Viral Post: भारतीय समाज में आमतौर पर महिलाओं की दिनभर की घरेलू मेहनत को 'पत्नी का फर्ज' मान लिया जाता है. लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) के r/TwentiesIndia फोरम पर सामने आई एक कहानी ने इस पुरानी सोच पर नई बहस छेड़ दी है.
क्या है पूरा मामला?
23 साल के एक यूजर (bait_rage) ने पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उनके बड़े भाई एक सरकारी अधिकारी हैं और उनकी पत्नी हाउसवाइफ हैं. खाना बनाने और सफाई से लेकर घर के तमाम इंतजाम वही संभालती हैं. यूजर को हाल ही में पता चला कि उनके भाई अपनी पत्नी को हर महीने एक फिक्स्ड सैलरी देते हैं, ताकि उनकी मेहनत को सही सम्मान मिल सके.
'मेहनत की कीमत 0 क्यों हो?'
पति का मानना है कि अगर वे घर के इन कामों के लिए किसी बाहरी मेड, कुक या मैनेजर को रखते, तो उन्हें बाजार की दरों के हिसाब से पैसे चुकाने पड़ते. ऐसे में जब वही काम पत्नी करती है, तो उसकी मेहनत का मूल्य अचानक 0 नहीं हो जाना चाहिए.
बॉस नहीं, बराबरी का पार्टनर
हालांकि यह व्यवस्था किसी नौकरी जैसी नहीं है, बल्कि बराबरी के रिश्ते पर टिकी है. घर का राशन, बिजली-पानी के बिल और अन्य सभी जरूरी खर्च पति अपनी कमाई से अलग से उठाते हैं. पत्नी को मिलने वाली रकम पूरी तरह से उनकी अपनी होती है, जिसे वे अपनी मर्जी से खर्च करने, सेव करने या मायके भेजने के लिए पूरी तरह आजाद हैं. उन्हें इसके लिए किसी को जवाब नहीं देना पड़ता.
पारंपरिक ढर्रे से अलग सोच
आम भारतीय परिवारों में या तो जॉइंट अकाउंट का चलन है या फिर जरूरत पड़ने पर पत्नी को पति से पैसे मांगने पड़ते हैं. यही वजह है कि इस तरह से पैसों का हिसाब-किताब संभालने का तरीका काफी अलग और अनूठा माना जा रहा है.
यहां पढ़ें पूरी पोस्ट:-
My brother pays his housewife wife a monthly "salary" for household work. What do you think about this?सोशल मीडिया पर दो हिस्सों में बंटे लोग
by u/bait_rage in TwentiesIndia
इस पोस्ट के सामने आते ही इंटरनेट पर चर्चा गर्म हो गई है. कई यूज़र्स, खासकर महिलाओं ने इसे हाउसवाइफ को आर्थिक आजादी देने और उनके काम को वाजिब दर्जा देने की बेहतरीन पहल बताया है. जबकि कुछ लोगों का कहना है कि हर काम के बदले पैसे देने से शादी जैसा भावनात्मक रिश्ता लेन-देन और पेशेवर समझौते जैसा लगने लगता है.
वहीं, एक महिला ने कहा, 'मेरे पापा अपनी पूरी सैलरी मम्मी के अकाउंट में डाल देते हैं और घर की सारी चीजें मम्मी ही मैनेज करती हैं. सैलरी के मामले में दोनों की ही राय चलती है. पापा घर के काम में भी मदद करते हैं. ज्यादातर घरों में ऐसा ही होता है.'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'ये अच्छी बात है. मुझे लगता है कि आप दोनों किस्मत वाले हैं कि आप एक-दूसरे की जिंदगी में हैं. आजकल ऐसी खबरें सुनने को मिलती हैं कि औरतें अपने पतियों को नीले ड्रम और सिलेंडर में डाल देती हैं, और एलिमनी के मामले भी चल रहे हैं. ऐसे में शादी की कहानी आजकल डरावनी लगती है. लगता है भगवान ने आप जैसी जोड़ियां बनाना बंद कर दिया है.'
ये भी पढ़ें:- राजस्थान में पूर्व IPS की पिटाई, मिठाई खिलाकर थप्पड़ मारने वाला युवक बोला- 'मेरे पास टिकट चोरी का सबूत'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं