VIRAL VIDEO: कल्पना कीजिए कि आप अपना पासपोर्ट रिन्यू कराने दफ्तर पहुंचे. आपका नंबर आया, आपने पासपोर्ट अफसर को थमाया और उसने जैसे ही पन्ने खोले, उसके होश उड़ गए. इंटरनेट पर केरल का ऐसा ही दिलचस्प किस्सा सुर्खियां बटोर रहा है, जिसे देखकर आप भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स मलयालम भाषा में अपने पिता का पुराना भारतीय पासपोर्ट दिखा रहा है. अमूमन लोग पासपोर्ट को अलमारी के सबसे सुरक्षित कोने में संभाल कर रखते हैं, लेकिन इस घर में कहानी बिल्कुल उलटी थी. यहां माताजी ने इस सरकारी दस्तावेज को घर की रफ डायरी और राशन के हिसाब-किताब की कॉपी समझ लिया. बता दें कि ये वीडियो 7 साल पुराना है और फिर वायरल हो रहा है.
पासपोर्ट सेवा केंद्र हैरान रह जाए, ऐसा है हिसाब
वीडियो में शख्स सिर पकड़कर हंसते हुए कह रहा है, "हे भगवान. ऐसा किसी के साथ न हो. यह पिताजी का पासपोर्ट है और यह हमारी माताजी का कारनामा. पासपोर्ट के पन्नों पर जो लिखा है, उसे देखकर अच्छे-अच्छे अधिकारी भी चकरा जाएं. मां ने खाली पन्नों पर रिश्तेदारों और कामगारों के फोन नंबर लिख डाले हैं. अखबार वाले 'राजू पतरम' से लेकर 'अम्बिली दीदी' तक, सबका नाम-पता इसी पासपोर्ट में दर्ज है. हद तो तब हो गई जब पिछले पन्नों पर घरेलू खर्चों का पाई-पाई का हिसाब लिखा मिला. जैसे: 'बिंदु को दिए ₹2,000, शादी के शगुन के ₹1,000, दवाई के ₹500 और तेल के ₹500. यहां तक कि सरकारी राशन की दुकान (मावेली स्टोर), पेट्रोल का खर्च और कमेटी (चिट फंड) के पैसों का ब्यौरा भी इसी पासपोर्ट पर दर्ज है.
The Passport Officer in Kerala was shocked after seeing a person's passport which came for renewal🤣🤣 https://t.co/M6l18qpcy3
— 🇮🇳 DK Sardana 🇮🇳 (@dksardana) November 3, 2026
इंटरनेट पर आई कमेंट्स की बाढ़
इस वीडियो पर लोग दिल खोलकर मजे ले रहे हैं. किसी ने लिखा कि "लगता है अम्मा ने इसे सचमुच रफ नोटबुक समझ लिया," तो किसी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, "उन्होंने इसका बेहतरीन इस्तेमाल किया है, बिल्कुल पुराने जमाने की पॉकेट डायरी की तरह." एक यूजर ने तो मजाकिया लहजे में इसे 'अर्थ सेविंग' यानी कागज बचाकर धरती बचाने का अनोखा तरीका बता दिया. हालांकि, कुछ समझदार लोगों ने साफ किया कि इस वीडियो का किसी सरकारी दफ्तर या पासपोर्ट अधिकारी से सीधा लेना-देना नहीं है. यह तो एक परिवार का आपसी मजाक है, जिसमें वे पुरानी हो चुकी समय-सीमा पार (Expired) पासपोर्ट पर मां की इस मासूमियत और देसी जुगाड़ को देखकर हंस रहे हैं.
यह भी पढ़ें | दादा की मौत के बाद पोते ने खोला 20 साल से बंद घी का डिब्बा, देखकर लोग बोले- ये नामुमकिन है
यह भी पढ़ें | फ्लाइट छोड़ यूट्यूबर ने राजधानी की फर्स्ट एसी में खाते-पीते किया सफर, बोला- यहां बेशुमार इज्जत मिली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं