
इस पर उनके अब्बू बोलते हैं कि बेटा तुम्हारे पैसे पे तुम्हारा हक है, मेरा हक सिर्फ तुम पर है. ये तुम्हारी मेहनत है, तुम मेहनत करते हो तुम पैसा कमाते हो. मैं तुमसे पैसे के बारे में तुमसे नहीं बात कर सकता, ना ही तुमसे पैसे ऐसे हक से मांग सकता. इसके बाद वह भारत में बैठे अपने पिता को कॉल करके अपनी सैलरी मिलने के बारे में बताते हैं. कैश अंसारी ने कहा कि उनके खर्चे के लिए 50,000 भेज रहा हूं और मैं बोलूंगा कि अब्बू मैंने आपको खर्चे के लिए 50,000 भेजा है. यार ये बहुत अच्छा लगता है, जब आप अपनी कमाई से अपने फैमिली के नीड्स को पूरा करते हो, उनकी हेल्प करते हो, उनको पैसे भेजते हो.
यह भी पढ़ें | पासपोर्ट को पत्नी ने बना दिया फोन डायरी, रिन्यु कराने पहुंचे शख्स को लगा झटका, 7 साल पुराना वीडियो फिर वायरल
जुलाई महीने में चली गई थी यूके की नौकरी
इसके बाद वीडियो कॉल पर बातचीत में बेटे और पिता एक दूसरे का हालचाल जानते हैं. अंत में इंजीनियर कैश कहते हैं कि यह पहली सैलरी का पैसा है तो गरीब लोगों को खिला देना. इस पर पिता ने जवाब दिया कि हमें जैसा सही लगेगा, जिसे देखेंगे उसे दे देंगे. यूके की नौकरी जाने के बारे में भारतीय इंजीनियर ने कहा कि इसी जुलाई में मेरा लेऑफ हुआ था. फिर अगस्त-सितंबर में इंडिया आ गया. उसके बाद अक्टूबर में उनकी दुबई में जॉब लगी.
भारतीय इंजीनियर ने कहा कि मतलब मैंने दिन रात एक कर दिया था, मतलब डू ऑर डाई समझते हो? करो या मरो. ऐसा अगर करोगे तो जॉब मिलेगी. जितने भी लोग ऐसे परेशान हैं, जॉब नहीं मिल रही है या फिर एआई से परेशान हैं, भाई कुछ नहीं होता है. तुम्हारी मेहनत अगर रहेगी और घर वालों की दुआएं रहेगी ना बस इतना ही तुम्हें चाहिए और जिंदगी में कुछ नहीं चाहिए. कुछ भी हासिल कर सकते हो.
यह भी पढे़ं-
माइक्रोसॉफ्ट एम्प्लॉई ने दिखाया 'A Day In Office' का अपडेटेड वर्जन, 20 लाख लोगों ने देखा वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं