- राजस्थान के छोटे से गांव चक त्रिलोकपुरा की अनुष्का चौधरी UPSC NDA परीक्षा में 22वीं रैंक हासिल की है
- अनुष्का चौधरी अपने गांव की पहली बेटी हैं जो भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने जा रही हैं
- NDA की तैयारी हिमाचल प्रदेश की संस्था और सीकर की प्रिंस NDA अकादमी से की और पहले प्रयास में सफल हुईं
Success Story NDA: राजस्थान के सीकर जिले मेंदांतारामगढ़ उपखंड में रानोली के पास के छोटे से गांव चक त्रिलोकपुरा में किसान की बेटी अनुष्का चौधरी ने कामयाबी की ऊंची उड़ान भरी है. अनुष्का चौधरी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने जा रही हैं. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित NDA एवं NA परीक्षा (I) 2026 में अनुष्का चौधरी ने अखिल भारतीय स्तर पर 22वां स्थान हासिल किया है. अनुष्का ने यह सफलता पहले ही प्रयास में प्राप्त की है. उनके पिता ने खेती करके बेटी को पढ़ाया-लिखाया और उसके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अनुष्का चौधरी अपने गांव से लेफ्टिनेंट बनने वाली पहली बेटी होगी.

NDTV से खास बातचीत में अनुष्का चौधरी ने बताया कि वे लेफ्टिनेंट बनने वाली अपने गांव की पहली बेटी हैं. Photo Credit: anushka chaudhary
गांव की पहली बेटी बनेगी लेफ्टिनेंट
NDTV से खास बातचीत में अनुष्का चौधरी ने बताया कि वे लेफ्टिनेंट बनने वाली अपने गांव की पहली बेटी हैं. NDA में 22वीं रैंक पर उनका चयन हुआ है. अब वे जल्द ही राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला (पुणे, महाराष्ट्र) में तीन वर्ष के प्रशिक्षण के लिए जाएंगी. इसके बाद उन्हें एक वर्ष का प्री-कमीशन सैन्य प्रशिक्षण भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून में दिया जाएगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त होगा.

अनुष्का चौधरी ने बताया कि UPSC NDA में यह उनका पहला प्रयास था और पहली बार में ही उन्होंने सफलता प्राप्त कर ली. Photo Credit: anushka chaudhary
पहले प्रयास में मिली सफलता
अनुष्का चौधरी ने बताया कि UPSC NDA में यह उनका पहला प्रयास था और पहली बार में ही उन्होंने सफलता प्राप्त कर ली. उन्होंने अपनी तैयारी हिमाचल प्रदेश की एक संस्था और सीकर की प्रिंस NDA अकादमी से की. अनुष्का ने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी पर पूरा भरोसा रखा और परिवार से उन्हें लगातार सहयोग मिला. उनकी मां गृहिणी हैं, जबकि पिता मुकेश कुमार बुरानिया खेती करते हैं. इसके साथ ही वे सीकर में एक मेडिकल शॉप का भी संचालन करते हैं. तीन भाई बहनों में अनुष्का चौधरी सबसे बड़ी हैं.

सीकर के रानोली स्थित सत्यम स्कूल के प्रिंसिपल नरेंद्र भांभू ने एनडीटीवी को बताया कि अनुष्का चौधरी ने 11वीं और 12वीं की पढ़ाई उनके विद्यालय से की है. Photo Credit: satyam school ranoli
12वीं बोर्ड में भी किया था शानदार प्रदर्शन
सीकर के रानोली स्थित सत्यम स्कूल के प्रिंसिपल नरेंद्र भांभू ने एनडीटीवी को बताया कि अनुष्का चौधरी ने 11वीं और 12वीं की पढ़ाई उनके विद्यालय से की है. वर्ष 2024 में स्कूल से पासआउट होने के बाद उन्होंने NDA की तैयारी शुरू कर दी थी. उन्होंने बताया कि अनुष्का शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं. 12वीं बोर्ड परीक्षा में विज्ञान संकाय से उन्होंने पूरे राजस्थान में 11वां स्थान प्राप्त किया था. अनुष्का ने 98 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. NDA में चयन होने के बाद विद्यालय में उनका स्वागत और सम्मान भी किया गया.

सीकर जिले के दांतारामगढ़ से विधायक वीरेंद्र सिंह ने भी सोशल मीडिया पर अनुष्का चौधरी की सक्सेस स्टोरी शेयर करते हुए उन्हें बधाई दी. Photo Credit: MLAVirendraSingh
दांतारामगढ़ विधायक ने भी दी बधाई
सीकर जिले के दांतारामगढ़ से विधायक वीरेंद्र सिंह ने भी सोशल मीडिया पर अनुष्का चौधरी की सक्सेस स्टोरी शेयर करते हुए उन्हें बधाई दी. उन्होंने लिखा, "सीकर जिले के चक त्रिलोकपुरा गांव (तुलसीरामपुरा रोड) की होनहार बेटी अनुष्का चौधरी पुत्री श्री मुकेश कुमार बुरानिया द्वारा UPSC की ओर से आयोजित NDA-2026 की अंतिम चयन सूची में अखिल भारतीय स्तर पर 22वीं रैंक हासिल करना अत्यंत गौरव एवं गर्व का विषय है." उन्होंने आगे कहा, "अनुष्का चौधरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल सीकर जिले, बल्कि पूरे राजस्थान का मान बढ़ाया है. इस शानदार सफलता पर मैं प्रदेश की होनहार बेटी अनुष्का चौधरी को हार्दिक बधाई देता हूं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं."

यह भी पढ़ें- Success Story: कभी अग्निवीर में 2 बार हुई फेल, अब लेफ्टिनेंट बनेगी रुचि पूनिया, NDA में AIR-9
यह भी पढ़ें- छोटे से गांव की बेटी ने UPSC में रचा इतिहास, NDA में AIR-4 पाकर लेफ्टिनेंट बनेगी पंकज कुमारी
यह भी पढ़ें- गांव का पहला लेफ्टिनेंट बना किसान का बेटा सुमित, SSB में 8 बार हुआ फेल, अब UPSC CDS में AIR-4
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं