Trending Story: 'मुझे तुम पर गर्व है', मां-बाप के मुंह से इन शब्दों को सुनने के लिए बच्चे तरस जाते हैं. दिन-रात एक करने के बाद जब किसी बच्चे को अपने माता-पिता से यह सरहाना मिलती है, तो उसकी बरसों की मेहनत सफल हो जाती है. ठीक ऐसा ही एक पल टेक कंपनी गूगल (Google) के दफ्तर में देखने को मिला, जहां एक पिता ने अपनी बेटी की कामयाबी पर कुछ ऐसा लिखा कि पढ़ने वालों की आंखें नम हो गईं.
'सबसे पसंदीदा साथी अब ऑफिस आ गई'
संजय साबू गूगल कंपनी में 'कस्टमर सक्सेस लीडर' के पद पर काम करते हैं. उनके जीवन का सबसे बड़ा और खुशनुमा दिन तब आया, जब उनकी बेटी संजना सदारंगानी को भी उसी गूगल कंपनी में नौकरी मिल गई. अपनी आंखों के सामने बेटी को कामयाबी के इस मुकाम पर पहुंचते देख पिता अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर बेटी के प्रोफेशनल अपडेट पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, 'मेरी सबसे पसंदीदा साथी अब ऑफिस आ गई है. रोज-रोज ऐसा नहीं होता कि आप अपनी ही बेटी का अपनी कंपनी में स्वागत करें. मुझे यह बताते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि मेरी बेटी, संजना सदरंगानी, अब आधिकारिक तौर पर गूगल की कर्मचारी (गूगलर) बन गई है. सपनों को सच होते देखना, एक माता-पिता के लिए दुनिया का सबसे बड़ा इनाम है. गूगल परिवार में तुम्हारा स्वागत है. हम इस नए सफर में आपकी कामयाबी देखने के लिए बहुत उत्साहित हैं.'
'अब पापा को ऑफिस में भी मैसेज कर पाऊंगी'
पिता के नक्शेकदम पर चलकर गूगल पहुंचने वाली संजना भी इस पल से बेहद खुश और भावुक हैं. संजना कोई साधारण फ्रेशर नहीं हैं, बल्कि वो पहले Mars Snacking जैसी बड़ी कंपनी में M&M'S और EXTRA Gum जैसे अरबों डॉलर के ग्लोबल ब्रांड्स के लिए काम कर चुकी हैं. अब गूगल में वो कंपनियों के डिजिटल बिजनेस को बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेंगी.
नई नौकरी की जिम्मेदारी और खुशी को साझा करते हुए संजना ने लिखा- 'मैं अपने परिवार, पति और दोस्तों के सपोर्ट के बिना यहां तक नहीं पहुंच सकती थी. सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मैं अपने पापा के रास्ते पर आगे बढ़ी हूं, जिन्हें अब मैं काम के दौरान ऑफिस में कभी भी मैसेज कर सकती हूं.'
गूगल को पंसद आई पोस्ट, लोग दे रहे बधाईयां
यह कहानी सिर्फ एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी मिलने की नहीं है, बल्कि उस गर्व की है जो हर मां-बाप अपने बच्चों की सफलता में देखना चाहते हैं. सोशल मीडिया पर लोग इस बाप-बेटी की जोड़ी पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं. अब यह प्यारी जोड़ी सिर्फ घर पर ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी के दफ्तर में भी एक साथ काम करती हुई नजर आएगी. यहां तक की गूगल के आधिकारिक लिंक्डइन अकाउंट से भी इस पोस्ट को लाइक किया गया है. लोग भी जमकर बधाईयां दे रहे हैं और इस कहानी को पसंद कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- 7652 करोड़ की लॉटरी में असली बाजी मार गए ये 2 'हारे' हुए खिलाड़ी, टिकट में छपे 'मल्टीप्लायर' ने पलटी किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं