विज्ञापन

राजस्थान में पूर्व IPS की पिटाई, मिठाई खिलाकर थप्पड़ मारने वाला युवक बोला- 'मेरे पास टिकट चोरी का सबूत'

बीकानेर में पूर्व IPS और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल को सरेआम पीटा गया, जिसके बाद कांग्रेस ने दो नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया. अब आरोपी वीडियो जारी कर लोगों से समर्थन मांग रहा है.

राजस्थान में पूर्व IPS की पिटाई, मिठाई खिलाकर थप्पड़ मारने वाला युवक बोला- 'मेरे पास टिकट चोरी का सबूत'
बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष को थप्पड़ मारने वाले शख्स ने नया वीडियो जारी कर जल्द बड़ा खुलासा करने की बात कही है.
NDTV Reporter

Viral Video: राजस्थान के बीकानेर में पार्षद वाले चुनावों को लेकर गजब का बवाल हो गया है. यहां वार्ड 50 में शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पूर्व IPS मदन गोपाल मेघवाल के साथ सरेआम हाथापाई की गई. इस मामले में कांग्रेस ने तुरंत एक्शन लिया और थप्पड़ मारने वाले मोहित अरोड़ा और उसके पिता दीपक अरोड़ा को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है. वहीं, पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है.

मिठाई खिलाई, 'अंकल' कहकर बुलाया और टूट पड़े

यह घटना 2 सितंबर की है. मदन गोपाल मेघवाल कांग्रेस प्रत्याशी नवरत्न डांगा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे. आरोप है कि इसी दौरान टिकट न मिलने से नाराज मोहित अरोड़ा और उसके साथियों ने पहले मेघवाल का सम्मान करते हुए उनका मुंह मीठा कराया. इसके बाद उन्हें 'अंकल' कहकर सीढ़ियों की तरफ बुलाया और अचानक 'टिकट चोर-टिकट चोर' के नारे लगाते हुए उन पर टूट पड़े. हाथापाई के दौरान मेघवाल के कपड़े तक फाड़ दिए गए.

आरोपी की सफाई- 'टिकट कटी नहीं, बल्कि चोरी हुई है'

मारपीट के अगले दिन आरोपी मोहित अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी कार्रवाई को सही ठहराया. मोहित ने दावा किया, 'मेरा सिंबल ऊपर से आ चुका था, लेकिन इन्होंने (मेघवाल) अपने बच्चों की कसम खाकर कहा कि उनके पास दूसरा सिंबल था और वो भर दिया गया. टिकट कटती तो मैं मान लेता, लेकिन मेरी टिकट चोरी हुई है.' मोहित ने कांग्रेस नेताओं को चुनौती दी है कि उसके पास इस धोखाधड़ी की कई फोन रिकॉर्डिंग्स हैं, जिन्हें वह जल्द वायरल करेगा.

कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष की भूमिका संदिग्ध

घटना से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला के नेतृत्व में पुलिस थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया. पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने तत्काल प्रभाव से दीपक और मोहित अरोड़ा को 6 साल के लिए सस्पेंड कर दिया. इस पूरी साजिश में महिला कांग्रेस की बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष शशिकला राठौड़ की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है. प्रदेश नेतृत्व ने उनकी संलिप्तता की जांच के लिए दो दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है.

कौन हैं मदन गोपाल मेघवाल?

मदन गोपाल मेघवाल 1994 में राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) में चयनित हुए और 2015 में प्रमोट होकर IPS बने. सीआईडी (CID) में एसपी पद पर रहते हुए उन्होंने 2018 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली थी. राजनीति में एंट्री करने के बाद कांग्रेस ने उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के खिलाफ बीकानेर से टिकट दिया था, लेकिन वे चुनाव हार गए. वर्तमान में वे बीकानेर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

ये भी पढ़ें:- भारत के 5 शहर घूमकर सिर्फ गोवा की तारीफ करने वाली यूरोपियन ट्रैवलर पर भड़के लोग, बोले- 'एक बार पाकिस्तान जाओ'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madan Gopal Meghwal, Mohit Arora, Bikaner, Viral Video, Rajasthan Nikay Chunav 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com